यूपी विधानसभा अध्यक्ष की बदल गई कुर्सी, बेहद खास है कर्नाटक से आई नई चेयर, जानें खासियत
यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की कुर्सी बदल गई है। बजट सत्र के पहले दिन यह कुर्सी आकर्षण का केंद्र बनी। उनकी यह कुर्सी कर्नाटक से खास डिजाइन कराई गई है। वहां के कुशल कारीगरों द्वारा इसे तराशा गया है।

यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की कुर्सी बदल गई है। बजट सत्र के पहले दिन यह कुर्सी आकर्षण का केंद्र बनी। उनकी यह कुर्सी कर्नाटक से खास डिजाइन कराई गई है। वहां के कुशल कारीगरों द्वारा इसे तराशा गया है। यूपी विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी का डिजाइन कर्नाटक स्पीकर की कुर्सी से काफी मिलता-जुलता है। कर्नाटक स्पीकर की कुर्सी विशालकाय होने के साथ ही ऊपर कैनोपी लगाई गई है और उसमें शेर के प्रतीक चिह्न हैं। यूपी अध्यक्ष की कुर्सी का डिजाइन चारों तरफ से खुला है। कुर्सी का मुख्य स्ट्रक्चर एक जैसा होगा, इसमें यूपी का प्रतीक चिह्न लगाया गया है।
यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बेंगलुरु दौरे के दौरान में कर्नाटक विधानसभा गए थे और उन्होंने स्पीकर की कुर्सी की तारीफ की थी। यूपी में हाल ही में देशभर के विधानसभा अध्यक्षों का सम्मेलन हुआ था। इस दौरान भी कर्नाटक के विधानसभा अध्यक्ष से कुर्सी को लेकर चर्चा हुई। यह कुर्सी शीशम की लकड़ी से बनाई गई है।
यूपी विधानसभा में पहले दिन सपा का प्रदर्शन
यूपी विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विधान भवन के मुख्य द्वार पर और सदन के भीतर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधानसभा के सभागार में विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों को समवेत संबोधित किया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा राज्यपाल को अभिभाषण के लिए आमंत्रित किए जाते ही सपा के वरिष्ठ सदस्य डॉ. संग्राम यादव ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का मुद्दा उठाया।
सपा सदस्यों की नारेबाजी के बीच राज्यपाल ने अपना अभिभाषण शुरू किया। विपक्षी दल के सदस्य विधानसभा अध्यक्ष के आसन के सामने आ गए और 'माता अहिल्याबाई का अपमान-नहीं सहेगा हिंदुस्तान' जैसे नारे लगाने लगे। सपा सदस्यों ने राज्यपाल के अभिभाषण को 'झूठ का पुलिंदा' बताते हुए नारेबाजी की जो अभिभाषण समाप्त होने तक जारी रही। सदन में सपा सदस्य हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे थे। सपा सदस्य इंजीनियर सचिन यादव माता अहिल्याबाई होल्कर की तस्वीर और पीठ पर मणिकर्णिका घाट की तस्वीर छपा कुर्ता पहनकर आए, जबकि सपा सदस्य अतुल प्रधान अहिल्याबाई की बड़ी तस्वीर लेकर सदन में पहुंचे। सपा सदस्य हाल में वाराणसी में मणिकर्णिका घाट पर प्रशासन द्वारा कथित तौर पर की गई तोड़फोड़ और अहिल्याबाई की प्रतिमा तोड़े जाने के मुद्दे पर आक्रामक नजर आए।




साइन इन