यूपी की परियोजनाओं को मिलने जा रही रफ्तार, योगी सरकार की यह है तैयारी
यूपी की परियोजनाओं को रफ्तार मिलने जा रही है। योगी सरकार शीतकालीन सत्र में अनुपूरक बजट लाने की तैयारी में है। वित्त विभाग ने अलग-अलग विभागों से प्रस्ताव मांग कर उस पर विचार करना शुरू कर दिया है।

उत्तर प्रदेश में चल रही योजनाओं को रफ्तार देने के लिए योगी सरकार शीतकालीन सत्र में अनुपूरक बजट लाने की तैयारी में है। वित्त विभाग ने अलग-अलग विभागों से प्रस्ताव मांग कर उस पर विचार करना शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक अनुपूरक बजट में राज्य सरकार कई ऐसी परियोजनाओं के लिए बजट का आवंटन कर सकती है, जो केंद्रीय से आने वाले बजट के अभाव में कुछ ठहर सी गई हैं। इसके अलावा सरकार प्रदेश में चल रहे सड़क निर्माण, लिंक एक्सप्रेस-वे जैसे प्रस्तावों के लिए बजट का आवंटन कर सकता है। योगी सरकार ने पिछले वित्त वर्ष में दिसंबर में 17865 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया था। इस साल इसका आकार तकरीबन 10 प्रतिशत तक बढ़ाया जा सकता है।
इन परियोजनाओं को मिल सकती है रफ्तार
केन्द्र द्वारा अटल भूजल योजना बंद किए जाने के बाद राज्य सरकार अपने स्तर से राज्य स्तरीय अटल भूजल योजना चला रही है। अनुपूरक इसके लिए राशि का इंतजाम किया जा सकता है। योजना से ऐसे क्षेत्रों में काम किया जाना है, जहां भूजल स्तर काफी नीचे है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के बचे कामों को पूरा करने के लिए भी बजट की व्यवस्था सरकार अनुपूरक में कर सकती है। विशेष रूप से बुंदेलखंड के बचे कामों के लिए बजट का आवंटन किया जाएगा। प्रदेश में बनने वाले लिंक एक्सप्रेस-वे अनुपूरक का बड़ा हिस्सा मिलने की उम्मीद है। डिफेंस कॉरिडोर में इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने और जमीनों के अधिग्रहण के लिए बजट की व्यवस्था होगी।
सड़क, बिजली और सब्सिडी के लिए भी बजट
ग्राम्य विकास विभाग और पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जाने वाली सड़कों के लिए भी बजट की अतिरिक्त व्यवस्था की जा सकती है। गर्मियों में बिजली का नेटवर्क सुधारने और नए पावर प्लांटों के लिए अतिरिक्त रकम की व्यवस्था की भी तैयारी है। औद्योगिकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार अलग-अलग नीतियों के तहत सब्सिडी के लिए बजट में इंतजाम कर सकती है।




साइन इन