trying to save son stuck to high tension wire mother also died of electric shock जामुन तोड़ने के दौरान हाईटेंशन तार से चिपका युवक, बचाने दौड़ी 85 साल की मां को भी लगा झटका, दोनों की मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

जामुन तोड़ने के दौरान हाईटेंशन तार से चिपका युवक, बचाने दौड़ी 85 साल की मां को भी लगा झटका, दोनों की मौत

महोबा में हाईटेंशन लाइन से चिपके बेटे को बचाने पहुंची 85 वर्षीया मां करंट की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, युवक अपनी बेटियों के लिए जामुन तोड़ने की कोशिश कर रहा था।

Mon, 30 June 2025 10:00 PMPawan Kumar Sharma संवाददाता, महोबा
share
जामुन तोड़ने के दौरान हाईटेंशन तार से चिपका युवक, बचाने दौड़ी 85 साल की मां को भी लगा झटका, दोनों की मौत

यूपी के महोबा से दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां घर के बाहर लगे पेड़ से जामुन तोड़ने के दौरान हाईटेंशन लाइन से चिपके बेटे को बचाने पहुंची 85 वर्षीया मां करंट की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपनी बेटियों के लिए जामुन तोड़ने की कोशिश कर रहा था।

शहर कोतवली के गांव कुम्हड़ौरा गांव के रहने वाले 32 वर्षीय राकेश मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। सोमवार को काम करने के बाद घर आया तो बेटियां जामुन तोड़ने की जिद करने लगीं। इस पर राकेश घर के बाहर लगे पेड़ से बांस की मदद से जामुन तोड़ने लगा। बांस हाईटेंशन लाइन से छू गया और राकेश करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर 85 वर्षीय मां राजरानी पहुंची और बेटे को पकड़ लिया। इससे वह भी चिपक गई। अन्य परिजनों और गांव के लोगों ने दोनों को किसी तरह अलग कर अस्पताल पहुंचाया, यहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

बेटियों को मना नहीं कर पाया, पहाड़ तोड़कर लौटा और तोड़ने लगा जामुन

पत्थर की खदान में काम करने के बाद खाना खाने घर आया राकेश बेटियों की जिद को मना नहीं कर पाया। थका-हारा होने के बाद भी वह उनकी इच्छा पूरी करने के लिए जामुन तोड़ने लगा, तभी करंट की चपेट में आ गया। मां-बेटे की एक साथ मौत से घर ही नहीं पूरे गांव में मातम पसरा है। राकेश की चार बेटियां हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शादीशुदा महिला और युवक ने लगाई फांसी, एक साल से रिलेशनशिप में थे दोनों
ये भी पढ़ें:ताजमहल के हाई सिक्योरिटी एरिया में फायरिंग,प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने की कोशिश

दो मौतों से गांव में मातम छाया

गांव में हाईटेंशन लाइन की लंबे समय से मरम्मत न कराने से ग्रामीणों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि विभाग सुरक्षा से जुड़े मामले में लापरवाही बरत रहा है। दो मौतों की सूचना के बाद भी अधिकारियों ने मौके पर आने की जहमत तक नहीं उठाई। जगह-जगह डीपी में बिजली के तार खुले हैं। पूर्व में हुए हादसे के बाद भी विभाग के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। पूर्व में भी दो लोगों को हाईटेंशन लाइन से करंट लग गया था। बरसात के दिनों में खतरा और भी बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि हादसे की सूचना देने के बाद भी विभाग आधा घंटा तक आपूर्ति बंद न कर सका। मृतक के भाई सुरेश का कहना है कि विद्युत विभाग की लापरवाही से पूरे गांव में हाईटेंशन लाइन मौत बनकर झूल रही है। गांव में आबादी के पास हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा जाली गायब है। शिकायतों के बाद भी विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।