UP Kushinagar man Trapped in Foreign Countery kyrgyzstan sent video to ask for help किर्गिस्तान में फंसा यूपी का युवक, वीडियो भेजकर वतन वापसी की लगाई गुहार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

किर्गिस्तान में फंसा यूपी का युवक, वीडियो भेजकर वतन वापसी की लगाई गुहार

परिवार की माली सुधारने के लिए विदेश गया यूपी के कुशीनगर के हाटा कोतवाली के बरडीहा, पिपरैचा निवासी युवक किर्गिस्तान में फंस गया है। उसने वीडियो जारी कर वतन वापसी की गुहार लगाई है। वीडियो वायरल हो रहा है।

Sat, 10 Jan 2026 07:54 AMSrishti Kunj वरिष्ठ संवाददाता, कुशीनगर
share
किर्गिस्तान में फंसा यूपी का युवक, वीडियो भेजकर वतन वापसी की लगाई गुहार

परिवार की माली सुधारने के लिए विदेश गया यूपी के कुशीनगर के हाटा कोतवाली के बरडीहा, पिपरैचा निवासी युवक किर्गिस्तान में फंस गया है। उसने वीडियो जारी कर वतन वापसी की गुहार लगाई है। वीडियो वायरल हो रहा है। उसने जिले के डीएम और एसपी के साथ पीएमओ और सीएम कार्यालय को ई-मेल भेजकर मदद मांगी है। शिवा सिंह पुत्र रामाज्ञा सिंह निवासी बरडीहा, पोस्ट पिपरैचा ने डीएम और एसपी को भेजे गए ई मेल में लिखा है कि गोरखपुर स्थित विदेश भेजने वाली एक संस्था ने उसके साथ धोखाधड़ी की है।

उसने अपना पासपोर्ट रशिया में फूड पैकिंग के काम के लिए लगाया था। लेकिन संस्था ने उसे कजाकिस्तान का वीजा देकर किर्गिस्तान में एजेंट को बेच दिया। उससे तीन लाख रुपये भी लिए गए l उसने अपनी जमीन गिरवी रखकर और रिश्तेदार से पैसा लेकर दिया था, ताकि जीवन सुधर जाए, मगर फंसा दिया गया। आरोप है कि उसे उसे यहां खाने में पशुओं का मांस परोसा जा रहा है, जबिक वह शाकाहारी है। विरोध करने पर कोई सुनवाई नहीं है। वह किसी तरह जिंदा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अब कंप्यूटर ऑपरेटर व प्रोग्रामर भर्ती की जांच, निशाने पर इस विभाग की नियुक्तियां

आरोप है कि जब शिवा ने उसे विदेश भेजने वाली गोरखपुर की संस्था से बात की तो उसे मोबाइल पर गालियां दी गईं। धमकी दी गई कि यह बात किसी से बताओगे तो तुमको भारत वापस नहीं आने दिया जाएगा। संस्था के लोग माता-पिता को भी धमकी दे रहे हैं। शिवा ने लिखा है कि उसे कजाकिस्तान में अलमार्टी में स्थित एक कंपनी के एजेंट द्वारा बेचा गया है। उससे मनमाना काम कराया जा रहा है। सही सलामत अपने देश लौटना चाहता है।

पिता ने लगाई मदद की गुहार

शिवा सिंह के पिता रामाज्ञा सिंह ने बताया कि वह लुधियाना में मजदूरी करते हैं। एक बेटा और एक बेटी के अलावा परिवार में पत्नी है। वह लुधियाना में तो पत्नी अकेली घर पर परेशान है। पिता का कहना है कि जब शिवा ने विदेश भेजने वाली गोरखपुर की संस्था से बात की तो उसे मोबाइल पर गालियां दी गईं। इधर प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन भरपूर प्रयास करेगा कि युवक की सुरक्षित घर वापसी हो जाए।

कुशीनगर के डीएम, महेन्द्र सिंह तंवर ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि युवक के बारे जानकारी मिली है। उसकी डिटेल केन्द्रीय गृह विभाग को भेजकर मदद के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन भरपूर प्रयास करेगा कि युवक की सुरक्षित घर वापसी हो जाए। प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।