UP News Live: सीतापुर में श्रद्धालुओं से भरी बस कार से भिड़ी, यूपी के इस गांव का बदलेगा नाम, सीएम योगी ने कर दिया ऐलान UP News Live CM Yogi Adityanath Lakhimpur Rajnath Singh SIR Final Voter List Uttar Pradesh Latest Updates Today 11 April - uttar-pradesh news
More
Hindi Newsउत्तर प्रदेशUP News Live: सीतापुर में श्रद्धालुओं से भरी बस कार से भिड़ी, यूपी के इस गांव का बदलेगा नाम, सीएम योगी ने कर दिया ऐलान

UP News Live: सीतापुर में श्रद्धालुओं से भरी बस कार से भिड़ी, यूपी के इस गांव का बदलेगा नाम, सीएम योगी ने कर दिया ऐलान

UP News Live: सीतापुर में बिजली का तार गिरने से सूखी पड़ी गेंहू की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में आकर करीब 100 बीघा फसल जलकर बर्बाद हो गई। सीतापुर में श्रद्धालुओं से भरी एक बस और कार में भिड़ंत हो गई। बस में 25 यात्री सवार थे।

UP News Live: सीतापुर में श्रद्धालुओं से भरी बस कार से भिड़ी, यूपी के इस गांव का बदलेगा नाम, सीएम योगी ने कर दिया ऐलान

cm yogi

Srishti Kunj| लाइव हिन्दुस्तान,लखनऊ | Sat, 11 Apr 2026 11:30 PM
हमें फॉलो करें

UP News Live: सीतापुर में भीषण सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी बस और सामने से आ रही कार में भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों गाड़ियों का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ और बस में सवार 25 यात्री बाल- बाल बच गए। सीतापुर के ही गुरपालिया में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे खेत के ऊपर से गुजरी हाई टेंशन लाइन का तार अचानक टूट गर कर गिया। जिससे सूखी पड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। करीब सौ बीघा फसल आग की चपेट में आकर बर्बाद हो गई।

11 Apr 2026, 11:30:01 PM IST

रक्षामंत्री सिंह ने अत्याधुनिक लेज़र, लाइट और साउंड शो का किया उद्घाटन

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को सेना के मध्य कमांड के स्मृतिका युद्ध स्मारक में अत्याधुनिक लेजर, लाइट और साउंड शो का उद्घाटन किया। लगभग 30 मिनट का यह हिंदी मल्टीमीडिया शो, उन्नत प्रोजेक्शन, साउंड और लाइटिंग तकनीकों के माध्यम से भारतीय सेना के इतिहास, उसकी ऑपरेशनल उपलब्धियों और राष्ट्र-निर्माण में उसके योगदान को बयां करता है। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, मुख्यालय मध्य कमान के वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय सेना और राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद थे।

11 Apr 2026, 06:18:45 PM IST

प्रतापगढ़ जिला जेल में विचाराधीन कैदी की मौत के मामले में तीन कर्मी निलंबित

यूपी के प्रतापगढ़ जिला जेल में एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो जाने के मामले में जेल प्रशासन ने एक डिप्टी जेलर सहित तीन कर्मियों को निलंबित कर दिया है। जिला जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी के अनुसार, मृतक कैदी दीपक उर्फ राहुल, उन्नाव जिले के रसूलाबाद क्षेत्र के पुरवा मिर्जापुर का निवासी था। राहुल बलात्कार और पॉक्सो अधिनियम के तहत आरोपों का सामना कर रहा था। वह प्रतापगढ़ के कंधई थाने में दर्ज मामले में एक नवंबर 2025 से जेल में बंद था। अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। कैदी शुक्रवार को जेल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद जेल महानिदेशक ने डिप्टी जेलर ध्रुव नारायण श्रीवास्तव, मुख्य वार्डर (बंदी रक्षक) अखिलेश सिंह और एक अन्य कर्मचारी प्रसाद को निलंबित कर दिया है। साथ ही, डीआईजी (जेल) को मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कैदी की मौत कथित रूप से आत्महत्या के कारण हुई है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

11 Apr 2026, 05:31:07 PM IST

प्रतापगढ़ जेल में बंदी की मौत; जला शव मिला, डिप्टी जेलर समेत 3 सस्पेंड

प्रतापगढ़ जिला जेल परिसर में रखे लकड़ी के ढेर में संदिग्ध हालात में बंदी की जलकर मौत हो गई। घटना कैसे हुई, यह अभी साफ नहीं है। जेल प्रशासन को प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है पर इसे लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। जेल प्रशासन ने लापरवाही बरतने पर डिप्टी जेलर और दो हेड वार्डर को निलंबित कर दिया है।

11 Apr 2026, 05:29:45 PM IST

वाराणसी में देवर ने भाभी को मार डाला, साली से शादी पर हुई थी कहासुनी

वाराणसी में एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अमिनी गांव में देवर ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए। मृतका की पहचान पूनम पटेल (28) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी देवर अजीत पटेल (28) ने गुस्से में आकर पूनम पर ताबड़तोड़ वार किए। उसने कुल्हाड़ी से सिर, गर्दन और पैर पर कई बार हमला किया। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

11 Apr 2026, 04:38:26 PM IST

मियांपुर होगा अब रविंद्रनगर, खीरी में सीएम योगी ने की घोषणा

लखीमपुर खीरी पहुंचे सीएम योगी ने आदित्यनाथ ने खीरी के गांव मियांपुर का नाम बदलने की घोषणा की। सीएम योगी ने कहा, जहां एक भी मियां नहीं उस गांव का नाम मियांपुर रख दिया गया। अब इसका नाम रविंद्रनगर होगा। इससे पहले सीएम योगी ने चंदनचौकी में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने थारू जनजाति परिवारों और पूर्वी यूपी से आकर बसे बाढ़ विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार प्रमाण पत्र भी सौंपे। चंदनचौकी में 817 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी। भूमि अधिकार की उपयोगिता के बारे में मुख्यमंत्री ने जानकारी दी।

यूपी के एक और शहर का बदलेगा नाम, खीरी में सीएम योगी ने की घोषणा

11 Apr 2026, 02:11:20 PM IST

पचपेड़वा में तेंदुए का हमला, विधायक ने मांगा 10 लाख मुआवजा

बलरामपुर के पचपेड़वा में सोहेलवा जंगल के भाभर रेंज में शुक्रवार को तेंदुए के हमले में मारे गए हरिकान्त यादव के परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की कवायद तेज हो गई है। स्थानीय विधायक राकेश यादव ने मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए की अहेतुक सहायता राशि देने की मांग की है। वहीं डीएफओ ने शनिवार को रेहरा बीट के धोबोलिया गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया।

11 Apr 2026, 02:10:19 PM IST

बिजली का तार टूटकर गिरने से 100 बीघा गेहूं की फसल जलकर हुई खाक

सीतापुर के खैराबाद के गुरपालिया में शनिवार को खेत के ऊपर से गुजरी हाई टेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से गेहूं की फसल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग विकराल हो गई, लपट निकलने लगी। ग्रामीणों ने चीख पुकार मचा आग बुझाना शुरू कर अग्निशमन विभाग को सूचित किया। देखते ही देखते आग की चपेट में आकर करीब 100 बीघा फसल जलकर बर्बाद हो गई।

गुरपालिया में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे खेत के ऊपर से गुजरी हाई टेंशन लाइन का तार अचानक टूट गर कर गिया। जिससे सूखी पड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। इस बीच चल रही हवा के झोके से आग तेजी से फैली देखते ही देखत आग विकराल हो गई।

11 Apr 2026, 02:05:09 PM IST

डीएम व एसपी ने भारत नेपाल सीमा का भ्रमण कर जांची सुरक्षा व्यवस्था

भारत नेपाल बार्डर की श्रावस्ती में 62 किलो मीटर खुली सीमा लगती है। जहां हर संभव घुसपैठ, तस्करी रोकने को लेकर कड़ी निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में डीएम व एसपी ने सीमा का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी सुबह अपने कार्यालय से निकल सीधे भारत नेपाल सीमा का भ्रमण करने पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने थाना सिरसिया क्षेत्र में स्थित सुइया बॉर्डर व अन्य सीमावर्ती गांवों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीमा स्तम्भों का स्थलीय सत्यापन कर संबंधित अधिकारियों व सुरक्षा बलों को निर्देशित किया गया।

11 Apr 2026, 02:04:37 PM IST

सीतापुर अलर्ट: श्रद्धालुओं से भरी बस और कार में हुई भिड़ंत, चालक चोटिल

सीतापुर में सदंना स्थित सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर रालामऊ में शनिवार को श्रद्धालुओं से भरी बस और सामने से आ रही कार में भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों गाड़ियों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक को हल्की चोटें आई हैं। जबकि बस में सवार 25 यात्री बाल- बाल बच गए। उधर, हादसे के बाद कार सवार गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। बस सवार सभी लोग लोग लखनऊ से नैमिषारण्य आ रहे थे।

लखनऊ के एलडीए कॉलोनी निवासी चंदन शर्मा शनिवार को टूरिस्ट बस लेकर नैमिषारण्य आ रहे थे। बस में लखनऊ स्थित सचिवालय कॉलोनी के 25 यात्री थे। सभी लोग नैमिषारण्य आ रहे थे।

11 Apr 2026, 01:57:50 PM IST

शॉर्ट सर्किट से बेकरी की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

बाराबंकी शहर के छाया चौराहा स्थित एक बेकरी की दुकान में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

शनिवार सुबह करीब 7 बजे छाया चौराहा के पास स्थित बेकरी से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। कुछ ही देर में मालिक मौके पर पहुंचे और शटर खोला गया तो अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी तथा पूरा परिसर धुएं से भरा हुआ था। दुकान में आग की लपटें भी उठ रही थी।

11 Apr 2026, 01:56:40 PM IST

जो बूटा शीर्षक और सागवान की लकड़ी बरामद, तीन अज्ञात पर केस

बलरामपुर में सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बरहवा रेंज की संयुक्त टीम वन विभाग बरहवा रेंज तथा नवीं वाहिनी सशस्त्र सीमाबल जी कंपनी बरहवा नाका टीम गठित कर ग्राम लखाही पहुंची। अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 07 किलोमीटर भारत की ओर स्थित है।

गांव में सघन सर्च अभियान के दौरान एक पुराने एवं जर्जर मकान में छिपाकर रखी गई अवैध रूप से जंगली 03 बोटा सागौन तथा 06 बोटा शीशम की लकड़ी के बोटे बरामद किए गए। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से पूंछताछ की गई, लेकिन किसी ने लकड़ी छिपाने वाले या मकान मालिक के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। तत्पश्चात संयुक्त टीम द्वारा लकड़ी को जब्त कर लिया गया।

11 Apr 2026, 01:55:46 PM IST

ऊंचाहार में किशोर ने खाई चूहामार दवा, हालत बिगड़ी

राबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक किशोर ने चूहामार दवाई का सेवन कर लिया। इससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई। इसकी जानकारी पर परिजनों ने उसे आनन-फानन सीएचसी पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद किशोर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, थानाक्षेत्र के मदारी गंज निवासी युवक के 16 वर्षीय बेटे ने किसी बात से क्षुब्ध होकर घर में रखी चूहामार दवाई खा ली। इससे थोड़ी ही देर में किशोर की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने जब किशोर से पूछताछ की तो उसने चूहामार दवाई खाने की बात कही। किशोर की बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। इसके साथ ही घर में कोहराम मच गया।

11 Apr 2026, 01:55:20 PM IST

छत के कमरे से किशोरी फंदे से लटकती मिली

बहराइच में शुक्रवार रात में एक किशोरी की परिजनों की डांट से नाराज किशोरी ने घर में छत के कुंडे में फंदा डाल कर खुदकुशी का प्रयास किया। भनक पाकर परिजनों ने आनन फानन में फंदा काट उसे मेडिकल कॉलेज लाए ।चिकित्सकों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया।

नगर कोतवाली के नाजिरपुरा में फिजां (18) को किसी बात को लेकर शुक्रवार रात लगभग 9:45 बजे कहासुनी हुई। कुछ समय बाद कमरे में कुछ गिरने की आवाज पर परिजन कमरे में दौड़े। कमरे में छत के कुंडे से फंदे से फिजां लटकती छटफटा रही थी। परिजनों ने आनन फानन में फंदा काट उसे वाहन पर लाद मेडिकल कॉलेज लाए ।चिकित्सकों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया।

11 Apr 2026, 01:55:03 PM IST

तीन मौतों के बाद भी नहीं थमा कहर, शोक में डूबे परिवार पर मुकदमे का बोझ

अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के करेरू गांव में हुए हृदयविदारक घटनाक्रम के बाद दलित परिवार के मुखिया पाटनदीन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बहू, बेटे और मासूम पोते की मौत के बाद भी परिवार की पीड़ा कम नहीं हो रही, बल्कि नए घटनाक्रमों ने जख्म और गहरे कर दिए हैं।

शुक्रवार को बेटे और बहू के अंतिम संस्कार के बाद किरिया कर्म में बैठे पाटनदीन सुकून से अपने मृत परिजनों की आत्मा की शांति के लिए कर्मकांड भी नहीं कर पा रहे हैं। रोते-बिलखते उन्होंने बताया कि दाह संस्कार के बाद कलाफरपुर घाट से रौनाही पुलिस उनके बेटे अवधेश और सदानंद को अपने साथ ले गई, जिससे वे अपने भतीजे, यानी मृत मासूम पोते के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो सके। पाटनदीन के मुताबिक जब दोनों बेटे अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचे तो उन्होंने जानकारी जुटाई। शनिवार सुबह थाने पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उनके बेटों के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज किया गया है और अब जमानत फैजाबाद से करानी होगी।

11 Apr 2026, 01:54:28 PM IST

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को मोबाइल के साथ मिला शिक्षण किट

बलरामपुर में विकासखंड के बाल विकास परियोजना कार्यालय के सभागार में 164 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को शिक्षण किट के साथ मोबाइल फोन व 54 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। आंगनवाड़ी केंद्र चलो अभियान के माध्यम से नौनिहालों को पोषण और पढ़ाई से जोड़ने का संकल्प दोहराया गया। यहां लगे टी एल एम स्टालों को पुरस्कृत किया गया।

बाल विकास परियोजना कार्यालय गैण्डास बुजुर्ग के आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में खेल एवं शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया।

11 Apr 2026, 01:47:30 PM IST

युवती की पिटाई करने पर चार पर मुकदमा दर्ज

अयोध्या के बाबा बाजार थाना क्षेत्र की एक युवती को शादी का झांसा देकर पिटाई करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चार आरोपित पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक युवती का आरोप है कि मड़किया मजरे कसारी गांव का शाहरुख पिछले तीन साल से युवती से बात करता था और शादी का वादा किया था। शाहरुख ने युवती के अन्य रिश्ते भी नहीं होने दिए और बात करने के लिए एक मोबाइल फोन भी दिया था। आरोपी उसी फोन की आईडी का इस्तेमाल कर अन्य लड़कों से बातचीत करने का झूठा आरोप लगाकर युवती को बदनाम कर रहा है। सात अप्रैल को शाहरुख युवती के घर पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की।

11 Apr 2026, 01:23:19 PM IST

मलिहाबाद के लाल ने पहले ही प्रयास में मारी बाजी, पीसीएस परीक्षा में 118वीं रैंक हासिल कर चैना गांव का नाम किया रोशन

कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची, तो सफलता कदम चूमती है। इसे सच कर दिखाया है मलिहाबाद के चैना गांव निवासी रविकांत दीक्षित ने। रविकांत ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस-2023) की परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में 118वीं रैंक हासिल कर पीसीएस अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया है।

समीक्षा अधिकारी के रूप में चयन के बाद शनिवार को जब रविकांत पहली बार अपने गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बनता था। चैना तिराहे से उन्हें ढोल-नगाड़ों के साथ एक खुली गाड़ी में बैठाकर पूरे सम्मान के साथ गांव लाया गया। ग्रामीणों और परिजनों ने फूलमालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।

11 Apr 2026, 01:03:30 PM IST

बदमाशों ने पुलिस चौकी के निकट व्यापारी के सिर पर असलहों की बट से हमला कर लूटे 17 लाख 40 हजार रुपए

अम्बेडकरनगर के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के बिड़हर पुलिस चौकी के निकट सुबह बदमाशों ने व्यापारी के सिर में असलहों की बट से मारने के बाद लगभग 17 लाख 40 हजार रुपए लूट लिया। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।

बताया जाता है कि कपड़ा व्यवसायी नेवारी दुराजपुर निवासी मोहम्मद रईस पुत्र हाजी अब्दुल समद शनिवार की सुबह बिहार प्रांत के बॉर्डर से तगादा के लगभग 17 लाख 40लाख रुपए लेकर अपने साथी जलाल अहमद निवासी मुंडेरा टांडा के साथ बाइक पर सवार होकर वापस घर आ रहे थे,कि बिड़हर पुलिस चौकी के निकट पहुंँचने पर स्विफ्ट वीडीआई से बदमाशों ने पीछा करके बाइक चला रहे मोहम्मद रईस को रोक लिया। इस दौरान बाइक के पीछे बैठे जलाल अहमद से रुपए वाला बैग छीनने का प्रयास किया।विरोध करने पर बदमाशों ने रईस के सिर पर असलहों की बटों से हमला कर घायल कर दिया। और रुपए वाला बैग लूट कर फरार हो गए।

11 Apr 2026, 12:57:05 PM IST

सड़क हादसे में युवक की मौत, शोक की लहर

अयोध्या में बीकापुर तहसील क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्राम सभा मलेथू कनक निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शिवकुमार वैश्य के छोटे भाई रुद्र प्रताप (लगभग 37 वर्ष) शुक्रवार शाम करीब 8 बजे चांदपुर के पास सड़क हादसे का शिकार हो गए।

बताया जा रहा है कि अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल उपाध्याय एवं भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष भरत जी श्रीवास्तव सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर पहुंचाया।

11 Apr 2026, 12:50:45 PM IST

एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 630 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार

बाराबंकी में एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) और मसौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 630 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मसौली थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर मोड़ के पास भारी मात्रा में हेरोइन लेकर आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएनटीएफ की टीम का गठन किया गया और पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन के निर्देशन में कार्रवाई शुरू की गई।

11 Apr 2026, 12:50:26 PM IST

ईंधन कम होने पर दुबई-काठमांडू फ्लाइट की लखनऊ डायवर्ट

सरोजनीनगर में दुबई से काडमांडू जा रहे विमान के पायलट को ईधन कम होने की आशंका हुई। जिसपर पायलट ने चौधरी चरण सिंह अन्तराष्ट्रीय एयरपोर्ट की एटीसी से लैडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी से अनुमति मिलने के बाद विमान की चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार की सुबह लैंडिंग कराई गई।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार फ्लाई दुबई की फ्लाइट (एफजेड-1133) 154 यात्रियों को लेकर दुबई से काठमांडू जा रहा था। इस दौरान पायलट को विमान में ईधन कम होने की जानकारी हुई। जिसपर पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट से लैडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी द्वारा प्राथमिकता देते हुए विमान को तुरंत लैंडिंग की अनुमति प्रदान की गई।

11 Apr 2026, 12:42:28 PM IST

वाहनों पर काली फिल्म के खिलाफ अभियान

बहराइच में पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर यातायात पुलिस और सम्बंधित थानों की पुलिस ने वाहनों में लगी काली फिल्म उतरवाने को लेकर अभियान चलाया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में शनिवार की सुबह ही पुलिस विभिन्न इलाकों में लग गई। 22 वाहनों से फिल्म उतारी गई और कार्रवाई की गई।

थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग, प्रवर्तन अभियान चलाया गया। वाहनों का गहन निरीक्षण किया गया। संबंधित वाहन चालकों, स्वामियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान एवं विधिक कार्यवाही की गई।

11 Apr 2026, 12:40:36 PM IST

दहेज में बाइक न मिलने पर सऊदी से तलाक की धमकी

बहराइच में एक युवती को बुलेट बाइक दहेज में मायके से न लाए जाने पर सऊदी अरब में मजदूरी कर रहा पति तीन तलाक की धमकी दे रहा है। युवती को ससुरालीजनों ने मारपीट कर घर से भगा दिया है। युवती मायके में रह रही है। पीड़िता ने थाने में पति सहित पांच के विरूद्ध दहेज प्रतिषेध अधिनियम व मुस्लिम महिला का विवाह मे अधिकार का संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया है। फखरपुर थाने के अकबरपुर बुजुर्ग के मजरे नयापुरवा निवासी जाबिर की बेटी राबिया की शादी 20 सितम्बर 2024 को इसी थाने के चकसोहगना के मजरे निरहूपुरवा निवासी एजाज अहमद पुत्र सिराज के साथ हुआ था।

11 Apr 2026, 12:39:45 PM IST

गाय की होम डिलीवरी का झांसा देकर ठग लिए

बहराइच जिले के रानीपुर थाने के गोबरहा गांव में साइबर ठगों ने गाय की होम डिलीवरी के नाम पर 57,700 की ठगी कर ली। पीड़ित ने मोबाइल नम्बर दर्ज करा धोखाधड़ी व साइबर एक्ट में केस दर्ज कराया है। जिले में यह अपने आप में पहला मामला है कि जब आन लाइन मवेशी की खरीदारी की गई। अब खरीदार के होश उड़े हैं और थाने का चक्कर लगा रहे।

रानीपुर थाने के गोबरहा निवासी सुनील सिंह पुत्र नान्हू सिंह को बेहतर नस्ल की गाय की जरूरत थी। उसी दौरान एक साइबर ठग ने उनके मोबाइल पर काल किया और बोला वह घर बैठे उन्नत प्रजाति की गाय 70 हजार में होम डिलीवरी कर देगा। झांसा देकर उनसे 57,700 रूपये भेजने को कहा गया। साइबर ठगों की लुभावने प्लान के झांसे में आकर 57,700 रूपये की गाय खरीदी।

11 Apr 2026, 12:02:14 PM IST

टायर फटते ही डिवाइडर तोड़ खाई में गिरा कंटेनर, बड़ा हादसा टला

अमेठी में थाना क्षेत्र से होकर गुजर रहे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। किलोमीटर संख्या 64 आशीषपुर गांव के पास एक कंटेनर का अगला टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे उतर गया।

बताया जा रहा है कि कंटेनर चालक राजेंद्र पुत्र सोभा राम, निवासी ग्राम इजलपुर थाना सोरीख, जिला कन्नौज, खाली वाहन लेकर छपरा से दिल्ली जा रहा था। सुबह करीब छह बजे कंडक्टर साइड का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

11 Apr 2026, 12:01:40 PM IST

गंगा में बीयर पार्टी पर भड़के अखिलेश

वाराणसी में गंगा नदी पर एक बार इफ्तार के लिए मीट पार्टी और फिर बीयर पार्टी की वीडियो वायरल हुईं। इसपर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा की सरकार आई तब से लोग बीयर ही पी रहे हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें: टेंशन में हैं... जब से भाजपा की सरकार आई लोग बीयर ही पी रहे; गंगा में BEER पार्टी पर बोले अखिलेश

11 Apr 2026, 12:01:40 PM IST

आम के पेड़ से लटकता मिला युवक, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

रायबरेली के बछरावा क्षेत्र की थुलेंडी चौकी के रसूलपुर गांव में शनिवार की सुबह एक 26 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से लटकता मिलने की सूचना पर कोहराम मच गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।

अर्पित कुमार पुत्र राम बहादुर उम्र 26 वर्ष निवासी रसूलपुर का शव शनिवार सुबह उसके गांव के बाहर स्थित नहरिया के किनारे स्थित आम के पेड़ से अजीबोगरीब अवस्था में लटकता हुआ मिला। सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने जब घटना को देखा तो उनकी रूह कांप गई। इसके पश्चात उन्होंने मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों को घटना सूचना दी। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।