UP Top News: उन्नाव में दरोगाखेड़ा क्षेत्र के गौरा मोड़ के पास मंगलवार रात ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार तीन युवक लोडर से भिड़ गए। हादसे में दो सगे भाइयों और एक चचेरे भाई की मौत हो गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के खटाई गांव निवासी सगे भाई 32 वर्षीय पिंटू और 30 वर्षीय सुशील मंगलवार को अपने चचेरे भाई 28 वर्षीय बब्लू के साथ बाइक से एक बारात गए थे। देर रात तीनों बाइक से ही घर लौट रहे थे। गौरा मोड़ के पास एक वाहन को ओवरटेक करते समय में सामने से आए लोडर से उनकी बाइक भिड़ गई। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने आनन-फानन उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने बब्लू और सुशील को मृत घोषित कर दिया।
6 May 2026, 05:58:24 PM IST
प्राचीन राम-जानकी मंदिर में अष्टधातु की मूर्तियां चोरी
गोंडा जिले में सैकड़ों वर्ष पुरानी अष्टधातु की राम-सीता व लक्ष्मण की मूर्ति को सिंहासन सहित मंगलवार रात चोर मंदिर का ताला तोड़कर उठा ले गए। सुबह जब पुजारी साफ सफाई के लिए मंदिर पहुंचे तो वहां का नजारा देख सन्न रह गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर एसपी विनीत जायसवाल, एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय, एएसपी/सीओ अभिषेक दावच्या व ट्रेनी आईपीएस प्रदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एएसपी पश्चिमी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है। करनैलगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित ग्राम पंचायत सोनहरा के दक्षिणी पंडितपुरवा में मंगलवार रात चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। सैकड़ों साल पुराने प्राचीन राम-जानकी मंदिर का ताला तोड़कर अष्टधातु की बहुमूल्य मूर्तियां चोरी कर ली गईं। इन मूर्तियों की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।
6 May 2026, 02:10:24 PM IST
लोडर की टक्कर से बाइक सवार एक की मौत एक घायल
रायबरेली के हरचंदपुर अटौरा संपर्क मार्ग पर बीते मंगलवार देर रात निमंत्रण से वापस लौट रहे बाइक सवार दो भाइयों को बेकाबू लोडर ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायलहो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद बड़े भाई को मृत घोषित कर दिया तो वही घायल हुए छोटे भाई का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
6 May 2026, 01:58:39 PM IST
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
बहराइच में थाना पयागपुर क्षेत्र के अंतर्गत चौकी खुटेहना के पास सरसा रेलवे ट्रैक पर मंगलवार की रात एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। रेलवे लाइन पार कर रहा था। उसी समय हादसा हुआ।
घटना के समय बहराइच की तरफ से आ रही स्पेशल ट्रेन गोंडा की ओर जा रही थी। युवक की पहचान ग्राम सरसा निवासी रामगोपाल (27) पुत्र मदारी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेन की टक्कर से युवक उछलकर दूर जा गिरा। मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर खुटेहना चौकी इंचार्ज गोपाल सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
6 May 2026, 01:58:06 PM IST
दो पक्षों में मारपीट पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बाराबंकी थाना क्षेत्र में जमीन के कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों में लाठी डंडे चलने से पीड़िता की पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई।जिसको जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया। पीड़िता की तहरीर पर मसौली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। थाना क्षेत्र मसौली अंतर्गत ग्राम मेढिया निवासी रामकली पत्नी रामबक्श ने दी गई तहरीर में कहा है कि गाटा सं 447 व 1044 मेरे पति राम बक्श व लजाना के नाम दर्ज है।
बीते 3 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे अपने खेत में बेटी शिवानी, पति रामबाक्श, लजाना और बेटी कौशल खेत में लगी मेंन्था की फसल की निराई कर रहे थे। तभी विपक्षी विरेन्द्र कुमार, प्रद्युम कुमार पुत्रगण स्व. मुनेश्वर, अर्चना पत्नी प्रद्युम कुमार, रंगोली पुत्री प्रद्युम्न कुमार खेत पर आकर निराई करने से मना करने लगे तो पीड़िता के पक्ष के लोगों द्वारा कहा गया कि हम अपने खेत में काम रह रहे हैं, तो रंगोली व अर्चना आदि लोग मिलकर पीड़िता की बेटी शिवानी को बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लाठी डंडे से इतना मारा कि शिवानी की सीने पर गंम्भीर चोटे आयी है।
6 May 2026, 01:45:19 PM IST
बाइक सवार बदमाशों ने महिला को धकेल कर लूटे कान के टॉप्स
बाराबंकी में देवा थाना क्षेत्र में हीरपुर गांव के पास नहर पटरी पर पैदल जा रही महिला को बाइक सवार बदमाशों ने धकेल दिया। इसके बाद उसके कान से टॉप्स लूट कर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया लेकिन बदमाश भाग चुके थे। घायल महिला का सीएचसी देवा में उपचार कराया गया। हालांकि पुलिस ने अभी घटना की जानकारी से इनकार किया है।
कुर्सी थाना के कुकरहिया मजरा दरावा गांव निवासी कृष्णावती पत्नी केशन का मायका देवा थाना के भट्पुरवा गांव में है। बुधवार की सुबह-सुबह अपने मायके जाने के लिए टेंपो से निकली थी। वह हीरपुर गांव के पास नहर पटरी पर टेंपो से उतरी और पैदल चलने लगी। उन्होंने बताया कि इसी दौरान बाइक से आए दो युवकों ने उन्हें धक्का मार दिया जिससे वह नीचे गिर पड़ी। इसके बाद दोनों बदमाशों ने जबरदस्ती उनके कान से टॉप्स लूट ले गए।
6 May 2026, 01:31:38 PM IST
नेपाल से ब्राउन शुगर ले जाते ई रिक्शा चालक गिरफ्तार
बहराइच में सशस्त्र सीमा बल 42 वी बटालियन रूपईडीहा बार्डर आउट पोस्ट व रूपईडीहा थाने की पुलिस की संयुक्त टीम ने ई रिक्शा चालक को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है। ई रिक्शा सीज कर तस्कर पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
सशस्त्र सीमा बल रूपईडीहा बार्डर आउट पोस्ट पर तैनात दरोगा मोहिन्दर सिंह, सहायक दरोगा दीवान सिंह व एसएसबी जवान, रूपईडीहा थाने में तैनात दरोगा अजय कुमार व पुलिस बल ने मंगलवार शाम ई रिक्शा चालक रूपईडीहा थाने के केवलपुर निवासी फैयाज अहमद उर्फ पुच्चे को चकिया रोड से शिवपुर मोहरनियां ई रिक्शा से जाते समय रोक तलाशी ली। उसके पास से 36.22 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
6 May 2026, 01:10:59 PM IST
हत्या व लूट का अपराधी पुलिस मुठभेड़ में घायल
श्रावस्ती जिले में मंगलवार रात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने मुठभेड़ में हत्या व लूट के अपराधी को गिरफ्तार किया। गोली लगने से अपराधी घायल हो गया जिसे अस्पताल ले जाया गया।
हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र में बीते दिनों लूट के दौरान बदमाशों एक वृद्ध की हत्या कर दी थी। पुलिस ने अपराधियों की तलाश कर रही थी। मंगलवार रात हरदत्त नगर गिरन्ट थाना प्रभारी निरीक्षक महिमानाथ उपाध्याय टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे।
वह देवरनिया पुल के पास पहुंचे तो वहां एक संदिग्ध पुलिस टीम को देख भागने लगा। जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने पीछा किया तो संदिग्ध व्यक्ति ने टीम पर असलहे से फायर करने लगा। जिसमें पुलिस के जवान बाल बाल बच गए।
6 May 2026, 01:10:30 PM IST
आगे चल रहे ट्रेलर से टकराई बाइक, युवक की मौत, साथी जख्मी
गोंडा में मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे उमरी बेगमगंज रोड पर पीडी बंधा के पास सड़क हादसा हो गया। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल से शैलेश तिवारी (24) पुत्र राघव राम तिवारी निवासी लक्षण पुरवा दुरौनी थाना परसपुर अपने साथी भैरव दत्त तिवारी (24) पुत्र कैलाश तिवारी के साथ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक आगे चल रही ट्रेलर से पीछे से टकरा गई।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से भैरव दत्त तिवारी को जिला अस्पताल गोण्डा भेजा गया, जबकि बाइक चालक शैलेश तिवारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
6 May 2026, 12:54:02 PM IST
कार की टक्कर से युवक की मौत, बहन की शादी से पहले घर में छाया मातम
गोण्डा में कोतवाली देहात क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद खुशियों से भरे घर में मातम पसर गया। खरगूपुर ग्राम पंचायत के मजरा अवरता निवासी 25 वर्षीय राम प्रताप सिंह पुत्र अमरनाथ सिंह की मंगलवार देर रात कार की टक्कर से मौत हो गई।
बताया जाता है कि राम प्रताप अपनी बहन की शादी के निमंत्रण (न्योता) बांटकर वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वह नकहा गांव के पास चौराहे पर पहुंचे, तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला मुख्यालय स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ के रास्ते में उनकी मौत हो गई।
6 May 2026, 12:44:45 PM IST
तीन वाहनों की टक्कर में एक की मौत,तीन घायल
अम्बेडकरनगर जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच मंगलवार देर रात एक और दर्दनाक घटना सामने आई। जैतपुर थाना क्षेत्र में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के किमी 82.200 पर तीन वाहनों की जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
मंगलवार रात जनपद आजमगढ़ के थाना कप्तानगंज क्षेत्र से एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही एक बोलेरो एक्सप्रेस-वे पर खराब हो गई। इसके बाद दूसरी बोलेरो को बुलाकर उसे टोचन खींचकर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वाहन ने दोनों बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
6 May 2026, 12:02:16 PM IST
बच्ची से रेप का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
लखीमपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र में छह साल की बच्ची से रेप के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार देर रात हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार को सदर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने घर के बाहर खेल रही छह वर्षीय मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया था। इसके बाद आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गईं।
6 May 2026, 11:44:24 AM IST
बदमाशों ने बाइक सवार दंपति की पिटाई कर जेवर लूटे
सीतापुर में रामपुर मथुरा के बरुआ में मंगलवार देर रात शादी समाराहे से लौट रहे बाइक सवार दंपति को बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने पति की पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। महिला के जेवर लूट लिए। इसके बाद बदमाश धमकाते हुए भाग गए। तहरीर पर रामपुर मथुरा पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
रामपुर मथुरा के चतुरी पुरवा निवासी राकेश अपनी पत्नी के साथ मंगलवार को बहादुरगंज के हरिहर लौचनपुर स्थित रिश्तेदारी में शामिल होने आए थे। शादी समारोह से देर रात राकेश बाइक से पत्नी के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें रोककर लूटा गया।
6 May 2026, 11:30:18 AM IST
आंधी-तूफान का कहर: तीसरे दिन भी अंधेरे में डूबा धानेपुर इलाका, मोबाइल चार्ज करने को तरसे लोग
गोंडा में बीते सोमवार को तेज हवाओं के साथ आए आंधी-तूफान ने जिले में जमकर भारी तबाही मचाई है। आंधी के चलते जगह-जगह पेड़़ उखड़़कर गिर गए और कई पेड़़ टूटकर धराशायी हो गए। जिससे इनके चपेट में आने से बड़ी संख्या में बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। हालत यह है कि तीसरे दिन टी 20 से इलाके के बिजली उपकेंद्रों तक बिजली नहीं पहुंची है। ऐसे में उपभोक्ताओं को कब बिजली मिलेगी यह एक यक्ष प्रश्न बना हुआ है।
6 May 2026, 11:14:39 AM IST
343 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
अमेठी में मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 343 ग्राम हेरोइन के साथ बीती रात एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। टीम को मिली सूचना के अनुसार बाराबंकी से एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर वाराणसी-लखनऊ हाईवे के आसपास बेचने आने वाला है।
जिस पर उपनिरीक्षक समी असरफ शेख के नेतृत्व में टीम ने कोतवाली क्षेत्र के गौरीगंज अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. वसीम (25 वर्ष), निवासी जनपद बाराबंकी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 343 ग्राम हेरोइन, 220 रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
6 May 2026, 11:01:47 AM IST
दो बाइकों में आमने सामने की भिड़ंत, एक युवक की मौत
बहराइच रूपईडीहा हाईवे के सालवा रिसॉर्ट के निकट आमने सामने से दो बाइकों की भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाए जाने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिसिया थाने के मझौवा मुजेहना निवासी रितिक (19) पुत्र अवधेश कस्बे के एक मेडिकल शॉप पर नौकरी करता था। जो शाम को बाइक से रिसिया मोड़ दवा देने गया था। मंगलवार रात लगभग 8 बजे रात में रिसिया मोड़ से कस्बे आते समय रिजार्ट के पास दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई।
6 May 2026, 10:54:47 AM IST
फंदे से लटका मिला अधेड़ का शव
सुलतानपुर में चांदा, कोतवाली क्षेत्र के गलहतिया गांव निवासी अधेड़ ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर लिया। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से लटके शव को देखा। इससे गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय चांदा कोतवाली क्षेत्र के गलहिता गांव में बुधवार सुबह गलतियां गांव निवासी बृजलाल यादव उम्र 45 वर्ष पुत्र रामकुमार यादव का शव उनके घर से करीब 100 मीटर दूरी पर स्थित आम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकता हुआ दिखाई दिया।
जिसकी सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया । मंगलवार शाम को बृजलाल यादव घर से निकले थे । परिजन में इस बात को लेकर संतुष्टि थी कि पड़ोस के एक परिवार से बारात गई थी तो परिजनों को लगा कि बृजलाल भी बारात में गए होंगे । परंतु बुधवार सुबह जब गांव के लोग घूमने निकले तो देखा की बृजलाल का शव आम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकते हुए दिखाई दिया।
6 May 2026, 10:39:04 AM IST
अलग-अलग सड़क हादसे में एक की मौत, दो घायल
सीतापुर जिले में मंगलवार को हुए अलग-अलग हुए दो हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दो लोग घायल हो गए। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। यह हादसा पिसावां और महमूदाबाद- सिधौली रोड पर हुआ है।
पिसावां के गोपामऊ में बुधवार सुबह सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा। हादसा देख अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पुलिसकर्मियों ने युवक को गंभीर हालत में सीएचसी भेजवाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
6 May 2026, 10:31:20 AM IST
किसान क्रांति यूनियन ने पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा
बहराइच मंगलवार को भारतीय किसान क्रांति यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष पतिराम चौधरी के नेतृत्व में लज्जावती, विजय कुमार, मैकू लाल सहित दर्जनों ग्रामीणों ने ब्लॉक नवाबगंज पहुंचकर खंड विकास अधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में प्रमुख रूप से नौबस्ता गांव में नालियों की समुचित सफाई कराए जाने की मांग की गई,इसके साथ ही गांव के अंदर जर्जर रास्तों के निर्माण की भी मांग उठाई गई।
कार्यकर्ताओं ने मोहनपुर गांव में सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने, लक्ष्मणपुर से सलारपुर होते हुए शमशान घाट तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने तथा संकल्पा गांव से नहर तक नई सड़क बनवाने की मांग भी प्रमुखता से रखी।जिला अध्यक्ष पतिराम चौधरी ने कहा कि इन समस्याओं के चलते ग्रामीणों को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
6 May 2026, 10:15:37 AM IST
किशोरी आधी रात लापता, पुलिस ने बरामद किया
बहराइच में अपने मकान के दूसरे माले से नीचे उतरी 17 वर्षीय किशोरी संदिग्ध हालत में लापता हो गई। आधी रात हुई इस घटना से घरवालों के होश उड़ गए। परिजनों ने गांव के एक युवक पर अपने दो साथियों की मदद से किशोरी को उठा ले जाने का आरोप लगाया है। नामजद तहरीर पर एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया है। किशोरी भी बरामद हो गई।
हरदी थाने के एक गांव निवासनी 17 वर्षीय बेटी सोमवार रात लगभग दो बजे छत से नीचे मोबाइल चार्जिंग पर लगाने को उतरी थी। परिजनों का कहना है कि इसी दौरान परिजनों को ऐसा लगा कि किशोरी किसी से लड़ रही है। परिजनों ने छत से नीचे झांका तो देखा कि गांव का ही एक युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ किशोरी को घर के बाहर खींच रहे है। जबकि किशोरी विरोध कर उनसे भिड़ी है।
6 May 2026, 09:51:39 AM IST
रायबरेली पुलिस का बड़ा एक्शन: जल जीवन मिशन स्टोर में डकैती डालने वाले 7 बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
रायबरेली पुलिस ने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जल जीवन मिशन के गोदाम में डकैती डालने वाले गिरोह का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। डीह और भदोखर थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान पुलिस ने 7 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन 'हाफ एनकाउंटर' में घायल हुए हैं।
घटना 4/5 मई की दरम्यानी रात करीब 1:30 बजे की है। डीह थाना क्षेत्र के पूरे मेचुकुरियन स्थित जल जीवन मिशन स्टोर पर 8-10 बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाशों ने वहां तैनात चौकीदार रजल पासी (19) और शिवलाल का चादर से गला दबाने की कोशिश की और मरणासन्न होने तक पीटा। इसके बाद बदमाश वहां से भारी मात्रा में कीमती पीतल की टोटियां लूटकर फरार हो गए थे।
6 May 2026, 09:34:13 AM IST
एक शिकायत, सात विवेचक, रामगंगा में दफन लॉ छात्रा की हत्या का तीन साल बाद खुलासा
शाहजहांपुर की लॉ छात्रा की हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी वकील को जेल भेज दिया गया है। अगस्त 2023 में कचहरी से लापता हुई छात्रा की हत्या उसके ही साथी वकील ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर की थी। उसने शादी का झांसा देकर छात्रा से संबंध बनाए थे, लेकिन अपनी शादी के बाद विवाद बढ़ने पर वारदात को अंजाम दिया।
पूरी खबर यहां पढ़ें: एक शिकायत, सात विवेचक, रामगंगा में दफन लॉ छात्रा की हत्या का तीन साल बाद खुलासा
6 May 2026, 09:12:09 AM IST
1500 करोड़ की ठगी करने वाले रवींद्र ने नोएडा से शुरू किया था ठगी का सफर, अलीगढ़ में पहला केस
1500 करोड़ की ठगी का आरोपी रवींद्रनाथ सोनी ने नोएडा से ठगी का सफर शुरू किया लेकिन उस पर पहला मुकदमा अलीगढ़ में दर्ज हुआ। अलीगढ़ में उसने डीएफएम जेम्स एंड ज्वैलरी ट्रेडिंग कंपनी लांच की और सोने में निवेश के नाम पर लोगों को ठगा था।
पूरी खबर यहां पढ़ें: 1500 करोड़ की ठगी करने वाले रवींद्र ने नोएडा से शुरू किया था ठगी का सफर, अलीगढ़ में पहला केस
6 May 2026, 08:38:28 AM IST
70 की उम्र में 30 साल की महिला से रचाई शादी; गांव वाले ही बने अगुआ और घराती-बाराती
मऊ जिले के घोसी में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने 30 वर्षीय महिला रीमा देवी से शादी रचाई है। बुजुर्ग की पत्नी और महिला के पति का देहांत हो चुका था। ग्रामीणों ने ही इस शादी की पहल की और पूरा सहयोग देकर शिव मंदिर में शादी कराई।
पूरी खबर यहां पढ़ें: 70 की उम्र में 30 साल की महिला से रचाई शादी; गांव वाले ही बने अगुआ और घराती-बाराती
6 May 2026, 08:27:37 AM IST
यूपी में ITI छात्र की बेरहमी से हत्या, डीजल से शव जलाकर कुएं में फेंका
शामली से लापता हुए 18 साल के आईटीआई युवक का शव एक खेत में नकलकूप के कुएं से जली हुई अवस्था में बरामद हुआ। शव को डीजल से जलाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर युवक का शव जलाकर नलकूप के कुएं में फेंका गया।
पूरी खबर यहां पढ़ें: यूपी में ITI छात्र की बेरहमी से हत्या, डीजल से शव जलाकर कुएं में फेंका