उमेश पाल हत्याकांड: अतीक अहमद के बेटे उमर और अली के खिलाफ गैंगस्टर चार्जशीट दाखिल
प्रयागराज पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में अतीक अहमद के बेटों उमर और अली समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मंगलवार को स्पेशल कोर्ट में गैंगस्टर के तहत चार्जशीट दाखिल किया है।

प्रयागराज पुलिस ने अतीक अहमद के बेटों उमर और अली समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मंगलवार को स्पेशल कोर्ट में गैंगस्टर के तहत चार्जशीट दाखिल किया है। दोनों पर 24 फरवरी 2023 को सुलेमसराय इलाके में अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या व साजिश में शामिल होने का आरोप है। सूत्रों की मानें तो न्यायालय ने पुलिस को दो दिन बाद की तारीख दी है। चार्जशीट दाखिल होने से अतीक अहमद के बेटे अली अहमद और उमर अहमद और अन्य आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसेगा।
उमेश पाल हत्याकांड में अतीक अहमद के बेटे अली अहमद, उमर के अलावा अतीक के वकील विजय मिश्रा औेर खान सौलत हनीफ, एखलाक अहमद, सदाकत खान, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, उसकी बहन आयशा नूरी, अशरफ की पत्नी जैनब और हमलावर गुड्डू मुस्लिम, मोहम्मद अरमान और साबिर समेत अन्य के खिलाफ आरोपी पत्र दाखिल किया गया था। हालांकि शाइस्ता परवीन, आयशा नूरी, जैनब, गुड्डू मुस्लिम, अरमान व साबिर अभी भी फरार हैं। धूमनगंज पुलिस ने मंगलवार को उमर व अली समेत अन्य गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत चार्जशीट दाखिल की है।
सूत्रों की मानें तो गैंगस्टर के तहत चार्जशीट दाखिल होने से आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसेगा और उन्हें आसानी से जेल से जमानत नहीं मिलेगी। साथ ही उनकी संपत्ति की जांच व कुर्की की कार्रवाई का भी रास्ता खुलेगा। हाल ही में अली को नैनी जेल से झांसी जेल में शिफ्ट किया गया था। हालांकि चार्जशीट दाखिल होने के बारे में अभी पुलिस के अधिकारी कुछ भी बताने से गुरेज कर रहे हैं।




साइन इन