up weather changes imd alert mercury will drop relief from heat chances of rain for 5 days UP Weather: यूपी में बदला मौसम, गिरेगा पारा गर्मी से मिलेगी राहत; 5 दिन बारिश के आसार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: यूपी में बदला मौसम, गिरेगा पारा गर्मी से मिलेगी राहत; 5 दिन बारिश के आसार

पूर्वी यूपी में गर्मी के सीजन में मौसम सुहाना हो गया है। ठंडी हवा सूरज की तपिश बेअसर कर रही है। मई के अंतिम पखवाड़े में फरवरी के मौसम का अहसास हो रहा है। पूर्वी यूपी में चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। वहीं उत्तर प्रदेश का दक्षिणी हिस्सा हीट स्पॉट बन गया है।

Tue, 20 May 2025 07:14 AMAjay Singh संवाददाता, गोरखपुर/ कानपुर
share
UP Weather: यूपी में बदला मौसम, गिरेगा पारा गर्मी से मिलेगी राहत; 5 दिन बारिश के आसार

UP Weather Update: यूपी में मौसम का उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कहीं प्रचंड गर्मी पड़ रही है तो कहीं मौसम सुहाना हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहा तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें दर्ज की गईं। आज से 5 दिन (20 मई से 25 मई तक) यूपी के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 मई तक के लिए पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। हालांकि इस दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है।

पूर्वी यूपी में गर्मी के सीजन में मौसम सुहाना हो गया है। गोरखपुर में दिन का तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस से अधिक नीचे लुढ़क गया है। ठंडी हवा सूरज की तपिश बेअसर कर रही है। मई के अंतिम पखवाड़े में फरवरी के मौसम का अहसास हो रहा है। पूर्वी यूपी में चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी हुई है। इसके अलावा अरब सागर से आ रही हवाएं ने हिमालय से टकराकर लौट रही हवाओं से मिलकर सिस्टम बना रहीं हैं। एक ट्रफ लाइन भी पश्चिमी यूपी से पूर्वी यूपी तक गुजर रही है। इससे पूर्वी यूपी में मानसून जैसा मौसम बना हुआ है। सोमवार को हिमालय से सटे तराई इलाकों में बारिश भी हुई। यहीं वजह है कि नेपाल की तरफ से आ रही हवाओं ने मौसम को सुहाना किया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऐसा भी क्या मोह? बंदी के 2 साल बाद भी RBI नहीं पहुंचे 3.13 करोड़ गुलाबी नोट

सोमवार को दिन भर बादलों और सूरज के बीच आंखमिचौली चलती रही। हालांकि बादलों के प्रभाव के आगे सूरज बेबस नजर आया। बीते 24 घंटे में दिन के तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री कम 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

बन रही बारिश की संभावना

बीते 72 घंटे में रात के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं हुआ है। सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार तक मौसम ऐसे ही रहेगा। आसमान में बादलों मौजूद रहेंगे। कहीं-कहीं बौछारें पड़ेंगी। गरज चमक के साथ छीटें पड़ सकते हैं।

हीट स्पॉट बना प्रदेश का दक्षिणी हिस्सा

उत्तर प्रदेश का दक्षिणी हिस्सा हीट स्पॉट बन गया है। पूरे प्रदेश में आंधी-पानी की जितनी गतिविधियां हुईं उसका एक प्रतिशत क्षेत्र के जनपदों में नहीं हुआ। यलो अलर्ट के बावजूद सोमवार को कानपुर में उमस भरी गर्मी रही। कम तापमान के बावजूद हीट इंडेक्स अधिक होने से लोगों को पसीने वाली गर्मी ने हलकान कर दिया।

अप्रैल से लेकर अब तक प्रदेश में मौसम अनिश्चित बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभों और परिसंचरण के कारण प्रदेश के किसी न किसी हिस्से में आंधी, पानी, ओलावृष्टि व वज्रपात आदि की गतिविधियां होती रही हैं। पर दक्षिणी क्षेत्र बांदा, झांसी, कानपुर आदि में इसकी गतिविधियां सीमित रही हैं। विशेषकर कानपुर में प्री मानसून की बारिश अब तक नाममात्र ही हुई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में 30% तक महंगी हो सकती है बिजली, पावर कॉरपोरेशन ने दिया ये प्रस्ताव

हीट स्पॉट के कारण क्षेत्र से रूठे बादल

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषण व अन्य कारणों से प्रदेश के कई दक्षिणी जिले हीट स्पॉट के रूप में बन गए हैं। इस कारण यहां से बादल रूठे हुए हैं। यहां से उठने वाली हीट के कारण बारिश या आंधी आदि की गतिविधियां नाममात्र ही रही हैं। न तो कोई बड़ी आंधी आई और न ही तेज बारिश हुई है। ओलावृष्टि की घटनाएं भी शहर के बाहरी क्षेत्रों में हुईं।

हीट इंडेक्स रेड जोन में चला गया

नमी का प्रतिशत सोमवार को अधिक रहा। अधिकतम 73 और न्यूनतम 43 प्रतिशत नमी रही। इस नमी ने गर्मी को बढ़ा दिया। इस कारण हीट इंडेक्स 62 पहुंच गया। आईएमडी के हीट इंडेक्स चार्ट के अनुसार तापमान 38 और नमी 70 होने पर हीट इंडेक्स 62 हो जाता है जो रेड जोन में आता है। सोमवार को तापमान और नमी दोनों ही अधिक रही। लोगों को गर्मी का अहसास अधिक हुआ। पसीना खूब निकला। लोगों को दिन भर बेचैनी भरी गर्मी का अहसास हुआ।

तापमान गिरा, गर्मी बढ़ी

अधिकतम तापमान 42.2 से गिरकर 39.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। न्यूनतम तापमान 25.4 से बढ़कर 27.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। इस दौरान हल्के बादल छाए रहे। नमी अधिक रही। ऐसे में तापमान की कमी के बावजूद उमस भरी गर्मी परेशान करने वाली रही।

अभी उमस से राहत नहीं

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि प्रदेश में मंगलवार से लेकर 25 मई तक आंधी-पानी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कानपुर और आसपास 22 से 25 तक आंधी की संभावना रहेगी। इस दौरान गर्मी से अधिक राहत नहीं मिलेगी। उमस भरी गर्मी बनी रहेगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।