डॉक्टर पति को पुलिस ने 15 घंटे में किडनैपर्स से छुड़ाया, 3 गिरफ्तार; मांगी थी एक करोड़ की फिरौती
तीन बदमाशों ने गोरखपुर के कौआबाग अंडरपास से डॉक्टर पति को बातचीत में फंसाकर कार में बैठा लिया। फिरौती के चक्कर में वे दिन भर उन्हें गाड़ी में घुमाते रहे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपित उन्हें आजमगढ़ ले गए थे, वहां से संतकबीरनगर और सहजनवा इलाके में घुमाते रहे।

यूपी के गोरखपुर में एयरफोर्स के रिटायर्ड कर्मचारी, पादरी बाजार स्थित आयुष्मान हॉस्पिटल के संचालक और डॉ.सुषमा जायसवाल के पति अशोक जायसवाल का शुक्रवार की सुबह रेलवे स्टेडिमय स्विमिंग के लिए जाते समय रास्ते से चार पहिया सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। पत्नी के पास एक करोड़ रुपये की फिरौती की कॉल आने के बाद अपहरण की जानकारी हुई। पत्नी की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और 15 घंटे के अंदर अशोक जायसवाल को बरामद कर तीन अपहर्ताओं को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान बेलघाट निवासी करुणेश और सिकरीगंज के रहने वाले श्याम सुंदर और जर्नादन के रूप में हुई है। तीनों ने कौआबाग अंडरपास से उन्हें बातचीत में फंसाकर कार में बैठा लिया और फिरौती के चक्कर में दिन भर गाड़ी में घुमाते रहे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपित उन्हें आजमगढ़ ले गए थे, वहां से संतकबीरनगर और सहजनवा इलाके में घुमाते रहे। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि फिरौती के लिए बदमाश गोरखपुर आए थे, इसी दौरान उन्हें दबोच लिया गया। तीनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
बस्ती में तैनात हैं डॉ.सुषमा
गोरखपुर के पादरी बाजार की रहने वाली डॉ. सुषमा जायसवाल वर्तमान में बस्ती जिले में तैनात हैं। वह गोरखपुर जिला अस्पताल और पिपराइच में भी तैनात रही हैं। उनके पति अशोक जायसवाल एयरफोर्स से रिटायर होने के बाद आयुष्मान के नाम से हॉस्पिटल चलाते हैं।
कौआबाग अंडरपास से अगवा, मास्टरमाइंड की तलाश
एयरफोर्स से रिटायर्ड अशोक जायसवाल रोजाना की तरह सुबह साढ़े पांच बजे घर से साइकिल से रेलवे स्टेडियम में स्विमिंग के लिए निकले। कौआबाग अंडरपास में घुसते हुए वह दिखे पर बाहर नहीं निकले। यहीं से उनको अपहर्ताओं ने गाड़ी से अगवा किया था। करीब साढ़े चार घंटे बाद यानी दस बजे जब उन्होंने अशोक जायसवाल की डॉक्टर पत्नी के मोबाइल पर अनजान नम्बर से काल कर पैसे की डिमांड की तब जाकर घरवालों को अपहरण की जानकारी हुई। फिलहाल पुलिस ने डॉक्टर को बरामद कर तीन अपहर्ताओं को पकड़ लिया है लेकिन अभी भी मास्टर माइंड की तलाश है। आशंका है कि कोई परदे के पीछे है जिनके इशारे पर तीनों काम कर रहे थे। फिरौती की रकम लेने के लिए वे आजमगढ़, संतकबीरनगर और सहजनवां इलाके में डॉक्टर पति को गाड़ी में लेकर घूम रहे थे। अशोक के साढ़ू ने पैसे के लिए फोन आने के बाद पादरी बाजार चौकी पर अपहरण की सूचना दी थी। अपहर्ताओं ने कहा था कि हमारा पैसा जो लिए थे भेज दीजिए, अशोक ने भी वही बात कही ऐसे में पुलिस ने लेनदेन की आशंका जताई। हालांकि डॉक्टर पत्नी ने जब बताया कि उनका किसी से कोई लेन-देन नहीं है। उसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर आरोपितों को ट्रेस कर लिया।
साइकिल से स्वीमिंग के लिए निकले थे
अशोक जायसवाल रोज की तरह सुबह 5:30 बजे स्विमिंग के लिए साइकिल से रेलवे स्टेडियम के लिए निकले थे, लेकिन सुबह नौ बजे तक घर नहीं लौटे तो परिवारीज परेशान हो गए। उनकी खोजबीन शुरू हुई पर कहीं पता नहीं चला। इसी बीच करीब 10 बजे उनकी पत्नी डॉ. सुषमा जायसवाल के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर कॉल आई। दूसरी तरफ से बात करने वाले ने अशोक जायसवाल से उनकी बात कराई तो उसने एक करोड़ रुपये देने के लिए कहा। डॉ. सुषमा ने इसकी सूचना शाहपुर पुलिस को दी। अपहरण और फिरौती की बात सामने आने के बाद पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपितों की तलाश में जुट गई। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे पैसे का लेनदेन माना।
दो बच्चों के पिता हैं अशोक जायसवाल, बेटा यूएस में
अशोक दो बच्चों के पिता हैं। एक बेटा और एक बेटी हैं। बेटा विदेश (यूएस) में रहता हैं। जबकि पत्नी सुषमा जायसवाल सरकारी डॉक्टर हैं। वर्तमान में बस्ती जनपद में तैनात हैं। अशोक मकान के तीसरे मंजिल पर रहते हैं। दूसरी मंजिल पर आयुष्मान हॉस्पिटल है। वह हॉस्पिटल के संचालक हैं।




साइन इन