up hapur road accident bus truck collision six dead wedding party dasna यूपी में भीषण हादसा; बारातियों की बस ट्रक से टकराई, छह की मौत, एक दर्जन से ज्यादा घायल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में भीषण हादसा; बारातियों की बस ट्रक से टकराई, छह की मौत, एक दर्जन से ज्यादा घायल

यूपी के हापुड़ के धौलाना-गुलावठी मार्ग पर रविवार रात बारातियों से भरी बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हुई। इस हादसे में डासना निवासी 6 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया।

Mon, 13 April 2026 08:05 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी में भीषण हादसा; बारातियों की बस ट्रक से टकराई, छह की मौत, एक दर्जन से ज्यादा घायल

यूपी के हापुड़ में रविवार की देर रात भीषण हादसा हुआ है। बारातियों की मिनी बस ट्रक से टकराने से छह लोगों की मौत हो गई है। एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर है। हादसा थाना धौलाना के धौलाना-गुलावठी मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस ट्रक के नीचे दबकर पिचक गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गए। हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू कराया। अस्पताल पहुंचकर भी घायलों की स्थिति का जायजा लिया गया। एसपी के अनुसार घायलों का मेडिकल कॉलेज और सीएचसी पर इलाज चल रहा है।

गाजियाबाद के डासना निवासी यूनिस कुरैशी के बेटे की बारात बुलंदशहर के गुलावठी गई थी। निकाह की रस्मों के बाद रात करीब 1:30 बजे बाराती बस से वापस लौट रहे थे। जैसे ही बस धौलाना क्षेत्र में अरविंद डेयरी के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

​हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बस ट्रक के नीचे इस कदर फंसी थी कि लोगों को निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे बाद हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को हटाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला जा सका। अस्पताल भेजे गए लोगों में छह को मृत घोषित कर दिया गया। 13 अन्य की हालत गंभीर है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अमेरिका-ईरान दोनों से भारत के रिश्ते अच्छे, निभाई सूझबूझ की भूमिकाः राजनाथ सिंह

प्रशासनिक मुस्तैदी और राहत कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM) हापुड़, पुलिस अधीक्षक (SP) कुंवर ज्ञानंजय सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर भेजी गई थीं। बस में फंसे लोगों को निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिलाधिकारी और सीएमओ ने अस्पताल जाकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया और डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के लिए हर संभव प्रयास करने और विशेषज्ञ सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मरने वालों की पहचान कर ली गई है। हादसे में ​सोनू (पुत्र जहीर), ​यूसुफ (पुत्र बशीर), ​अख्तर (पुत्र हमीद), ​यूनुस (पुत्र कदीर), ​मुन्ना (पुत्र मेहरबान) और ​अशोक (बस चालक, पुत्र रतिराम) की मौत हुई है।

मृतकों और घायलों की स्थिति

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो चुकी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, 13 अन्य लोग घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घायलों का उपचार जारी है और जरूरत पड़ने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी भी की गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पति प्राइमरी, पत्नी इंटर कॉलेज में टीचर, रात में करते लूटपाट,चौंकाने वाला खुलासा
ये भी पढ़ें:घर के अंदर ही छह महीने तक सड़ती रही युवती की लाश, परफ्यूम छिड़कता रहा पिता

जांच के घेरे में हादसा

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार या रात के समय दृश्यता की कमी माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि हादसा किस वाहन की लापरवाही से हुआ। वहीं, मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। कई परिजन पहुंच गए हैं। एक साथ छह लोगों की मौत से अस्पताल परिसर में कोहराम मचा हुआ है।जिस घर में कुछ घंटों पहले हंसी खुशी का माहौल था, वहां अब अपनों को खोने की चीखें सुनाई दे रही हैं। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।