साइबर ठगी को बताया किडनैपिंग, बिना कपड़ों में वीडियो कॉल पर लड़की से बात और फिर…
एक किडनैपिंग मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि युवक ने साइबर अपराधियों के एक लाख रुपये वसूलने और दोबारा धमकी देने से तंग आकर अपहरण की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने युवक को हिदायत देकर छोड़ दिया है।

यूपी में फाफामऊ के थरवई क्षेत्र में बुधवार को एक युवक को अगवा कर एक लाख रुपये फिरौती वसूलने के मामले का पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। युवक ने साइबर अपराधियों के एक लाख रुपये वसूलने और दोबारा धमकी देने से तंग आकर अपहरण की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने युवक को हिदायत देकर छोड़ दिया है।
पुलिस के अनुसार, सरायचंडी गांव नागेंद्र कुमार प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है। उसने बुधवार को थरवई थाने में तहरीर दी थी कि बाइक से सहसों ऑनलाइन फार्म भरने जा रहा था। रास्ते में बसमहुआ गांव के समीप कार सवार बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और उसे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन अपहरण का साक्ष्य नहीं मिला।
पुलिस ने गुरुवार को नागेंद्र से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सच्चाई उगल दी। नागेंद्र ने बताया कि वह बुधवार को कानपुर से ट्रेन से लौट रहा था। रास्ते में फेसबुक पर अनजान वीडियो कॉल में एक नग्न लड़की बात कर रही थी। इसके बाद अनजान नंबर से कॉल आई और नग्न लड़की के साथ बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जाने लगी। डरा धमकाकर उससे एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराया गया। लेकिन, फिर से एक लाख 30 हजार रुपये की और मांग की जाने लगी। नागेंद्र ने अपने मित्र की सलाह पर लोकलाज के डर व साइबर ठग से छुटकारा पाने के लिए अपहरण की झूठी कहानी रची थी।




साइन इन