UP Ayodhya Ram Mandir New priests from today with old pujaris divided in groups for two shifts अयोध्या राम मंदिर में आज से लगेगी नये पुजारियों की ड्यूटी, दो शिफ्ट चलेंगी, बनाए दो अलग ग्रुप, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अयोध्या राम मंदिर में आज से लगेगी नये पुजारियों की ड्यूटी, दो शिफ्ट चलेंगी, बनाए दो अलग ग्रुप

अयोध्या राम मंदिर में आज से नये पुजारियों की ड्यूटी लगेगी। वरिष्ठ सहायक पुजारियों के साथ नये पुजारियों के दो अलग-अलग समूह बनाए गए हैं। सुबह व शाम की दोनों पालियों में पुजारी रहेंगे। सायं पाली के पुजारियों को दो घंटे का आराम मिलेगा।

Mon, 16 Dec 2024 07:12 AMSrishti Kunj हिन्दुस्तान, अयोध्या, कमलाकान्त सुन्दरम
share
अयोध्या राम मंदिर में आज से लगेगी नये पुजारियों की ड्यूटी, दो शिफ्ट चलेंगी, बनाए दो अलग ग्रुप

राम मंदिर में नये पुजारियों की ड्यूटियां पौष कृष्ण प्रतिपदा तदनुसार सोमवार से शुरू हो जाएंगी। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से राम मंदिर के वरिष्ठ सहायक पुजारियों एवं नये पुजारियों की संयुक्त बैठक कर उन्हें ड्यूटियों के निर्धारित शेड्यूल की जानकारी दे दी गई है। यह भी बता दिया गया है कि ड्यूटियों में परिवर्तन हर माह के कृष्ण पक्ष व शुक्ल पक्ष से होगा। यह ड्यूटी कृष्ण पक्ष के प्रतिपदा से शुरू होकर अमावस्या और फिर शुक्ल पक्ष में प्रतिपदा से लेकर पूर्णिमा तक चलेंगी। बताया गया है भितरिया व बाहरिया के नियम का पालन पूरी निष्ठा से हर पुजारी को करना होगा। गर्भगृह में ड्यूटी करने वाले पुजारियों को बाहरी व्यक्तियों के स्पर्श करने या शौचादि जाने पर बिना स्नान गर्भगृह में प्रवेश वर्जित रहेगा।

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासी डा. अनिल मिश्र व मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव की ओर से बैठक में पुजारियों को संयुक्त निर्देश के साथ निर्धारित शेड्यूल में सात-सात पुजारियों के दो समूह बनाए गए हैं, जो दो अलग-अलग पालियों में अपनी सेवाएं देंगे। प्रथम पाली की शुरुआत सुबह चार बजे से भगवान के उत्थान के साथ होगी और मध्याह्न साढ़े 12 बजे तक भगवान के राजभोग आरती तक रहेगी। इस दौरान चार पुजारी जिसमें तीन वरिष्ठ सहायक संतोष त्रिपाठी (पाली प्रमुख) के साथ प्रदीप दास व अशोक उपाध्याय के अलावा एक नये पुजारी आशुतोष त्रिपाठी की ड्यूटी सुबह चार बजे से मध्याह्न साढ़े 12 बजे तक निर्धारित की गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:विधानभा सत्र आज से, संभल हिंसा पर हंगामे के आसार, पास कराया जाएगा अनुपूरक बजट

इस दौरान तीन नये पुजारियों जिनमें दो रोहित तिवारी व राहुल पाण्डेय सुबह चार से सात बजे तक गर्भगृह व सुबह 7 से 12.30 बजे तक गर्भगृह के बाहर ड्यूटी पर रहेंगे। इन्हीं के साथ बाहर ड्यूटी के दौरान यह दोनों पुजारी हनुमान मंदिर व कुबेर टीला में सुबह 7 बजे से 8.30 बजे तक पूजन करेंगे और पूर्वाह्न 11 बजे राजभोग आरती कर वापस राम मंदिर में साढ़े 12 बजे तक ड्यूटी पूरी करेंगे। वहीं नये पुजारी मोहित पाण्डेय सुबह चार बजे से साढ़े 12 बजे तक राम मंदिर में बाहर ड्यूटी करेंगे।

दूसरी पाली में गर्भगृह में ड्यूटी देने वाले को शाम साढ़े चार से छह बजे तक विश्राम
उधर दूसरी पाली जो मध्याह्न साढ़े 12 बजे से शुरू होकर 4.30 बजे व 6.30 बजे से रात्रि 10.30 तक चलेगी। इस पाली के प्रमुख प्रेमकुमार त्रिपाठी होंगे। उनके साथ नये पुजारी अनिल शुक्ला गर्भगृह में रहेंगे। इनके सहयोग में दो नये पुजारी अंकित मिश्र व शिवेश पाण्डेय शाम 4.30 से रात्रि 10.30 बजे तक गर्भगृह में रहेंगे। इसके अलावा प्रद्युम्न कुमार व अनुभव तिवारी 2.30 बजे से रात्रि 10.30 तक बाहर ड्यूटी देंगे। इन दोनों को इस दौरान 7.30 से 8.30 बजे के मध्य हनुमान मंदिर व कुबेर टीला में पूजन व शयन आरती करनी रहेगी सत्यम मिश्र 2.30 से रात्रि 10.30 बजे तक मंदिर के बाहर ड्यूटी करेंगे।

राम मंदिर में प्रतिदिन पुजारी करेंगे यह अनुष्ठान
राम मंदिर में प्रतिदिन अनुष्ठान भी चलता रहेगा। इस अनुष्ठान को सम्बन्धित पुजारी करेंगे। इसमें सुबह 7.15 से 9 बजे तक यंत्र पूजन व तुलसी सहस्त्रार्चन होगा। इसी तरह से अपराह्न 2.30 से 4.30 बजे तक वाल्मीकि रामायण का पारायण किया जाएगा। शाम 4.30 से 6.30 बजे तक श्रीराम चरित मानस का पारायण होगा। पुनः रात्रि आठ से नौ तक रामरक्षा स्तोत्र, रामस्तव राज स्त्रोत, विष्णु सहस्रनाम व राम सहस्रनाम एवं वेद मंत्र का उच्चारण किया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।