UP Weather: यूपी के 7 शहरों ने ठंड में शिमला को पीछे छोड़ा, 25 शहरों में कोल्ड डे का अलर्ट
अयोध्या और आज़मगढ़ में बुधवार रात सबसे सर्द रही, जहां न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गोरखपुर का नंबर रहा जहां पारा 5.1 डिग्री रहा। अयोध्या में दिन और रात दोनों ही बेहद ठंडे रिकॉर्ड किए गए. जहां रात का पारा 5.0 और दिन का 14.0 डिग्री रहा।

UP Weather Alert: चुभती बर्फीली हवा और आसमान में कोहरे की परत का दोहरा सितम सूबे के 13 शहरों में रहने वालों ने झेला। अधिकतम तापमान के मामले में अयोध्या, आजमगढ़ समेत सात शहरों ने हिमाचल के शिमला (16.8 डिग्री सेल्सियस) को पीछे छोड़ दिया। मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर अयोध्या समेत 25 शहरों में गुरुवार को शीत दिवस की चेतावनी जारी की है।
अयोध्या और आज़मगढ़ में बुधवार रात प्रदेश में सबसे सर्द रही, जहां न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद गोरखपुर का नंबर रहा जहां पारा 5.1 डिग्री रहा। अयोध्या में दिन और रात दोनों ही बेहद ठंडे रिकॉर्ड किए गए. जहां रात का पारा 5.0 और दिन का 14.0 डिग्री रहा। अलीगढ़ में दिन का तापमान प्रदेश में सबसे कम दर्ज किया गया। यहां पारा 11.8 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 6.5 डिग्री कम रहा। बरेली और शाहजहांपुर में दिन का पारा 13 डिग्री के आसपास सिमट गया, जिससे लोगों को भारी गलन का सामना करना पड़ा। चुर्क में 6.2 डिग्री और अलीगढ़ में 6.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी एयरपोर्ट पर 6.8 डिग्री और बस्ती व बुलंदशहर में 7.0 डिग्री पारा रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान वाले शहरों में बरेली 12.9, शाहजहांपुर 13.2, मुरादाबाद 13.8 डिग्री सेल्सियस के साथ शीर्ष पर रहे। बुलंदशहर में 14.0 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। फतेहगढ़ में भी पारा 14.0 डिग्री पर ही अटका रहा। वहीं आगरा और झांसी में दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री से अधिक नीचे रहने के कारण 'कोल्ड डे' जैसे हालात बने रहे। इस भीषण सर्दी की वजह उत्तर पश्चिमी हवा है जो उन पहाड़ों के बीच से आ रही है जो बर्फ से लदे हुए हैं।
कोहरे का इन जिलों में रहा कहर
मौसम विभग के अनुसार अलीगढ़ आईएएफ, कानपुर आईएएफ में दृश्यता शून्य रही। इसके अलावा आगरा और चित्रकूट में 30 मीटर रही। मुरादाबाद, कुशीनगर एयरपोर्ट, फुरसतगंज, फतेहगढ़, आजमगढ़, वाराणसी, कानपुर शहर, लखनऊ , मेरठ, नजीबाबाद और अलीगढ़ में दृश्यता 50 से 150 मीटर रही।
इन जिलों में शीत दिवस की संभावना
प्रतापगढ़, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर एवं आसपास।
पूर्वांचल में कहर बरपा रही ठंड
उधर, पूर्वांचल में भीषण ठंड और शीतलहर का दौर जारी है। बुधवार को भी गलन और पछुआ हवा ने लोगों को परेशान किया। आजमगढ़ पूर्वांचल में सबसे अधिक ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वाराणसी में दिन का तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम 16.3 और रात का तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में दिन में 1.8 और रात में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। तापमान में बढ़ोतरी होने के बाद भी गलन महसूस हुई। सुबह हल्का कोहरा भी छाया था। बाबतपुर एयरपोर्ट पर छह उड़ानें निरस्त और पांच लेट से पहुंचीं। बनारस से गुजरने वाली 14 ट्रेनें दो घंटे से लेकर 9 घंटे तक लेट रहीं। पूर्वा एक्सप्रेस सर्वाधिक 9:10 घंटे देर से वाराणसी पहुंची।
गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन कोल्ड-डे
पूर्वी यूपी में मौसम का मिजाज सर्द बना हुआ है। गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा और कोल्ड डे रहा। हालांकि बीते 24 घंटे में दिन और रात के तापमान में इजाफा हुआ है। दिन के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस अधिक का इजाफा हुआ। वहीं रात के तापमान में आंशिक इजाफा हुआ।
बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री कम 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस था। बीते 24 घंटे में दिन के अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। वहीं दूसरी तरफ न्यूनतम तापमान में भी आंशिक इजाफा हुआ। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस था। बुधवार को इसमें 0.6 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। फिर भी यह यह सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
उधर, पूर्वी यूपी में कोहरे का सितम जारी है। बीते 17 दिसंबर से घने कोहरे की चादर आसमान में फैली है। बुधवार को तड़के घना कोहरा छाया रहा। सुबह 5:30 बजे तक विजिबिलिटी शून्य के करीब रही। सुबह 8 बजे के बाद कोहरा छंटता नजर आया। दोपहर में करीब एक बजे से डेढ़ घंटे तक सूरज के दर्शन भी हुए।
कल रहेगी ठंड, परसों से राहत देगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक अब तापमान में तेजी से उतार-चढ़ाव होगा। गुरुवार को भी घना कोहरे के बीच कड़ाके की ठंड की संभावना है। कोल्ड डे बना रहेगा। शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम होगी। कोहरा छंटेगा और दिन व रात के तापमान में इजाफा होगा।




साइन इन