UP Top News: सीएम योगी की अध्यक्षता में आज यूपी कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में लोकतंत्र सेनानियों को कैशलेस इलाज, लखनऊ व आगरा मेट्रो विस्तार के लिए भूमि व एमओयू को मंजूरी देने तथा ओबीसी आरक्षण के लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन समेत एक दर्जन से प्रस्तावों पर मुहर लगी है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से एक साल तक 'सोना न खरीदने' की अपील पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियों से मोटा कमीशन खाने के चक्कर में भाजपा सरकार युद्ध का बहाना बनाकर देश में 'सोनाबंदी' करना चाहती है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नमाजियों से कहा कि नमाज पढ़नी आवश्यक है तो शिफ्ट में पढि़ए, हम उसको नहीं रोकेंगे, लेकिन सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे।
18 May 2026, 10:23:47 PM IST
शिफ्ट में पढि़ए नमाज, हम उसको रोकेंगे नहीं, लेकिन सड़क पर नहीं : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नमाजियों से कहा कि नमाज पढ़नी आवश्यक है तो शिफ्ट में पढि़ए, हम उसको नहीं रोकेंगे, लेकिन सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे। योगी ने बकरीद पर्व से पहले कहा, 'हम सड़कों पर अराजकता नहीं पलने देंगे। प्यार से मानेंगे तो ठीक बात है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे।' मुस्लिम समुदाय का प्रमुख पर्व बकरीद संभवत: इस महीने की 28 तारीख को मनाया जायेगा। मुख्यमंत्री एक प्रमुख समाचार पत्र के स्थापना दिवस पर आज लखनऊ में आयोजित 'संवाद उत्तर प्रदेश: स्वर्ण शताब्दी की ओर' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 'बाहर लोग पूछते हैं कि क्या यूपी में सड़कों पर नमाज नहीं होती, मैं कहता हूं कि कतई नहीं होती। जाकर देख लीजिए, नहीं होती है।' उन्होंने जोर देकर कहा कि 'सड़कें चलने के लिए हैं, या कोई भी व्यक्ति आकर चौराहे पर तमाशा बना देगा। क्या अधिकार है उसको सड़क रोकने का और आवागमन बाधित करने का उसको कौन सा अधिकार है।'
18 May 2026, 08:32:57 PM IST
शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या का एक और आरोपी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या के एक और आरोपी को सीबीआई टीम ने मुजफ्फरनगर की छपार पुलिस के साथ मिलकर दिल्ली-दून हाईवे स्थित छपार टोल प्लाजा से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी, अपने परिवार के साथ हरिद्वार से लौट रहा था। सीबीआई ने पुलिस सुरक्षा में उसे मुजफ्फरनगर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने पर टीम उसे अपने साथ लेकर दिल्ली चली गई।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद छह मई को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बाद में इस मामले की जांच सीबीआई को ट्रांसफर कर दी गई थी। इस मामले में सीबीआई टीम मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
18 May 2026, 05:18:16 PM IST
प्रेमानंद महाराज की बिगड़ी तबीयत; पदयात्रा अनिश्चितकाल तक स्थगित, दर्शन भी
वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ने के चलते उनकी पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। साथ ही उनके एकांतिक दर्शन भी फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। जिसके बाद देशभर से आए हजारों श्रद्धालुओं में मायूसी छा गई। रविवार देर रात बड़ी संख्या में भक्त महाराजजी के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे थे, लेकिन रोजाना की तरह तड़के 3 बजे प्रेमानंद महाराज पदयात्रा पर नहीं निकले। उनकी जगह आश्रम के शिष्य पहुंचे और लाउडस्पीकर के जरिए श्रद्धालुओं को जानकारी दी।
पूरी खबर पढ़ें
18 May 2026, 05:16:39 PM IST
लखनऊ के इस अस्पताल में बनेगा 1010 बेड का इमरजेंसी सेंटर; योगी कैबिनेट की मंजूरी
लखनऊ में आज योगी कैबिनेट की बैठक में 12 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। जिसमें गोमती नगर स्थित राम मनोहर लोहिया संस्थान में 1010 बेड का अत्याधुनिक इमरजेंसी सेंटर निर्माण की परियोजना को भी मंजूरी मिल गई। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 855 करोड़ 4 लाख 34 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।
पूरी खबर पढ़ें
18 May 2026, 05:14:55 PM IST
प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी को पब्लिक ने चोर समझा;घबराए युवक ने खुद को गोली मारी
हरदोई शहर के एक मोहल्ले में शनिवार देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक को मोहल्ले के लोगों ने चोर समझ शोर मचा दिया। इसपर वह एक मकान में घुस गया। बाद में कमरे में खुद को बंद कर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूरी खबर पढ़ें
18 May 2026, 05:14:01 PM IST
घर में जगह नहीं है तो संख्या कम करो, आबादी क्यों बढ़ा रहे; योगी की दो टूक- सड़क पर नमाज नहीं चलेगा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं दी जाएगी और लोगों को अपने घरों या निर्धारित स्थानों पर नमाज पढ़नी चाहिए। उन्होने कहा कि ‘लोग घर में नमाज करें या फिर शिफ्ट में कर लें। जब तुम्हारे घर में रहने की जगह नहीं है। तो संख्या नियंत्रित कर लो, सामर्थ्य नहीं है तो क्यों बेकार संख्या बढ़ाई जा रही।' अगर आपको सिस्टम के साथ रहना है तो ये याद करना हम उन कानून को मानना शुरू करें, कानून का राज हो। सबके लिए सामान्य रूप से लागू करेंगे
पूरी खबर पढ़ें
18 May 2026, 03:54:19 PM IST
कार को बचाने के प्रयास में स्कूल बस पेड़ से टकराई
श्रावस्ती जिले के इकौना-वीरपुर मार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना टल गयी , जब स्कूली बच्चों से भरी बस कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस चालक और परिचालक घायल हो गए, जबकि बस में सवार 34 स्कूली बच्चे सुरक्षित बच गए। सत्या द् आर्यन स्कूल इकौना की बस वीरपुर बाजार से इकौना की ओर सोमवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे स्कूली बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। जैसे ही बस रघुवीर पुरवा चौबेजोत गांव के पास एक कार को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकरायी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंम्बुलेंस व इकौना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से जाम व वाहन को हटवाकर स्कूल प्रशासन को भेजवा दिया । कस्बा प्रभारी विशाल यादव, उपनिरीक्षक राम दुलार मय पुलिस बल की मदद से घायल चालक अरूण पाठक 46 पुत्र कृपाराम निवासी अमारेभरिया थाना श्रावस्ती व और परिचालक मनोज कुमार पुत्र मुन्ना लाल निवासी ग्राम रमवापुर डकाही को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया, जिनका उपचार दोनों का चल रहा है। कस्बा प्रभारी विशाल यादव ने बताया कि सभी 34 से स्कूली बच्चों को दूसरे वहां से विद्यालय भिजवा दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है ।
18 May 2026, 02:03:02 PM IST
अधिवक्ताओं का फूटा आक्रोश, लाठीचार्ज के विरोध में सीएम को भेजा मांगपत्र
गोंडा कचेहरी परिसर में अधिवक्ताओं के चैम्बरों पर बुल्डोजर चलाए जाने और विरोध कर रहे वकीलों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। अधिवक्ताओं ने इसे न्याय व्यवस्था और विधि व्यवसाय का अपमान बताते हुए शासन एवं प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है। प्रदर्शन के बाद
अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र डीएम को दिया। जिसमें कहा है कि एक ओर शासन न्यायालयों एवं कचेहरियों में न्यायिक कार्यों में सहयोग देने वाले अधिवक्ताओं को समुचित सुविधाओं से युक्त चैम्बर उपलब्ध कराने में विफल है। दूसरी ओर अधिवक्ताओं द्वारा अपने खून-पसीने की कमाई से बनाए गए चैम्बरों को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूंजीपतियों और सरकारी निर्माण कार्यों के लिए तानाशाही रवैया अपनाते हुए अधिवक्ताओं को अपमानित किया जा रहा है, जो बेहद निंदनीय है।
18 May 2026, 01:47:12 PM IST
संदिग्ध परिस्थितियों में कटहल के पेड़ में महिला की लटकती मिली लाश
अम्बेडकरनगर में भीटी थाना क्षेत्र के ग्राम टिकरी में सोमवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की कटहल के पेड़ से लटकती लाश मिलने से सनसनी फैल गई।सुबह करीब 4:00 बजे गांव के लोगों द्वारा देखने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। कुछ देर बाद उनके पति द्वारा भीटी पुलिस को सूचना दी गई पुलिस कारी 5:00 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला गीता पांडेय और पति इंद्रनाथ पांडेय घर पर रहते हैं। बच्चे बाहर नौकरी करते हैं। मृतका के दो बेटे तथा दो बेटियां हैं दोनों बेटे तथा बेटियों का विवाह हो चुका है बेटे बाहर जाकर नौकरी करते हैं। बेटियां इस समय अपने ससुराल में है। घर पर इंद्रनाथ पांडेय और मृतका गीता रहती थी।
18 May 2026, 01:18:03 PM IST
हृदयविदारक हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर जिंदा जला डंपर चालक
अम्बेडकरनगर में नगर के शहजादपुर कस्बे के अमरौला वार्ड में सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मिट्टी गिराने के दौरान डंपर का हाइड्रोलिक डाला 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे डंपर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से चालक आलोक वर्मा की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के चिऊटीपारा निवासी 28 वर्षीय आलोक वर्मा पुत्र वीरेंद्र वर्मा आरएलबी भट्ठे पर डंपर चालक के रूप में कार्य करता था। सोमवार सुबह करीब चार बजे वह मिट्टी गिराने के लिए भट्ठे पर पहुंचा था। मिट्टी खाली करने के दौरान उसने डंपर का हाइड्रोलिक डाला ऊपर किया और वाहन आगे बढ़ाने लगा। इसी दौरान डंपर का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
18 May 2026, 01:14:44 PM IST
दानापुर ने जीता अंतरविद्यालयी बालिका फुटबॉल खिताब, अयोध्या रही उपविजेता
अयोध्या में आर्मी पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में डोगरा रेजीमेंटल सेंटर कैंट के मैदान में आयोजित अंतरविद्यालयी बालिका फुटबॉल (अंडर-17) प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्णायक मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्मी पब्लिक स्कूल अयोध्या को 7-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं अयोध्या की टीम उपविजेता रही।
मुकाबले की शुरुआत से ही दानापुर की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। टीम की खिलाड़ी लकी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अकेले चार गोल दागे और जीत की प्रमुख नायिका रहीं। इसके अलावा आबिदा, मान्या और अदिति ने एक-एक गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया।
18 May 2026, 12:46:04 PM IST
10 घंटे बिजली गुल गर्मी से परेशान हुए रामधाम के लोग
अयोध्या में गर्मी बढ़ने के साथ बिजली व्यवस्था भी धड़ाम हो गई है। राम धाम के बरगदिया बाग, जैन मंदिर चौराहा और अहिराना क्षेत्र में रविवार 11 बजे गई बिजली सोमवार की सुबह नौ बजे आई। पूरे 10 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण तीन हजार से अधिक उपभोक्ता रात भर गर्मी से परेशान हो गए।
इन दिनों पारा 40 डिग्री पार है। बिजली की मांग बढ़ने से फाल्ट बढ़ गए हैं। पूरे रामधाम में 24 घंटे के अंदर कई बार बिजली आने जाने का क्रम है। लेकिन रविवार की रात 11 बजे कई क्षेत्रों बिजली गुल हो गई। इन क्षेत्रों में होमस्टे और होटल की संख्या भी अधिक है। बिजली न होने के कारण कमरों के एसी बंद हो गए जिससे ग्राहकों का पर चढ़ गया और उन्होंने संचालकों को गुस्से में किराया देने से मना तक कर दिया।
18 May 2026, 12:45:44 PM IST
पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में महिला मोर्चा का प्रदर्शन
गोण्डा में सपा सांसद के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रर्दशन किया। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी के मार्गदर्शन में महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष बीना राय के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के हमीरपुर महोबा सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी द्वारा नरेन्द्र मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में महिलाओं ने कलेक्ट्रेट में पहुँच कर विरोध प्रदर्शन किया ।
हाथों में बैनर व पोस्टर लेकर सपा सांसद की टिप्पणी पर अपना विरोध व्यक्त किया है।इन पोस्टरों पर प्रधानमंत्री का अपमान नहीं,सहेगा हिंदुस्तान,सपा सांसद माफ़ी माँगो माँगों व अखिलेश यादव शर्म करो के नारे लिखे हुए थे।
18 May 2026, 12:36:08 PM IST
प्रेमी को बुलाने की जिद पर महिला ने मेबाइल टॉवर पर चढ़कर किया हंगामा
सीतापुर में रामपुर मथुरा इलाके में सोमवार को प्रेमी को बुलाने की जिद कर एक महिला मोबाइल टॉवर पर चढ़कर कूदने की धमकी देने लगी। करीब दो घंटे चढ़े हंगामे के बाद पुलिस ने महिला के प्रेमी को बाराबंकी से बुलवाया गया। इसके बाद महिला नीचे उतरी।महिला और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रामपुर मथुरा इलाके में लगे मोबाइल टॉवर पर सोमवार को एक महिला चढ़ गई। वह अपने प्रेमी को बुलाने के लिए कहने लगी। प्रेमी के न आने पर वह मोबाइल टॉवर से कूदने की धमकी देने लगी। कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
18 May 2026, 12:27:43 PM IST
जिला प्रशिक्षण में पढ़ाया गया दायित्व बोध व बूथ प्रबंधन का पाठ
श्रावस्ती में भाजपा कार्यकर्ताओ के वैचारिक एवं सांगठनिक उन्नयन के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग का दो दिवसीय वर्ग रविवार संम्पन्न हुआ। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए वक्ताओं व पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओ को रीति नीति, विचारधारा एवं सांगठनिक विषयों का पाठ पढ़ाया।
प्रशिक्षण में अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि कार्यकर्ता विकास, संभाल और दायित्व बोध किसी भी सामाजिक, राजनीतिक या वैचारिक संगठन की सफलता का मुख्य आधार है। यह प्रक्रिया कार्यकर्ताओं को केवल सदस्य न बनाकर एक सक्षम, समर्पित और जवाबदेह नेतृत्व के रूप में तैयार करती है।
18 May 2026, 12:25:27 PM IST
उच्च रक्तचाप के प्रति लोगो को किया जागरुक
अयोध्या में राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर ओपीडी ब्लॉक में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एपीआई यूपी चैप्टर के तत्वावधान में हुआ। मौके पर उपस्थित चिकित्सकों ने लोगों को उच्च रक्तचाप के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने का संदेश दिया।
17 मई को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस होने के कारण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को होना था। लेकिन इस दिन अवकाश होने के कारण इसे सोमवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. दिनेश सिंह मार्तोलिया रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डा. वीरेंद्र सिंह एवं डा. नानक सरन मौजूद रहे।
18 May 2026, 12:25:14 PM IST
सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज
अम्बेडकरनगर में मालीपुर थाना क्षेत्र के आजाद नगर चौराहे के पास हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुलहिया पट्टी निवासी सुरेश कुमार ने मालीपुर थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका भतीजा मयंक राजभर (20) पुत्र अनिल राजभर शनिवार सुबह करीब सात बजे बाइक से मालीपुर दवा लेने जा रहा था।
जैसे ही वह जलालपुर-मालीपुर मार्ग स्थित आजाद नगर चौराहे के पास पहुंचा, तभी जलालपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया तथा बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
18 May 2026, 12:24:35 PM IST
UP Cabinet Decision: लखनऊ में मेट्रो का विस्तार, चारबाग से यहां तक दौड़ेगी; योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी
UP Cabinet Decision: योगी कैबिनेट ने लखनऊ मेट्रो फेज-1बी ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। करीब 5801 करोड़ रुपये की लागत से चारबाग से वसंतकुंज तक मेट्रो दौड़ेगी। परियोजना से ट्रैफिक दबाव कम होगा और लोगों को तेज व सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिलेगा।
यहां पढ़ें पूरी खबर: लखनऊ में मेट्रो का विस्तार, चारबाग से यहां तक दौड़ेगी; योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी
18 May 2026, 12:23:39 PM IST
UP Cabinet Decision: यूपी के छात्रों को योगी सरकार की सौगात, तीन गुना बढ़ा इंटर्नशिप स्टाइपेंड, कैबिनेट से प्रस्ताव पर मुहर
UP Cabinet Decision: उत्तर प्रदेश की योगी कैबिनेट ने राज्य के पशु चिकित्सा क्षेत्र में अध्ययनरत छात्रों को बड़ी सौगात देते हुए उनके मासिक इंटर्नशिप भत्ते को तीन गुना कर दिया है। सरकार के इस कदम का उद्देश्य भावी पशु चिकित्सकों का मनोबल बढ़ाना और राज्य के पशुधन स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: यूपी के छात्रों को योगी सरकार की सौगात, तीन गुना बढ़ा इंटर्नशिप स्टाइपेंड, कैबिनेट से प्रस्ताव पर मुहर
18 May 2026, 12:22:15 PM IST
UP Cabinet Decision: मीरजापुर में सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी को मंजूरी
UP Cabinet Decision: योगी कैबिनेट में उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 के अंतर्गत मीरजापुर के चुनार (ग्राम-समसपुर) में ‘सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी’ की स्थापना को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने इसकी प्रायोजक संस्था को आशय-पत्र (Letter of Intent) जारी करने की मंजूरी दे दी है।
18 May 2026, 12:20:50 PM IST
UP Cabinet Decision: आगरा मेट्रो के कॉरिडोर-2 के लिए निःशुल्क नजूल भूमि आवंटित
UP Cabinet Decision: योगी कैबिनेट में आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के तहत कॉरिडोर-2 (आगरा कैंट से कालिंदी विहार) के निर्माण को गति देने के लिए भूमि हस्तांतरण के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई है। इसके लिए तहसील सदर के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर के पार्क की 550 वर्गमीटर रिक्त नजूल भूमि को चिन्हित किया गया है।
18 May 2026, 12:19:18 PM IST
UP Cabinet Decision: प्रयागराज स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के विस्तार को मंजूरी
UP Cabinet Decision: योगी कैबिनेट बैठक में प्रयागराज मंडल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल ‘स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय’ के विस्तार को मंजूरी दी गई है। महात्मा गांधी मार्ग स्थित पूल्ड हाउसिंग की 31,314 वर्गमीटर भूमि को चिकित्सा शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित किए जाएंगे। यह जमीन मात्र 1 रुपया वार्षिक किराये की बेहद रियायती दर पर 90 वर्षों के पट्टे (लीज) पर दी जाएगी।
18 May 2026, 12:15:53 PM IST
UP Cabinet Decision: लखनऊ के लोहिया संस्थान में 1010 बेड के इमरजेंसी सेंटर को मंजूरी
UP Cabinet Decision: योगी कैबिनेट बैठक में लखनऊ स्थित लोहिया संस्थान में 1010 बेड के इमरजेंसी सेंटर के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार का कहना है कि इससे गंभीर मरीजों को बेहतर और त्वरित इलाज मिल सकेगा।
18 May 2026, 12:13:13 PM IST
UP Cabinet Decision: योगी कैबिनेट में मिर्जापुर में 765/400 केवी उपकेंद्र निर्माण प्रस्ताव पास
UP Cabinet Decision: योगी सरकार की कैबिनेट बैठक में मिर्जापुर में 765/400 केवी उपकेंद्र निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। माना जा रहा है कि इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी और भविष्य की बढ़ती जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा।
18 May 2026, 12:01:12 PM IST
UP Cabinet Decision: योगी कैबिनेट बैठक में वेटनरी छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता बढ़ाया
UP Cabinet Decision: उत्तर प्रदेश की योगी कैबिनेट ने राज्य के पशु चिकित्सा क्षेत्र में अध्ययनरत छात्रों को बड़ी सौगात देते हुए उनके मासिक इंटर्नशिप भत्ते को तीन गुना कर दिया है। सरकार के इस कदम का उद्देश्य भावी पशु चिकित्सकों का मनोबल बढ़ाना और राज्य के पशुधन स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना है। योगी मंत्रिमंडल ने वेटनरी छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता 4 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने के फैसले पर भी मुहर लगा दी है।
18 May 2026, 11:32:58 AM IST
UP Cabinet Decision: लखनऊ में मेट्रो के विस्तार को योगी कैबिनेट बैठक में मंजूरी, चारबाग से वसंत कुंज चलेगी
UP Cabinet Decision: योगी सरकार की कैबिनेट बैठक में आज लखनऊ मेट्रो के नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के बाद नए मेट्रो रूट लखनऊ मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का आज ऐलान किया गया है। लखनऊ मेट्रो ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर यानी का फेज-1B को बैठक में मंजूरी दी गई। नए और पुराने लखनऊ को जोड़ते हुए चारबाग स्टेशन से मेट्रो पुराने लखनऊ के बाजारों से होते हुए वसंत कुंज पहुंचेगी।
18 May 2026, 11:27:45 AM IST
UP Cabinet Decision: यूपी कैबिनेट में पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन को मंजूरी
UP Cabinet Decision:यूपी की योगी सरकार कैबिनेट बैठक में चर्चित प्रस्ताव राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन रहा। कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच सरकार इस आयोग के जरिए पिछड़े वर्ग की वास्तविक हिस्सेदारी का आंकलन कराना चाहती है। आयोग ग्रामीण निकायों में पिछड़े वर्ग की सामाजिक और राजनीतिक स्थिति का अध्ययन करेगा और अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा।
18 May 2026, 11:23:59 AM IST
यूपी पंचायत चुनाव की बड़ी बाधा दूर, OBC आयोग समेत 12 प्रस्तावों को योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट ने यूपी पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण तय करने के लिए 'समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग' के गठन को हरी झंडी देकर सबसे बड़ी बाधा दूर कर दी है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: यूपी पंचायत चुनाव की बड़ी बाधा दूर, OBC आयोग समेत 12 प्रस्तावों को योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी
18 May 2026, 11:22:53 AM IST
रोडवेज बस ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत
बहराइच सीतापुर हाईवे के बेड़नापुर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसके चलते बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना होते ही चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा ।चिकित्सकों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया है।
कैसरगंज थाने के कुड़ोनी निवासी अंकित कुमार (26) पुत्र बोदर रामनरेश अपनी बाइक से रविवार रात लगभग 11 बजे भाई की ससुराल रामगांव थाने के लालापुरवा जा रहा था। देहात कोतवाली के बहराइच सीतापुर हाईवे के पुलिस चौकी बेडनापुर के निकट आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक स्प्लेंडर प्लस चकनाचूर हो गई। दुर्घटना होते ही चालक वाहन सहित फरार हो गया।
18 May 2026, 11:22:27 AM IST
युवती का लटकता मिला शव, परिजनों में मचा हाहाकार
बहराइच में एक युवती का चोटहिल शव शनिवार शाम घर में छत के कुंडे से फंदे से लटकता मिला ।सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर गहन तहकीकात की। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
दरगाह थाने के बख्शीपुरा में किराए के मकान में रह रही नहसुतिया निवासनी सुप्रिया कश्यप (21) पुत्र कृष्ण कश्यप का शव शनिवार दोपहर में फंदे से लटकता मिला ।जिसके चलते परिजनों में हाहाकार मच गया।
18 May 2026, 11:15:56 AM IST
पत्नी से विवाद के बाद पति ने पी लिया शैम्पू
श्रावस्ती पत्नी से किसी बात को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद पति ने सैम्पू पी लिया। तबियत बिगड़ी तो परिजनों को इसकी जानकारी हुई, जिनके द्वारा उसे सीएचसी गिलौला लाया गया। चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम कटारे निवासी ओम प्रकाश (20) का किसी बाट को लेकर पत्नी से मामूली कहासूनी हो गई थी। इससे नाराज ओम प्रकाश ने सैम्पू पी लिया। पीड़ित मा सावित्री ने बताया की ओमप्रकाश उसकी इकलौती संतान है। जिसका विवाह विगत वर्ष हुआ था। पीड़िता का पति मौजूदा समय मुंबई मे मजदूरी करता है। घर पर हम तीन लोग ही रहते है। दंपति में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, इसके बाद बेटे ने सैम्पू पी लिया।
18 May 2026, 11:07:59 AM IST
बाग में मिला युवक का शव, पास में पड़ी थी बाइक लेकिन नहीं हो पाई पहचान
गोंडा के रामापुर के पास आम के बाग में सोमवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक का शव व मोटरसाइकिल पड़ा हुआ देखा गया। इसकी सूचना उपस्थित लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए शव के शिनाख्त के लिए आस पास के गांव के लोगों से सम्पर्क किया गया परंतु शव की पहचान नहीं हो सकी ।
कौड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामापुर गांव के सौ मीटर दक्षिण आम के बाग में एक 35 वर्षीय युवक का शव व मोटरसाइकिल पड़ा हुआ देखा गया। जिसकी सूचना उपस्थित लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस, व फोरेंसिक टीम ने जांच कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
18 May 2026, 10:58:46 AM IST
अमेठी में चलती बस में लगी आग,ड्राइवर की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित
अमेठी में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की अनुबंधित बस सोमवार को सुलतानपुर से प्रयागराज जा रही थी। पीपरपुर थाना क्षेत्र के अयोध्या प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दुर्गापुर बाजार में सुबह लगभग साढ़े 8 बजे सवारी बैठाकर जैसे ही आगे बढ़ी ड्राइवर के पास इंजन से धुआं का गुबार उठते देख ड्राइवर ने बस रोक कर यात्रियों को उतरने के लिए कहा। बस में धुआं निकलते देखा यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। खिड़की से कूद कर तो दरवाजे से भागकर लोगों ने जान बचाया। सभी यात्री बस से सुरक्षित निकल गए। देखते ही देखते कुछ ही क्षणों में अनुबंधित बस अचानक आग की लपटों में घिर गयी। चिंगारी ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी।
18 May 2026, 10:06:04 AM IST
अधिमास के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु, गूंजते रहे जयकारे
गोंडा में अधिमास (मलमास या पुरुषोत्तम मास) के पहले सोमवार को पृथ्वीनाथ मंदिर पर तीसरे पहर से श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की लंबी कतारे लग गई। ओम नमः शिवाय, बोल बम,बम बम भोले से उदघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। उधर शहर के दुखहरन नाथ, मनकापुर स्थिति प्रसिद्ध करोहानाथ मंदिर में सुबह से दर्शन पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह से ही शिवालयों में बम भोले के जय घोष गूंजते रहे।
अधिमास के पहले सोमवार को मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से मंदिर का कपाट खुलने से पहले ही महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की कतारें लग गई।लोग जलाभिषेक की करने का इंजतार करने लगे पट खुलते ही बारी बारी से लोगों ने जल, पुष्प, दुग्ध,भांग,धतूर के साथ जलाभिषेक कर पूजन अर्चन कर मनवांछित फल की कामना की। सुरक्षा को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रही।
18 May 2026, 09:29:06 AM IST
ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार ट्रक, चालक की मौत
सुलतानपुर में लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के पठखौली गांव के निकट लखनऊ वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक ने सामने खड़े दूसरे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में गंभीर रूप से फंस गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चालक को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चालक की पहचान शिवकुमार उर्फ राजू यादव निवासी बाबागंज, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
18 May 2026, 08:59:28 AM IST
11,000 वोल्ट की लाइन छूते ही डंपर में भड़की आग, चालक जिंदा जला
अम्बेडकरनगर में आर एल वी ईंट भट्ठे पर सोमवार भोर में डंपर से मिट्टी गिराते समय 11000 वोल्टेज की बिजली लाइन छू जाने से डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। चालक गाड़ी से बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सका और जिंदा जलकर मौत के आगोश में समा गया। घटना जनपद मुख्यालय के कस्बा शहजादपुर के अमरौला वार्ड में हुई।
जंग बहादुर के भट्टे के लिए मिट्टी डाली जा रही थी। चालक ने डंपर का डाला (हाइड्रॉलिक बॉडी) ऊपर किया और गाड़ी आगे बढ़ाई। ठीक उसी समय डंपर का ऊपरी हिस्सा 11,000 वोल्ट की उच्च क्षमता वाली बिजली लाइन से टकरा गया। तुरंत स्पार्किंग हुई और पूरी डंपर में आग की लपटें उठने लगीं। गाड़ी तेजी से जलने लगी।चालक की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई भी उसके पास नहीं पहुंच सका। चालक मौके पर ही जलकर भस्म हो गया।
18 May 2026, 08:27:20 AM IST
बड़ी कंपनियों से कमीशन के चक्कर में सोनाबंदी, पीएम मोदी की अपील पर अखिलेश यादव का आरोप
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से एक साल तक 'सोना न खरीदने' की अपील पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियों से मोटा कमीशन खाने के चक्कर में भाजपा सरकार युद्ध का बहाना बनाकर देश में 'सोनाबंदी' करना चाहती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: बड़ी कंपनियों से कमीशन के चक्कर में सोनाबंदी, पीएम मोदी की अपील पर अखिलेश यादव का आरोप
18 May 2026, 08:27:18 AM IST
यूपी पंचायत चुनाव, कैशलेस इलाज, लखनऊ-आगरा मेट्रो, योगी कैबिनेट के एजेंडे में क्या-क्या?
सीएम योगी की अध्यक्षता में आज लखनऊ में कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक में लोकतंत्र सेनानियों को कैशलेस इलाज, लखनऊ व आगरा मेट्रो विस्तार के लिए भूमि व एमओयू को मंजूरी देने तथा पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण के लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन समेत एक दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: यूपी पंचायत चुनाव, कैशलेस इलाज, लखनऊ-आगरा मेट्रो, योगी कैबिनेट के एजेंडे में क्या-क्या?