यूपी पंचायत चुनाव: प्रदेश के 2.81 करोड़ वोटर के सत्यापन अभी बाकी, कैसे होंगे? कल तक ही समय
UP Panchayat Elections: पूरे प्रदेश में 5.01 करोड़ डुप्लीकेट वोटर में से 2.81 करोड़ का सत्यापन अभी तक बकाया है। बरेली में भी 9.18 लाख डुप्लीकेट वोटर में से 5.19 लाख का सत्यापन अभी नहीं हुआ है, जबकि सत्यापन की आखिरी तारीख 20 फरवरी है।

UP Panchayat Elections: यूपी पंचायत मतदाता सूची में शामिल संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और फीडिंग का काम धीमी गति से चल रहा है। पूरे प्रदेश में 5.01 करोड़ डुप्लीकेट वोटर में से 2.81 करोड़ का सत्यापन अभी तक बकाया है। बरेली में भी 9.18 लाख डुप्लीकेट वोटर में से 5.19 लाख का सत्यापन अभी नहीं हुआ है, जबकि सत्यापन की आखिरी तारीख 20 फरवरी है।
प्रदेश में 50146777 ऐसे संभावित डुप्लीकेट मतदाता मिले हैं जिनका नाम, पिता, पति, माता का नाम एवं लिंग समान हैं। इन मतदाताओं के सत्यापन का कार्य इन दिनों चल रहा है। ग्राम पंचायतों में तैनात बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। मतदाताओं की पहचान आधार कार्ड के अंतिम चार अंकों के माध्यम से की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की दोहरी या फर्जी प्रविष्टि को चिह्नित किया जा सके। चिह्नीकरण के साथ ही डुप्लीकेट पाए जाने पर इनको मतदाता सूची से डिलीट किया जाएगा। जो वोटर वैलिड पाए जाएंगे, उन्हें सूची में बरकरार रखा जाएगा। इस कार्य के लिए निर्वाचन आयोग ने 20 फरवरी तक का समय दिया है। सत्यापन की गति को देखते हुए 20 फरवरी तक पूरे प्रदेश में ही यह कार्य पूरा होता हुआ नहीं दिख रहा है।
जिला स्तरीय अधिकारी तहसील से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक सत्यापन के लिए बार-बार निर्देश दे रहे हैं मगर उसके बाद भी काम की गति नहीं बढ़ पा रही है। पूरे प्रदेश की बात की जाए तो 5,01,46777 डुप्लीकेट मतदाताओं में से 2,81,71203 यानी कि 56.177 फीसदी मतदाताओं का सत्यापन बकाया है। पूरे प्रदेश में सबसे खराब स्थिति ललितपुर की है। यहां अभी तक 91.49 फीसदी वोटर का सत्यापन नहीं हुआ है। सबसे बेहतर स्थिति उन्नाव की है। उन्नाव में सिर्फ 6.92 फीसदी वोटर का सत्यापन रह गया है। हरदोई, रामपुर, सीतापुर, मीरजापुर, गोरखपुर, गाजियाबाद, बदायूं, सोनभद्र, बाराबंकी, भदोही, कानपुर नगर, हापुड़, बुलंदशहर, संभल, मुरादाबाद, मथुरा, इटावा, बलरामपुर, शामली, कानपुर देहात, श्रावस्ती, अयोध्या और बलिया में अभी 50 फीसदी से अधिक वोटर का सत्यापन हुआ है। शेष जिलों में 50 फीसदी से अधिक काम बकाया है।
नवाबगंज में सबसे कम सत्यापन
बरेली जिले में 9,18,288 संभावित डुप्लीकेट मतदाता मिले हैं। अभी तक 43.45 फीसदी कार्य ही हुआ है। 56.55 फीसदी कार्य होना बाकी है। जिले में सबसे पीछे नवाबगंज विधानसभा चल रही है। यहां 140600 वोटर में से मात्र 7.32 फीसदी की फीडिंग ही हुई है। नवाबगंज के खराब प्रदर्शन के कारण बरेली की प्रदेश में स्थिति खराब हो रही है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सतीश कुमार मौर्या ने बताया कि 9,18,288 डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य कराया जा रहा है। सत्यापन/ निस्तारण की कार्रवाई 20 फरवरी तक चलेगी। काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
सत्यापन में टॉप-5 जिले
जिला----कुल डुप्लीकेट वोटर----सत्यापन शेष
उन्नाव----1023367-------------6.92 फीसदी
हरदोई----1328548-------------16.49 फीसदी
रामपुर-------435635-------------21.46 फीसदी
सीतापुर-1488407----------------22.21 फीसदी
मीरजापुर-661009----------------23.46 फीसदी
सत्यापन में बॉटम-5 जिले
जिला----कुल डुप्लीकेट वोटर----सत्यापन शेष
ललितपुर-336783----------91.49 फीसदी
लखनऊ-403126----------87.76 फीसदी
अलीगढ़-737922----------87.56 फीसदी
कुशीनगर-981982----------83.05 फीसदी
सुल्तानपुर-707856-------82.19 फीसदी
बरेली का हाल
तहसील----मतदाता----सत्यापन शेष
आंवला---172533----71.10 फीसदी
सदर----185266----69.57 फीसदी
नवाबगंज-140600----92.68 फीसदी
बहेड़ी-167187----41.55 फीसदी
फरीदपुर-116388----35.28 फीसदी
मीरगंज-136314----19.75 फीसदी




साइन इन