दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती! डिप्टी CM केशव और बृजेश के वीडियो पर अखिलेश का तंज
कुशीनगर दौरे के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के साथ वाले वीडियो पर तंज कसते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती। जिस पर केशव ने पटलवार करते हुए कहा कि ये जोड़ी हिट है, आपको क्यों मिर्ची लग रही।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा कार्यक्रम में शामिल होने कुशीनगर पहुंचे। उन्होंने महापरिनिर्वाण मंदिर में पूजा-अर्चना की और चीवर चढ़ाकर विश्व शांति व जनकल्याण की कामना की। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। जिसमें भगवान बुद्ध की महत्वता उनके ज्ञान और संस्कारों के बारे में बता रहे हैं। वीडियो का कैप्शन है बुद्धं शरणम् गच्छामि! जिस पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज किया है। उन्होने वीडियो को रिपोस्ट करते हुए लिखा कि दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती।
अब अखिलेश के वार पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार किया है। उन्होने कहा कि ये जोड़ी हिट है। इससे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को क्यों मिर्ची लग रही है। उन्होने कहा कि सपा अध्यक्ष का ये बयान बचकाना है। 2027 तो छोड़िए 2047 तक वे सत्ता के पास नहीं भटक पाएंगे। आपको बता दें दोनों डिप्टी सीएम और अखिलेश के बीच सोशल मीडिया पर जंग छिड़ी हुई है। हाल ही में बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी को दो टके की पार्टी बताया था। जिस पर अखिलेश ने भी जवाब दिया था। और अब दो स्टूलों वाला बयान देकर फिर सियासी माहौल गर्म कर दिया है।
आपको बता दें कुशीनगर में दोनों उपमुख्यमंत्री बुद्ध पूर्णिमा कार्यक्रम में सम्मिलित हुए थे। इस मौक पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भगवान बुद्ध का संदेश आज भी पूरी दुनिया में प्रासंगिक है। उन्होंने जोर दिया कि दुनिया युद्ध की विभीषिका से जूझ रही है और विश्व शांति का एकमात्र उपाय बुद्ध के सत्य, अहिंसा, करुणा और प्रेम के संदेश में निहित है। उन्होंने बुद्ध के विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए सम्राट अशोक द्वारा अपने पुत्र और पुत्री को दुनिया में भेजने का उल्लेख किया। साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी के संयुक्त राष्ट्र में दिए गए संदेश 'आपने युद्ध दिया है, तो भारत ने बुद्ध दिया है' को दोहराया, जिसमें शांति के लिए बुद्ध के विचारों को अपनाने पर बल दिया गया।
वहीं लखनऊ में सपा कार्यालय में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों और अन्य प्रदेशों के बौद्ध धर्मगुरू भन्ते बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस मौके पर अखिलेश ने भगवान बुद्ध के रास्ते पर चलकर जीवन में खुशहाली लाने के लिए बौद्ध भिक्षुओं द्वारा किये जा रहे कार्यों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जीवन में उतार चढ़ाव परेशानियां, दुःख, संकट आता रहता है। ये सब सभी के जीवन में होता है। भारत की धरती पर समय-समय पर जो ज्ञान दिया गया है उसमें सबसे बड़ा योगदान भगवान बुद्ध का है।




साइन इन