UP News Live: रायबरेली में पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी, दोबारा चलेगी यूपी से जम्मू-कटरा ट्रेन UP Top News Today 19 May CM Yogi Adityanath Chhattisgarh Akhilesh Yadav Politics Heatwave alert Weather Crime Updates - uttar-pradesh news
More
Hindi Newsउत्तर प्रदेशUP News Live: रायबरेली में पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी, दोबारा चलेगी यूपी से जम्मू-कटरा ट्रेन

UP News Live: रायबरेली में पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी, दोबारा चलेगी यूपी से जम्मू-कटरा ट्रेन

UP News Live: रायबरेली में राहुल गांधी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी की जनता को आर्थिक शॉक लगेगा। पीएम मोदी ने आदरणीय और अंबानी का जो ढांचा बनाया वह नहीं टिकेगा पूरी तरह से टूटेगा। वहीं, नौ महीने बाद अब यूपी से जम्मू-कटरा जाने वाली रद्द ट्रेनें पटरी पर लौटेंगी। इससे बिहार को भी फायदा होगा।

UP News Live: रायबरेली में पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी, दोबारा चलेगी यूपी से जम्मू-कटरा ट्रेन

Rahul Gandhi in Raebarelli

Srishti Kunj| लाइव हिन्दुस्तान,लखनऊ | Tue, 19 May 2026 06:08 PM
हमें फॉलो करें

UP News Live: रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आदरणीय और अंबानी का जो ढांचा बनाया है वह नहीं टिकेगा पूरी तरह से टूटेगा। दुख इस बात का है कि इसका नुकसान आम जनता को उठाना पड़ेगा। यूपी में आर्थिक संकट आएगा।

अगस्त 2025 में आई बाढ़ के कारण रावी नदी पर क्षतिग्रस्त हुए रेलवे पुल की मरम्मत का काम रिकॉर्ड 8 महीनों में पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही पिछले 9 महीनों से सुरक्षा कारणों से रद्द चल रही जम्मू और माता वैष्णो देवी कटरा रूट की 20 प्रमुख ट्रेनों के दोबारा संचालन का रास्ता साफ हो गया है।

19 May 2026, 06:08:48 PM IST

छात्रा उत्पीड़न में एलयू के शिक्षक निलंबित

छात्रा से पेपर आउट कर लिया है .. कहने वाला लखनऊ विश्वविद्यालय का प्राणीशास्त्र विभाग के शिक्षक डॉ. परमजीत सिंह पर ऐक्शन हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मंगलवार को कुलपति प्रो. जेपी सैनी की अध्यक्षता में हुई कार्य परिषद की आपात बैठक में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय अनुशासन समिति की अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर मुहर लगाते हुए निलंबन की संस्तुति स्वीकृत कर दी गई। अनुशासन समिति ने वायरल ऑडियो क्लिप, लिखित एवं मौखिक शिकायतों और आईसीसी की जांच में जुटाए गए तथ्यों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया शिक्षक पर परीक्षा प्रश्नपत्र लीक करने का प्रलोभन देकर छात्रा के यौन शोषण के प्रयास, गोपनीय परीक्षा सूचना साझा करने, विश्वविद्यालय की साख को नुकसान पहुंचाने तथा विशाखा गाइडलाइंस और यूजीसी विनियम 2015 के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप सही पाए गए हैं।

19 May 2026, 02:05:15 PM IST

ऐसा आर्थिक आंधी तूफान आने वाला है, जिसमें कुछ नहीं टिकेगा, पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि देश में एक ऐसा भयानक आर्थिक आंधी-तूफान आने वाला है, जिसे किसी ने अपनी जिंदगी में नहीं देखा होगा और इसके बाद महंगाई आसमान छूएगी।

यहां पढ़ें पूरी खबर: ऐसा आर्थिक आंधी तूफान आने वाला है, जिसमें कुछ नहीं टिकेगा, पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी

19 May 2026, 01:06:47 PM IST

बहुत कठिन समय आ रहा है: राहुल गांधी

रायबरेली में पत्रकारों से वार्ता करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों व मजदूरों का पैसा अपने दोस्तों को दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो इकोनामिक पर स्ट्रक्चर बदला है उससे अब आर्थिक तूफान आ रहा है। उन्होंने जो अंबानी अडानी वाला स्ट्रक्चर बनाया है। दुख की बात है कि नुकसान आम जनता का होगा। यूपी में जो आर्थिक शाक आ रहा है, वह अडानी अंबानी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नहीं लगेगा। वह यूपी और देश के युवा बेरोजगार किसानों को लगेगा। बहुत ही कठिन समय आ रहा है, एक्शन लेने की जगह नरेंद्र मोदी देश से कह रहे हैं विदेश ट्रिप पर मत जाओ और नरेंद्र मोदी दुनिया का चक्कर काट रहे हैं।

19 May 2026, 01:01:49 PM IST

यूपी की जनता को लगेगा आर्थिक शॉक: राहुल गांधी

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली में बछरावां विधानसभा क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी की जनता को आर्थिक शाक लगेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने आदरणीय और अंबानी का जो ढांचा बनाया है वह नहीं टिकेगा पूरी तरह से टूटेगा। दुख इस बात का है कि इसका नुकसान आम जनता को उठाना पड़ेगा। यूपी में जो आर्थिक संकट आएगा उसका प्रभाव युवाओं किसानों व छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा प्रधानमंत्री एक्शन लेने के बजाय विदेश यात्रा कर रहे हैं उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद दुनिया के चक्कर काट रहे हैं।

19 May 2026, 01:01:26 PM IST

राहुल गांधी ने 15 लाख की लागत से बने बारात घर का किया लोकार्पण

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायबरेली में बछरावां विधानसभा क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा पहुंचे। उन्होंने वहां बने 15 लाख की लागत से बने बारात घर का लोकार्पण किया।

19 May 2026, 01:01:03 PM IST

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हनुमान जी की किया दर्शन

रायबरेली में नेता प्रतिपक्ष सांसद राहुल गांधी चूरुआ स्थित हनुमान जी के मंदिर में पहुंचे। बजरंग बली के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। वहां से बछरावा के ठकुराइन खेड़ा के लिए उनका काफिला रवाना हुआ।

19 May 2026, 01:00:54 PM IST

नौ महीने बाद पटरी पर लौटेंगी यूपी से जम्मू-कटरा जाने वाली रद्द ट्रेनें, बिहार को भी फायदा

अगस्त 2025 में आई बाढ़ के कारण रावी नदी पर क्षतिग्रस्त हुए रेलवे पुल की मरम्मत का काम रिकॉर्ड 8 महीनों में पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही पिछले 9 महीनों से सुरक्षा कारणों से रद्द चल रही जम्मू और माता वैष्णो देवी कटरा रूट की 20 प्रमुख ट्रेनों के दोबारा संचालन का रास्ता साफ हो गया है।

यहां पढ़ें पूरी खबर: नौ महीने बाद पटरी पर लौटेंगी यूपी से जम्मू-कटरा जाने वाली रद्द ट्रेनें, बिहार को भी फायदा

19 May 2026, 12:35:44 PM IST

राहुल गांधी का रायबरेली दौरा, एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार की सुबह करीब 10ः55 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अन्तराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से वह सड़क मार्ग से रायबरेली के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस दौरान राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, विधानमंडल की अध्यक्ष अराधना मिश्रा, पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह, पार्टी प्रभारी दिनेश सिंह, जिलाध्यक्ष रूद्रदमन सिंह बब्लू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष रूद्रदमन सिंह ने बताया कि बछरावां में राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया जाएगा। यहां वह एक बारात घर का उद्घाटन भी करेंगे।

19 May 2026, 12:34:46 PM IST

जेसीवी की टक्कर से दीवार गिरी किशोरी की मौत

अयोध्या कोतवाली क्षेत्र स्थित लक्ष्मणघाट वार्ड के तुलसी नगर में जेसीबी से टक्कर से दीवार गिर गई। जिसके समीप सो रही किशोरी घायल हो गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक तुलसी नगर क्षेत्र में सहकारिता विभाग की बिल्डिंग बन रही है। मंगलवार को भोर में प्रांगड़ में कई मजदूर परिवार के साथ सो रहे थे। इसी बीच एक जेसीबी निकली और दीवार में लगा तार उसमें फंस गया। जिससे दीवार का कुछ हिस्सा समीप में सो रहे लोगों पर गिरा। लेकिन चनिया कुमारी (16) पुत्री ढोढा मांझी निवासी बेतिया बिहार के ऊपर कई ईंटे गिर गईं, जिससे वह गंभीर घायल हो गई। स्थानीय लोग चिकित्सालय ले गए लेकिन इलाज के दौरान मौत हो गई।

19 May 2026, 12:33:03 PM IST

एफसीआई डिपो के पास ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत

अयोध्या कैंट थाना क्षेत्र स्थित गद्दोपुर एफसीआई डिपो पास मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। यहां एक ट्रक ने महिला को कुचल दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पूराकलंदर थाना क्षेत्र के बारून चौकी अंतर्गत पहुपीपुर गांव की रहने वाली नसीमा पत्नी शमीम खां अपने बेटे के साथ किसी कार्य से बाइक पर जा रही थी। इसी दौरान एफसीआई कार्यालय के पास एक ट्रक का पहिया उसके उपर चढ़ गया। जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसका बेटा बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए एफसीआई गेट के बाहर फैली अव्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया है।

19 May 2026, 12:32:38 PM IST

नकली नोटों का लालच देकर युवक का अपहरण, यूपी पुलिस ने हाफ एनकाउंटर में तीन पकड़े

यूपी के अमरोहा में रजबपुर पुलिस ने रविवार रात कालाखेड़ा के जंगल में हुई मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से दो दिन पूर्व अगवा किए गए युवक दीपांशु को सकुशल बरामद किया है।

यहां पढ़ें पूरी खबर: नकली नोटों का लालच देकर युवक का अपहरण, यूपी पुलिस ने हाफ एनकाउंटर में तीन पकड़े

19 May 2026, 12:13:35 PM IST

महिला पीजी कॉलेज में छात्राओं का हुआ मासिक स्वास्थ्य परीक्षण

बहराइच के महिला पीजी कॉलेज में छात्राओं के लिए आयोजित ‘मंथली हेल्थ चेकअप’ कार्यक्रम में चिकित्सक डॉ. अभिलाषा वर्मा ने छात्राओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से उनकी शारीरिक समस्याओं और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों पर खुलकर चर्चा की गई। डॉ. अभिलाषा वर्मा ने छात्राओं को संतुलित पोषण और स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एनीमिया से बचाव के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें और मौसमी फलों का नियमित सेवन जरूरी है। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता और मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने छात्राओं की झिझक दूर करते हुए उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

19 May 2026, 12:05:46 PM IST

शिकारियों ने घेरा, कुत्तों ने नीलगाय को नोंचा

बहराइच के महसी में नहर के पास मंगलवार भोर में शिकारियों ने नील गाय के बच्चे को शिकार की फिराक में घेराबंदी की। नील गाय का बच्चा भागा। तो उसे कुत्तों के झुंड ने घेरकर नोंच डाला। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कुत्तों को खदेड़ा। सूचना पर वन व पशु चिकित्सालय की टीम पहुंची है। घायल नील गाय के बच्चे का पशु चिकित्सक ने इलाज किया है।

मंगलवार में भोर में लगभग 5:30 बजे खेत में घुसा नील गाय के बच्चे की गतिविधियों के चलते शिकारियों ने घेराबंदी की। जिसके चलते नीलगाय ने उछाल भर भागने की कोशिश की। तो उसे लावारिश कुत्तों ने नीलगाय के बच्चे को घेरकर नोंचना शुरू कर दिया। तो घायल नील गाय का बच्चा नहर में कूद गया। उ

19 May 2026, 11:22:42 AM IST

धोखाधडी व दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज

अम्बेडकरनगर में धोखे से दूसरी जमीन का बैनामा कराने और विरोध करने पर जातिसूचक गालियां देकर मारपीट करने के आरोप में जैतपुर पुलिस ने अदालत के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व एससी एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव निवासी राहुल कुमार ने विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि वर्ष 2024 में उसने नत्थूपुर लौधना गांव निवासी हमीदुल निशा से 0.0240 हेक्टेयर जमीन करीब तीन लाख रुपये में खरीदने का करार किया था।

आरोप है कि साजिदा खातून निवासी आजनपारा थाना मालीपुर और बबलू निवासी जफ्फरपुर थाना जलालपुर ने खुद को जमीन विक्रेता का करीबी बताकर राहुल कुमार और विक्रेता महिला को भरोसे में लिया तथा कथित रूप से धोखे से दूसरी जमीन का बैनामा करा दिया।

19 May 2026, 11:22:10 AM IST

बड़े मंगल पर जगह-जगह आयोजित हो रहे हैं कार्यक्रम मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की भीड़

रायबरेली में बड़े मंगल को लेकर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। मंदिरों में सुंदरकांड का पाठ हो रहा है। हनुमान मंदिरों में दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई है। शहर के अभय दाता मंदिर, दक्षिणी मुखी हनुमान जी मंदिर, कैनाल रोड स्थित संकट मोचन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही।

19 May 2026, 10:36:12 AM IST

छात्रा से छेड़छाड़ की घटना सीसीटीवी में कैद, आरोपी को पुलिस ने दबोचe, भागते समय हुआ घायल

गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के एक गांव के विद्यालय से घर जाते समय छात्रा के साथ युवक ने छेड़छाड़ की। घटना पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नही करता है। पीड़ित छात्रा मम्मी चिल्लाती रही लेकिन आरोपी ने अश्लील हरकतें बंद नहीं की। छात्रा को चिल्लाते देख लोग मौके की और दौड़े तो आरोपी भाग निकला। उधर सोमवार देर शाम आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। मेडिकल के लिए ले जाते समय प्रश्न तिवारी स्टेशन से पास उसने भागने की कोशिश की लेकिन रेल लाइन की बाड़ में फंसकर वह घायल हो गया है।

19 May 2026, 10:35:59 AM IST

अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, एक की मौके पर मौत, एक गंभीर

श्रावस्ती में सोमवार की देर शाम क्षेत्र के राजपुर मोड़ से तालभगौड़ा मार्ग स्थित भारत पेट्रोलियम पम्प के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हुई। मोटरसाइकिल पल्सर पर सवार दो युवक, सतीश कुमार (उम्र लगभग 25 वर्ष), पुत्र नारंगी लाल सोनी तथा बब्लू खान, पुत्र रफीक खान, निवासी ग्राम बैचुआ, थाना भगवानपुर, जिला बांके, राष्ट्र नेपाल, राजपुर मोड़ से तालभगौड़ा की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान मोटरसाइकिल की अत्यधिक तेज गति के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वाहन सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से टकरा गई जिसमें वाहन चालक सतीश कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि साथ में बैठे बब्लू खान गंभीर रूप से घायल हो गए।

19 May 2026, 10:35:39 AM IST

ताइक्वांडो का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू

गोंडा में ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मंगलवार से हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर जनपद के विभिन्न स्थानों श्री रघुकुल विद्यापीठ, गांधी पार्क, सर्वोदय पार्क आवास विकास, सिटी मांटेसरी स्कूल, रेलवे गांधी स्कूल और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रोजाना सायं 5:30 बजे से आयोजित किया जा रहा है।

शिविर में छात्र-छात्राओं को ताइक्वांडो प्रशिक्षण के अंतर्गत आत्मरक्षा, पंच, किक, सेल्फ डिफेंस तकनीक एवं फिजिकल फिटनेस का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों का चयन आगामी जनपद स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। एसोसिएशन द्वारा इच्छुक खिलाड़ियों के लिए निशुल्क पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।

19 May 2026, 10:08:47 AM IST

गोंडा जिले का युवक सरयू में स्नान करते लापता,तलाश जारी

अयोध्या में सरयू नदी में स्नान करते समय एक युवक लापता हो गया है। जल पुलिस और एसडीआरएफ रेस्क्यू में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक डूबे हुए युवक की जानकारी नहीं मिल सकी थी।

जल पुलिस के मुताबिक सुबह लगभग साढ़े पांच बजे गोंडा जिले के मनकापुर से पांच दोस्त करन राजभर, सचिन चौहान, विजय बहादुर चौहान, सूरज राजभर और विकास दर्शन- पूजन और स्नान करने के उद्देश्य से अयोध्या पहुंचे। सभी सरयू के पुराने पुल के नीचे स्नान करने लगे। तभी करन राजभर (17) पुत्र हगानु निवासी मनकापुर गांव उपरहव थाना मनकापुर जिला गोंडा जेटी को फांदकर प्रतिबंधित क्षेत्र में चला गया और स्नान करने लगा। नदी में ज्यादा गहराई होने के कारण वह डूब गया। उसके साथियों ने तत्काल यह जानकारी जल पुलिस को दी। एसडीआरएफ और जल पुलिस सामूहिक रूप से युवक को नदी में ढूंढने में जुटी हुई हैं।

19 May 2026, 10:04:27 AM IST

अखंडनगर में आधी रात मुठभेड, शातिर गोकश गिरफ्तार, तमंचा-कर बरामद

गोकशी के कारोबारियों पर सुलतानपुर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। सोमवार की रात 1:15 बजे थाना अखंडनगर पुलिस और गोकशी के वांछित शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई।

पुलिस को सूचना मिली कि जौनपुर का कुख्यात गोकश मोहम्मद आसिफ इलाके में छिपा है। टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से घायल होकर बदमाश जमीन पर गिर पड़ा।

मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद मुजफ्फर, घोषपुर, शाहगंज, जौनपुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के ऊपर गोकशी के 6 संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। हाल ही में जयसिंहपुर में हुई गोकशी की वारदात में भी इसका नाम सामने आया था।

19 May 2026, 10:03:59 AM IST

ट्रैक्टर-ट्रॉली और रोडवेज बस में भीषण भिड़ंत

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के देहात कोतवाली के बहराइच-सीतापुर हाईवे पर मंगलवार सुबह मोगलहा गांव के पास ईंट लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली व रोडवेज बस में आमने - सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे की चपेट में एक डिजायर कार और छोटा हाथी वाहन भी आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

हादसे में ईंटों से भरी ट्रॉली सड़क पर पलट गई, जबकि ट्रैक्टर के पिछले दोनों पहिए ऊपर उठ गए। वहीं अनियंत्रित रोडवेज बस बिजली का खंभा तोड़ते हुए करीब 50 मीटर दूर जाकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। गनीमत रही कि हादसे के समय रोडवेज बस खाली थी। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

19 May 2026, 09:35:51 AM IST

UP Weather: यूपी में आसमान से बरस रही आग, 47 डिग्री तापमान के साथ बांदा रहा सबसे गर्म

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह शुष्क होते ही लू का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के 26 प्रमुख शहर 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान में तपे।

पूरी खबर यहां पढ़ें: यूपी में आसमान से बरस रही आग, 47 डिग्री तापमान के साथ बांदा रहा सबसे गर्म

19 May 2026, 08:56:25 AM IST

भीषण गर्मी का कहर; 12वीं तक के स्कूल 25 मई तक बंद, इस जिले के डीएम का आदेश

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए स्कूलों को बंद करने का सिलसिला शुरू हो गया है। वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने 12वीं तक के सभी स्कूलों को 25 मई तक बंद रखने का आदेश दिया है।

पूरी खबर यहां पढ़ें: भीषण गर्मी का कहर; 12वीं तक के स्कूल 25 मई तक बंद, इस जिले के डीएम का आदेश

19 May 2026, 08:55:38 AM IST

पंचायत चुनाव तक प्रधानों-प्रमुखों का कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी, पंचायती राज विभाग ने शासन को भेजा प्रस्ताव

उत्तर प्रदेश में समय पर पंचायत चुनाव न होने की स्थिति में ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल प्रशासक समिति के माध्यम से बढ़ाने की तैयारी चल रही है। पंचायती राज विभाग ने इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेज दिया है।

पूरी खबर यहां पढ़ें: पंचायत चुनाव तक प्रधानों-प्रमुखों का कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी, पंचायती राज विभाग ने शासन को भेजा प्रस्ताव

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।