कानपुर देहात में भाजपा सांसद देवेंद्र भोले से भिड़े मंत्री के पति अनिल शुक्ला, अफसरों ने संभाला
यूपी के कानपुर में दिशा बैठक में भाजपा के दो गुट फिर आमने-सामने आ गए। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति अनिल शुक्ल वारसी और भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले के बीच जमकर कहासुनी हुई। इस दौरान जमकर हंगामा हो गया। हालांकि डीएम-एसपी ने बीच-बचाव करते हुए स्थिति संभाली।

यूपी के कानपुर में माती कलेक्ट्रेट में मंगलवार को जिला निगरानी एवं समन्वय समिति (दिशा) की बैठक में भाजपा के दो गुट फिर आमने-सामने आ गए। बैठक के दौरान राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति अनिल शुक्ल वारसी और भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले के बीच जमकर कहासुनी हुई। उनके समर्थकों में हाथापाई तक की नौबत आ गई। हालांकि डीएम-एसपी ने बीच-बचाव करते हुए स्थिति संभाली। हंगामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दिशा की बैठक सांसद देवेन्द्र सिंह भोले की अध्यक्षता में शुरू हुई। यहां राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के प्रतिनिधि के तौर पर उनके पति व पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी भी पहुंचे थे। बैठक के दौरान वारसी ने पहले भारत सरकार और राज्य सरकार के साथ ही दिशा अध्यक्ष की ओर से नामित सदस्यों की सूची मांगी। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते हंगामा होने लगा। मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए बैठक दोबारा शुरू कराई।
सांसद भोले पर फैक्ट्रियों से वसूली करने का आरोप
इसी बीच, अकबरपुर के मिर्जा तालाब का मुद्दा उठते ही उसकी रिपोर्ट सदन में रखे जाते ही वारसी ने इसे गलत बताया। इस पर दूसरे पक्ष ने विरोध शुरू कर दिया। व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप लगने लगे तो नेताओं और उनके समर्थकों ने कुर्सी छोड़ दी। वारसी ने सांसद भोले पर फैक्ट्रियों से वसूली करने का आरोप लगाया।
सांसद ने वारसी की दिमागी हालत ठीक नहीं होने की बात कही
वहीं, सांसद ने वारसी की दिमागी हालत ठीक नहीं होने की बात कही। मामला बिगड़ता और समर्थकों में हाथापाई की नौबत आते देख डीएम कपिल सिंह और एसपी श्रद्धा पाण्डेय ने दोनों नेताओं के बीच जाकर उन्हें समझाते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया। जोरदार हंगामे बाद के सदन स्थगित हो गया। बैठक से बाहर निकले अनिल शुक्ल वारसी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद पर गुंडों को दिशा का सदस्य बनाकर शिकायतें कराने और लोगों को टारगेट करने का आरोप लगाया।




साइन इन