UP Weather Amidst the severe cold wave in Uttar Pradesh, dense fog grips Purvanchal, while a rain alert has been issued यूपी में कड़ाके की ठंड के बीच नए साल की पहली सुबह, पूर्वांचल में घना कोहरा, पश्चिम में होगी बारिश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में कड़ाके की ठंड के बीच नए साल की पहली सुबह, पूर्वांचल में घना कोहरा, पश्चिम में होगी बारिश

नए साल की पहली सुबह भी कड़ाके की ठंड के साथ हुई है। पूर्वांचल में घना कोहरा छाया हुआ है। वहीं, पश्चिमी यूपी में बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है।

Thu, 1 Jan 2026 06:05 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी में कड़ाके की ठंड के बीच नए साल की पहली सुबह, पूर्वांचल में घना कोहरा, पश्चिम में होगी बारिश

उत्तर प्रदेश में नए साल की सुबह भी कड़ाके की ठंड के साथ हुई है। प्रदेश के कई शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश की संभावना जताई है। सूबे में कानपुर का तापमान फिर सबसे कम दर्ज किया गया। प्रदेश के 22 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। कानपुर शहर में 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

इसी तरह बाराबंकी में 4.8, शाहजहांपुर में 5.9, चुर्क (सोनभद्र) में 6.0, हरदोई और बरेली में 6.5, मेरठ में 6.7, सुलतानपुर में 6.8, फतेहपुर में 7.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। इटावा और हमीरपुर में 7.2, वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर में 7.4 से 7.5° डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, आगरा, अलीगढ़ और बस्ती में भी पारा 10 डिग्री से कम रहा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुझे लोकसभा से बेइज्जत करके निकाला गया, जिंदा रहा तो..., बृजभूषण शरण की हुंकार

दिन में भी नहीं मिली राहत, कांपे लोग

सूरज की लुका-छिपी और कोहरे के कारण कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से 6-7 डिग्री तक नीचे गिर गया है। बुधवार को अलीगढ़ में सबसे कम अधिकतम तापमान 14.0° डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फतेहगढ़ में 15.0, इटावा और फतेहपुर में 15.2, गोरखपुर में 15.4, हरदोई में 15.6, मेरठ, लखीमपुर खीरी, बस्ती में 16.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। कानपुर श्हर में 16.2 और प्रयागराज में 16.4 अधिकतम तापमान रहा।

कोहरे और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थ नगर में अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी दी है। इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, आगरा और झांसी सहित लगभग 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।

कानपुर लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश में सबसे ठंडा

कानपुर में कोहरे से मामूली राहत के बावजूद बुधवार को ठिठुरन में कमी नहीं हुई। हवा की दिशा कुछ समय के लिए दक्षिण पश्चिमी से दक्षिण पूर्वी हो गई। तापमान में मामूली वृद्धि हुई पर कंपकपी बरकरार रही। कानपुर में चकेरी समेत कई इलाकों में दृश्यता शून्य रही।

लखनऊ और आसपास कोहरे से जनजीवन बेहाल, धूप भी बेअसर

लखनऊ और आसपास के जिलों में सुबह और कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कुछ जिलों में दोपहर में धूप जरूर खिली लेकिन ठंडी हवाओं ने धूप का असर बेअसर कर दिया। कोहरे से जनजीवन बेहाल हो गया। सुबह और शाम से रात तक गाड़ियां रेंगते हुए निकलीं। दिनभर चली पछुआ और सर्द हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया। सीतापुर, अंबेडकरनगर और गोंडा में थोड़ी देर के लिए धूप खिली₹। इससे लोगों को राहत मिली।

गोरखपुर: दो डिग्री और लुढ़का पारा, 15 दिन बाद भी राहत नहीं

गोरखपुर-बस्ती में मंडल में 15 दिन बाद भी ठंड से राहत नहीं मिली है। दिन का तापमान लगातार सामान्य से नीचे बना हुआ है। हालांकि, बस्ती और संतकबीरनगर में धूप निकली, गोरखपुर में भी अपराह्न में सूरज की झलकी दिखी, लेकिन गलन के मुकाबले फीकी रही।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।