UP Budget Session: हर कोई शंकराचार्य नहीं लिख सकता, कानून से बड़ा कोई नहीं; विधानसभा में गरजे योगी
UP Budget Session: यूपी विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब सीएम योगी ने दिया। उन्होने सरकार की उपलब्धियां और बजट की योजनाओं पर पक्ष रखा। साथ ही सपा पर एक के बाद एक कई हमले बोले। करीब 2 घंटा 13 मिनट बोले। साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर संशोधन प्रस्ताव अस्वीकृत हो गया।

UP Budget Session: यूपी विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब सीएम योगी ने दिया। उन्होने सरकार की उपलब्धियां और बजट की योजनाओं पर पक्ष रखा। साथ ही सपा पर एक के बाद एक कई हमले बोले। करीब 2 घंटा 13 मिनट बोले। साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर संशोधन प्रस्ताव अस्वीकृत हो गया। इससे पहले सवाल-जवाब के बीच टोका-टोकी करने से स्पीकर सतीश महाना भाजपा विधायक केतकी सिंह पर भड़क गए। उन्होंने कहा सदन चलाना मेरा काम है। गुस्से में उन्होंने हेडफोन निकालकर फेंक दिया। 10 मिनट के लिए सदन स्थगित करके कुर्सी से उठकर चले गए थे।
UP Budget Session LIVE: 6:35 PM- राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने करीब 2 घंटा 13 मिनट का भाषण दिया। राज्यपाल के अभिभाषण पर संशोधन प्रस्ताव अस्वीकृत हो गया है।
UP Budget Session LIVE: 6:32 PM- सीएम योगी ने कहा कि जो मुद्दा नहीं था, उसे जानबूझकर मुद्दा बनाया गया। क्या हर व्यक्ति मुख्यमंत्री बनकर प्रदेश में घूम जाएगा। कोई भी मंत्री का बोर्ड लगाकर घूम सकता है। क्या कोई भी सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष का बोर्ड लगा सकता है। शंकराचार्य का पद सनातन में पवित्र माना जाता है। इस सदन की व्यवस्था आप देखते होंगे। परंपरा और नियमों से संचालित होता है। हर व्यक्ति शंकराचार्य नहीं लिख सकता। हर व्यक्ति आचार्य के रूप में जहां-तहां जाकर वातावरण खराब नहीं कर सकता है।
UP Budget Session LIVE: 5:59 PM- शंकराचार्य विवाद पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर व्यक्ति शंकराचार्य नहीं लिख सकता है। कुछ मर्यादाओं का पालन सबको करना पड़ता है। अगर वो शंकराचार्य थे, तो फिर क्यों आप लोगों (सपा) ने लाठीचार्ज किया था। क्यों एफआईआर दर्ज की थी। आप नैतिकता की बात करते हैं। जहां साढ़े 4 करोड़ लोग आए हों वहां एग्जिट गेट से कोई मेला क्षेत्र में अंदर नहीं आ सकता है। ऐसे कर्म नई भगदड़ को जन्म देता है। श्रद्धालुओं के जीवन के लिए खतरा हो सकता था। एक मर्यादित व्यक्ति ऐसा नहीं कर सकता है। आप पूजना है, पूजे सपा के लोग पूजा करें। लेकिन हम लोग मर्यादित लोग हैं। हम लोग कानून के शासन पर विश्वास करते हैं। पालन करना भी जानते हैं, पालन करवाना भी जानते हैं।
UP Budget Session LIVE: 5:55 PM-विधानसभा में सीएम योगी ने एक वाकया का जिक्र करते हुए कहा कि सपा के समय में शिक्षा मंत्री को राम प्रसाद बिस्मिल और बिस्मिल्लाह खां में अंतर ही नहीं पता था। जिसके बाद सदन में बैठे सभी विधायक हंसने लगे।
UP Budget Session LIVE: 5:50 PM- सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ जेपीएनआईसी का डीपीआर 200 करोड़ का था, 800 करोड़ खर्च हुआ, लेकिन अभी भी अधूरा। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जब हमने काम शुरू किया तो 15 हजार 200 करोड़ रुपए का टेंडर आया, जबकि सपा के समय में 2 साल पहले भी इतने ही करोड़ का टेंडर हुआ था, आखिर 2 साल पहले इतने का कैसे हो सकता था। हमने 110 मीटर को बढ़ाकर 120 मीटर किया। आखिर में हमने फिर से टेंडर किया, तब 11,300 करोड़ आया। फिर ये साढ़े 3 हजार करोड़ कहां जा रहा था।
UP Budget Session LIVE: 5:43 PM- यूपी 55 फीसदी एक्सप्रेस वे का प्रदेश है। भारत का सबसे बड़ा जेवर एयरपोर्ट यूपी में बनने जा रहा है। पांच रनवे होंगे। 12 हजार एकड़ में बन रहा है।
UP Budget Session LIVE: 5:36 PM- सीएम योगी ने कहा कि यूपी में 2017 तक पुलिस में महिलाओं की संख्या मात्र 10 हजार थी, आज यह संख्या 44 हजार पहुंच गई है। आपके समय में तो एक कहावत चलती थी- देख सपाई, बिटिया घबराई। आपके समय में तो दिन में महिलाएं नहीं निकल पाती थी। आज महिलाएं नाइट शिफ्ट में जॉब कर रही हैं।
UP Budget Session LIVE: 5:32 PM-हर जिले के दो - दो आईटीआई में एआई, सेमी कंडक्टर, रोबोटिक और स्पेस साइंस जैसे कोर्स चलाए जाएंगे: सीएम योगी
UP Budget Session LIVE: 5:28 PM- मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक पेंशन की राशि बढ़ेगी। बजट में पैसा दे दिया है, लेकिन घोषणा नहीं की है। सोमवार को राशि भी बता देंगे
UP Budget Session LIVE: 5:26 PM- सीएम ने कहा कि आउटसोर्सिंग की डकैती करने वाले जितने भी लोग हैं, उसमें ज्यादातर सपा से जुड़े हैं। हमने इसी लिए कॉर्पोरेशन बना दिया है। उसके खाते में 16 हजार से 20 हजार रुपए मिल रहा। हमने तय किया है कि कंपनी सिर्फ फीस ले। अगर ऐसा नहीं करते तो कंपनी ब्लैक लिस्टेड भी होगी और मालिक जेल जाएगा।
UP Budget Session LIVE: 5:23 PM- योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1947 से 2017 तक यूपी में 14 हजार कारखाने थे, पिछले 8 सालों में ही यूपी में इनकी संख्या 31 हजार पहुंच गई है। क्योंकि विश्वसनियता बढ़ी है। यूपी में 50 लाख करोड़ रुपए का MoU आया है। इससे लाखों युवाओं को काम मिलेगा। पहले यूपी का युवा बाहर जाता था, आज यूपी में ही उसे काम मिल रहा है।
UP Budget Session LIVE: 5:20 PM- सीएम ने कहा कि मेरठ में रैपिड ट्रेन का उद्धाटन हो रहा है। हमने मेरठ को दिल्ली से 12 लेन का हाईवे बनाकर जोड़ा है। हम तो जोड़ रहे हैं, आपकी पार्टी (सपा) तोड़ रही है। आज यूपी में फेयरलेस बिजनेस है, ट्रस्ट डूइंग बिजनेस है। आज यूपी की नई पहचान बन गई है। सेफ्टी, स्टैबिलिटी और स्पीड की गारंटी यूपी दे रहा है।
UP Budget Session LIVE: 5:17 PM- मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि यूपी की पहली सेमी कंडक्टर यूनिट का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 फरवरी को करेंगे।।
UP Budget Session LIVE: 5:14 PM- मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल खंड में जो लोग बाहर काम करते थे, उसमें ज्यादातर अब यूपी में ही काम कर रहे हैं। 96 लाख एमएसएमई यूनिट है, इसमें तीन करोड़ से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। पहले जांच और कागज के नाम पर परेशान किया जाता था, लेकिन हमने इसे रोका, 1000 दिन तक करते रहिए और कागज बनवाते रहिए। यही वजह है कि आज एमएसएमई यूनिट लगातार बढ़ रही है।
UP Budget Session LIVE: 4:59 PM- मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि यूपी में 122 चीनी मिलें चल रही है। एथेनॉल उत्पादन में हम सबसे आगे हैं। छाता, बागपत चीनी मील के लिए हम पुनरुद्धार के लिए हम आगे बढ़ रहे हैं। 31 बड़ी सिंचाई परियोजनाओं को पूरा किया। जो निजी नलकूप था, उन्हें मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाई है। हमारी सरकार ने किसानों के लिए खूब काम किया।
UP Budget Session LIVE: 4:56 PM- राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के जवाब में सीएम योगी ने कहा कि यूपी में 16 लाख गोवंश को संरक्षित किया जा रहा है। हर गोवंश के लिए महीने का 50 रुपए सरकार उपलब्ध करवाती है। यूपी आज खाद्यान के साथ दूध उत्पादन में भी नंबर वन है। मत्स्य उत्पादन में भी यूपी सबसे आगे है। इस दौरान संजय निषाद की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप सिर्फ इनका शरीर मत देखिए, इनके विभाग ने भी खूब विकास किया है।
UP Budget Session LIVE: 4:50 PM- सीएम योगी ने कुंभ की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कुंभ में देशभर से श्रद्धालु आए थे। तमिलनाडु से एक बस में लोग आए, उनकी बस चित्रकूट में खराब हो गई। तमिलनाडु वालों को न हिंदी आती थी, न चित्रकूट वालों को तमिल। लेकिन इशारों में समझ गए। गांव के लोग उन्हें अपने साथ ले गए। वहां एक बारात थी तो उसमें उन लोगों को खाना खिलाया। भोजन करवाने के बाद उन्हें प्राइवेट बस से प्रयागराज पहुंचाया। इसके बाद जब ये लोग वापस तमिलनाडु पहुंचे थे, तब उन्होंने ट्वीट किया कि हमारे नेता तो गलत ही बताते हैं, यूपी तो सच में राम की नगरी है।
UP Budget Session LIVE: 4:49 PM- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज यूपी में कोई भी तीर्थ स्थल हो,किसी भी धर्म के हो,उसे पौराणिक विषयों से जोड़ा गया। अर्थव्यवस्था को मजबूत किया। वहां फूल बेचने वाला ब्राह्मण नहीं होगा, टैक्सी चलाने वाले ब्राह्मण नहीं होगा, पुजारी हो सकता है ब्राह्मण, लेकिन बाकी सब दूसरी जाति के हैं। मतलब हर वर्ग के व्यक्ति का फायदा हो रहा है।
UP Budget Session LIVE: 4:47 PM- योगी आदित्यनाथ ने सपा की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आपने कहा था कि दंगा हो जाएगा, अयोध्या की 84 कोसी परिक्रमा को रोक दी। दीपोत्सव तक का विरोध किया। सपा तो कारसेवकों पर गोलियां चलवाती है। याद रखिएगा सनातन आस्था को कोई कैद नहीं कर सकता। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो गया है।
UP Budget Session LIVE: 4:44 PM- सीएम योगी ने कहा राम मंदिर, काशी मंदिर और मथुरा के विकास का विरोध किया गया। जन्माष्टमी के पर्व को जेलों और थाने में मनाने पर रोक लगा दी गई थी
UP Budget Session LIVE: 4:42 PM- मुख्यमंत्री योगी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबर को सजदा करते हैं और वंदे मातरम का विरोध करते हैं। माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ने जाते हैं। भाजपा के कार्यक्रम में वंदेमातरम का कोई विरोध नहीं कर सकता और जो इसका विरोध करता है उसे कान पकड़कर बाहर कर देना चाहिए। वंदे मातरम का जो विरोध करे उसे हिन्दुस्तान में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
UP Budget Session LIVE: 4:36 PM- सीएम योगी ने कहा कि गाजी के मेला का समर्थन करने वाली सपा जान ले कि गाजी को मारने वाले वीर राजा सुहेलदेव का स्मारक हमने बनाया
UP Budget Session LIVE: 4:33 PM- लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कार्यक्रम शुरू किया। काशी विश्वनाथ धाम में मोदी जी ने प्रतिमा लगवाई।
UP Budget Session LIVE: 4:24 PM- मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में दंगों की जगह टैंपिल इकोनॉमी ग्रो कर रही है। वर्ष 2013 में कुल 12 करोड़ श्रद्धालु आए थे, माघ मेला में ही 21 करोड़ श्रद्धालु आए। यह बदलाव माघ मेला कल्पवासियों का मेला था। 2 लाख 19 हजार से अधिक पुलिस भर्ती हुई है। 20 फीसदी महिलाएं भर्ती की गई हैं। अब 44 हजार महिला पुलिसकर्मी हैं। ट्रेनिंग क्षमता को कई गुना बढ़ाया गया है। पुलिस भर्ती में कोई भेदभाव नहीं हुआ है। पहले पुलिस कर्मी की ट्रेनिंग क्षमता भी नही थी। अब हम 60244 जवानों की की ट्रेनिंग एक साथ करवा रहे हैं। पुलिस में जो बैरक बनते थे उनके खपरैल की छत होती थी आज हर जिले में हाई राइज़ बिल्डिंग पुलिस की बैरक है।
UP Budget Session LIVE: 4:22 PM मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानून चंद हाथों की जागीर बन चुकी थी। कर्फ्यू दंगा आम बात थी, पर्व और त्योहार आस्था के नहीं आशंका के पर्याय बन गए थे। पुलिस का मनोबल टूटा हुआ था। न बेटी सुरक्षित न व्यापारी सुरक्षित थे।प्रदेश की छवि अस्थिरता और असुरक्षा की पर्याय थी, उत्तर प्रदेश अब उत्सव प्रदेश है। रिकार्ड पुलिस भर्तियां, महिला सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा त्वरित आपातकालीन सेवाएं, उनका विस्तार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस देखने को मिलता है।
UP Budget Session LIVE: 4:18 PM- सीएम योगी ने कहा कि साल 2017 से पहले सत्ता के संरक्षण में पल रहे माफिया-गुंडे समानांतर सरकार चला रहे थे।
UP Budget Session LIVE: 4:15 PM- हम लोगों ने सामूहिक रूप से विश्वास किया कि यूपी से भी परिणाम दिए जा सकते हैं। अब यह प्रदेश बीमारू राज्य नहीं है। आज यह ट्रिपल टी यानी टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफ़ॉर्मेशन की त्रिवेणी बनकर उभरा है। पहली बार सदन में प्रदेश का आर्थिक सर्वेक्षण पेश हुआ। सरकार ने डंके की चोट पर कहा कि हमने क्या किया है ये प्रस्तुत कर रहे हैं। आर्थिक सर्वेक्षण विचार से व्यवस्था और व्यवस्था से विकास की अभिनव यात्रा का प्रतीक है,जिसे यूपी की जनता जी रही है। यह नए युग का उद्घोष है।
UP Budget Session LIVE: 4:10 PM- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संगठित अपराध नियंत्रित हुआ है। 9 वर्ष की जो यात्रा है, वो यह सरकार की अपराध व अव्यवस्था से अनुशासन की यात्रा है। कर्फ्यू से कानून के राज की यात्रा है। उपद्रव से उत्सव की यात्रा है। समस्या से समाधान की यात्रा है। अविश्वास से आत्मविश्वास की यात्रा है। ये यात्रा केवल एक सत्ता प्राप्त करने की होड़ नहीं है। इसको प्राप्त करने के लिए सरकार की साफ नीयत और स्पष्ट निति थी।
UP Budget Session LIVE: 4:08 PM- सीएम योगी ने शायरी कहते हुए कहा कि उम्र भर मैं यही भूल करता रहा धूल चेहरे पर थी और में आइना साफ करता रहा। पूरा सदन अपने आप को आहत महसूस कर रहा था। क्योंकि सपा का आचरण ऐसा था। बीते 9 वर्षों में सदन की कार्यवाही बाधित नहीं हुई थी। विकास सुरक्षा या वेलफेयर के मुद्दे हों राज्यपाल ने जो बातें रखीी हैं। उसमें दो तीन बातें प्रमुख रूप से हैं कि छह करोड़ की आबादी को गरीबी की रेखा से ऊपर किया गया है। यह नीति आयोग के आंकड़े हैं।
UP Budget Session LIVE: 4:05PM- सीएम योगी ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा का आचरण अच्छा नहीं था। जिन्होंने राज्यपाल के विरुद्ध ऐसा आचरण किया वह सनातन की बात कर रहे हैं। ऐसे ही आचरण से दुनिया घबराती थी, व्यापारी परेशान रहता था
UP Budget Session LIVE: 3:50 PM- दलितों को लेकर माता प्रसाद पाण्डेय के आपत्तिजनक शब्द पर संजय निषाद ने आपत्ति जताई है। इसको लेकर दोनों के बीच बहस भी हुई।
UP Budget Session LIVE: 3:48 PM- नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि निषाद समाज को आरक्षण क्यों नहीं दिला रहे हैं। उन्होंने संजय निषाद पर तंज करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी अब तो संजय निषाद आप के साथ हैं अब इनके आरक्षण का मुद्दा समाप्त कर दीजिए।
UP Budget Session LIVE: 3:45 PM- माता प्रसाद ने कहा कि जब मैं चेन्नई गया तो वहां का आदमी लड़ गया। उसने कहा कि यूपी से चेन्नई में अपने लोगों को भेज देते हैं वह यहां आकर काम करते हैं उनका काम ले लेते हैं। यूपी में रोजगार क्यों नहीं बढ़ा?
UP Budget Session LIVE: 3:40 PM- नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गैंगस्टर एक्ट जब तत्कालीन मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह लागू कर रहे थे तब मैंने विरोध किया है। गैंगस्टर में संपत्ति को कुर्क करने का था, लेकिन अब नहीं हो रहा। खाली अपराधियों को गोली से उड़ा देने से कानून-व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने वाली।
UP Budget Session LIVE: 3:35 PM- नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि राज्यपाल अभिभाषण में भ्रष्टाचार को कम करने के लिए कुछ नहीं है। लोग भ्रष्टाचार से परेशान हैं चाहे तहसील का भ्रष्टाचार हो या फिर अधिकारियों का लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि विजय मिश्रा के बेटे को जेल में डाल दिया। वो अमेरिका से पढ़कर आया था, इसकी जांच होनी चाहिए। आपने विजय मिश्रा का घर गिरवा दिया ठीक है विजय मिश्र अपराधी प्रवत्ति का है। लेकिन किसी और का भविष्य बर्बाद मत करिए।
UP Budget Session LIVE: 3:28 PM- नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि स्थाई डीजीपी क्यों नहीं तैनात कर रहे हैं। वो स्थाई तौर पर दो साल के लिए तैनात रहेगा कार्यवाहक डीजीपी की तैनाती से पुलिस प्रभावी काम नहीं कर पा रही है। डीजीपी ऐसा होना चाहिए जो स्वतंत्र रूप से काम कर सके।
UP Budget Session LIVE: 3:28 PM- नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण को कई बार पढ़ा है लेकिन इसमें कुछ नहीं है।
UP Budget Session LIVE: 3:25 PM- साल 1975 में लोकायुक्त अधिनियम का गठन हुआ, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं मिल रहा। लोकायुक्त ने चार आईएएस के खिलाफ प्रत्यावेदन दिए हैं लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। लोकायुक्त ने पुलिस की मांग की लेकिन नहीं हुआ- माता प्रसाद पांडेय
UP Budget Session LIVE: 3:24 PM- नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने सदन में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। उन्होने कहा कि लोकायुक्त की जांच करने के बाद आख्याएं राज्यपाल के पास रखी रह गईं। लेकिन विधानसभा के पटल पर आईं ही नहीं है।
UP Budget Session LIVE: 3:18 PM- राजा भैया ने सदन में जल जीवन मिशन से खराब हुई सड़कें न बनने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इसे बनवा दीजिए। जनता बेहद परेशान है, आधे से ज्यादा पानी की टंकियां चालू नहीं हुई हैं।
UP Budget Session LIVE: 3:14 PM- जनसत्ता दल के प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश में एक चीज जो अच्छा हुआ वो ये कि इस प्रदेश में संगठित अपराध खत्म हो गया। पुलिस आज अच्छा काम कर रही है। विधायक निधि में मेडिकल के लिए जो सुविधाएं हैं उसमें साध्य और असाध्य रोग जैसी चीजें हैं लेकिन इसमें सुधार की जरूरत है, असाध्य रोग जैसी बात हटा दी जाए तो बेहतर होगा।
UP Budget Session LIVE: 3:09 PM- सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि विपक्ष पीडीए की बात करता है लेकिन वह तय ही नहीं कर पाता कि इसमें क्या है। P से कभी पंडित बताते हैं कभी पिछड़ा। A से कभी अगड़ा बताते हैं तो कभी अल्पसंख्यक।
UP Budget Session LIVE: 3:04 PM- योगी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने कहा, पिछली सरकारों में सिर्फ 3 हजार करोड़ रुपए मछुआरों के विकास के लिए मिला था, लेकिन जब से पीएम मोदी आए तब से करीब 42 करोड़ रुपए मछुआरों के विकास के लिए दिए गए।
UP Budget Session LIVE: 2:08 PM- कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि मैंने बजट की पूरी कॉपी पढ़ी लेकिन कुछ भी ऐसा नहीं मिला जो बहुत अलग हो। लॉ एण्ड ऑर्डर की बात करते हैं लेकिन हकीकत इसके इतर है, इस सरकार में खूब अपराध हो रहे हैं।
UP Budget Session LIVE: 2:05 PM- विधानसभा में कोविड के समय दर्ज मुकदमों का मामला भी उठा। सपा विधायक फहीम इरफान ने कहा कि जनता के मुकदमे वापस हो गए हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों के नहीं। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सरकार को इस मामले को दिखवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले आदेश में जनप्रतिनिधि छूट गए हैं। उसे दिखवा लिया जाए।
UP Budget Session LIVE: 1:50 PM- विधान परिषद की कार्यवाही भोजन अवकाश के लिए दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित
UP Budget Session LIVE: 1:23 PM-शिक्षा के गिरते स्तर के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी का विधान परिषद में हंगामा, सदन से वॉकआउट किया।
UP Budget Session LIVE: 1:00 PM- वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने रागिनी के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि वर्ष 2026 के लिए 30 जनवरी को कलेंडर जारी हो गया है। अभी तक आयोग के द्वारा अप्रैल 2017 से अब तक 47407 पदों पर भर्ती की गई। इसमें सामान्य वर्ग के 18004 अभ्यर्थी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 2082 अनुसूचित जाति के 9580 और अनुसूचित जनजाति के 447 और ओबीसी 17295 पदों पर भर्ती की गई है। ओबीसी का अगर आरक्षण 27 फीसदी देखा जाए तो 12799 आता है लेकिन हमने उससे ज्यादा 17295 भर्ती किए हैं। हमने पूरा आरक्षण दिया है।
UP Budget Session LIVE: 12:39 PM- सपा विधायक रागिनी सोनकर ने सवाल पूछा कि यह बताया जाए कि लोक सेवा आयोग में कितनी भर्तियां दी गईं। आरक्षण के मामले में इतनी अनियमितता क्यों हो रही है? जिसका जवाब देते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सालभर का कैलेंडर जारी किया जाता है। इसमें जितने पद रिक्त होते हैं, उनके बारे में जानकारी दी जाती है। 2017 से अब तक 47 हजार 407 पदों पर भर्तियां हुई हैं।
UP Budget Session LIVE: 12:03 PM- वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने स्पीकर सतीश महाना को शायरी सुनाकर मनाया। उन्होने कहा कि आज दुनिया को तरकीब बता दी जाए, दुश्मनी प्यार की लहरों में बहा दी जाए।इसके बाद सदन तालियों से गूंज उठा।
UP Budget Session LIVE: 11:40 AM- सपा विधायक रागिनी सोनकर ने लोकसेवा आयोग से जुड़ी भर्तियों को लेकर सवाल किया। इसका जवाब वित्त मंत्री सुरेश खन्ना दे रहे थे। इस बीच बीजेपी विधायक भड़क गए। बीजेपी की केतकी सिंह खड़ी हुई तो उन्हें सतीश महाना ने डांट दिया। कहा कि क्या आप हाउस चलाएंगी क्या, इसके बाद उन्होंने अपना हेडफोन फेंका और 10 मिनट के लिए सदन की कार्यवाही को रोक दिया।
UP Budget Session LIVE: 11:36 AM- विधानसभा की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित
UP Budget Session LIVE: 11:33 AM- सपा विधायक संग्राम सिंह यादव ने कहा कि आजमगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज में 100 से ज्यादा कर्मचारियों को बाहर कर दिया गया है। 7-8 महीने से वे आंदोलन कर रहे हैं। आप संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित क्यों नहीं करते? जवाब में श्रम मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जा सकता है। हमने आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए निगम बनाया है।
UP Budget Session LIVE: 11:26 AM-सपा विधायक अनिल प्रधान ने लड़कियों को स्कूटी दिए जाने को लेकर सवाल पूछा। उन्होंने कहा- इंटर पास करने वाले बच्चों की उम्र 15-16 साल होती है, तो क्या ड्राइविंग लाइसेंस में छूट दी जाएगी? क्या कोई ऐसा नियम बनाया जाएगा कि कोई गाड़ी खरीदने जाए, तो उससे पहले उसके पास डीएल होना जरूरी हो? जिस पर स्पीकर सतीश महाना ने कहा- क्या आपके घर में कोई 15 साल में 12वीं पास कर लिया है? क्या आपने पास किया है? इस पर विधायक बोले कि हो जाता है सर। यह सुनकर स्पीकर हंसने लगे और कहा-अब तो 6 साल में ही एडमिशन होता है।
UP Budget Session LIVE: 10:52 AM- विधानसभा पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, कि वंदे मातरम का गजट हो चुका है अब पूरे भारतवासियों को वंदे मातरम को राष्ट्रीय गीत के रूप में गाना चाहिए। ये गर्व की बात है और गृह मंत्री को इसके लिए बधाई देता हूं।
UP Budget Session LIVE: 10:40 AM- गुरूवार को विधानसभा में सपा विधायक रागिनी सोनकर के तीखे तेवर दिखे। सवाल-जवाब के दौरान सपा विधायक और मंत्री नंदी के बीच थोड़ी नोक-झोंक भी हुई। सपा सदस्य ने कहा कि प्रश्नकाल में पूछा कि पिछले नौ सालों में धरातल पर कितने प्रतिशत औद्योगिक परियोजनाएं आ पाई हैं।
UP Budget Session LIVE: 10:39 AM- औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा है कि यूपी में भाजपा सरकार में अब तक 15.99 लाख कर्मकारों को रोजगार मिला है। इतना ही नहीं जीडीपी में 127 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। औद्योगिक विकास मंत्री ने गुरुवार को विधानसभा में सपा सदस्यों के सवालों के जवाब में यह जानकारी साझा की।
UP Budget Session LIVE: 10:37 AM- विधानसभा में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा है कि किन्नर समाज के बारे में उनकी समस्याओं के बारे में विधानसभा में चर्चा होना ऐतिहासिक दिन है। उनके इस बयान पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उनकी सराहना करते हुए प्रश्न करने वाले सपा सदस्य सचिन यादव को धन्यवाद कहा। दरअसल, प्रश्नकाल में सपा के सचिन यादव ने किन्नरों की समस्या उठाई थीं।
UP Budget Session LIVE: 10:34 AM- उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने गुरुवार को विधान परिषद में कहा है कि पिछली सरकारों ने प्रदेश को लूटने का काम किया है। हमारी सरकार विकासित उत्तर प्रदेश के सपने को साकार करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
UP Budget Session LIVE: 10:30 AM- विधान परिषद में सत्तापक्ष और विपक्ष शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर आमने-सामने आ गए। विपक्ष ने प्रयागराज में शंकराचार्य से जुड़े घटनाक्रम को लेकर जहां सत्ता पक्ष को घेरने की कोशिश की। वहीं भाजपाई सदस्यों ने पलटवार करते हुए कहा कि सपा सरकार में इन्हीं शंकराचार्य पर लाठीचार्ज किया गया था।
UP Budget Session LIVE: 10:28 AM- सपा सदस्यों ने कार्यस्थगन प्रस्ताव के तहत प्रयागराज में बच्चों की मौत और मेरठ में मां की हत्या और बेटी को अगवा करने के मामले में सरकार से जवाब मांगा है, लेकिन सही जवाब न देकर एनसीआरबी के आंकड़े गिनाए जाने से सपा सदस्यों ने इसका विरोध किया।
UP Budget Session LIVE: 10:25 AM- यूपी विधानमंडल के दोनों सदनों में राज्यपाल के अभिभाषण पर कल हुई चर्चा का सीएम योगी आदित्यनाथ आज जवाब देंगे। गुरूवार को चर्चा के दौरान कानून व्यवस्था पर पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई थी। जिसके बाद सपा सदन से वॉकआउट कर गई थी।




साइन इन