गंगा में नहाते समय हादसा: मुंडन संस्कार में शामिल होने आए छह लोग डूबे, चार लोगों की मौत
बलिया में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मुंडन संस्कार में शामिल होने आए छह लोग गंगा में डूब गए। जिनमें से एक युवती और एक युवक को बचा लिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों के माध्यम से तलाश शुरू कराई।

Balia hadsa: यूपी के बलिया में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मुंडन संस्कार में शामिल होने आए छह लोग गंगा में डूब गए। जिनमें से एक युवती और एक युवक को बचा लिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों के माध्यम से तलाश शुरू कराई। एनडीआरफ को बुलाया गया। हालांकि उनके आने से पहले ही गोताखोरों की मदद से चार लोगों की लाश बाहर निकाल ली गई है। हादसे के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सीएम योगी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए राहत बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं।
फेफना थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर निवासी वशिष्ठ चौहान के घर से मुंडन संस्कार के लिए लोग बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर घाट (ब्यासी) पर रविवार की सुबह पहुंचे थे। सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था। इसी बीच, स्नान करते वक्त चार लड़कियां डूबने लगी। उन्हें बचाने के लिए लोग नदी में कूदे। बचाने के चक्कर में दो युवक भी डूब गये। डूब रही चार में से दो युवतियों को बचा भी लिया गया लेकिन अन्य का पता नहीं चल सका।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। घंटों मशक्कत के बाद गड़वार थाना क्षेत्र के रामपुर भोज निवासी अजीत चौहान की दो बेटियों 17 वर्षीय हर्षिता और 12 वर्षीय नंदिता के अलावा गाजीपुर जिले के खिलाड़ी महेशपुर निवासी 19 वर्षीय अर्जुन चौहान तथा 20 वर्षीय अरुण चौहान का शव बरामद किया गया। सूचना के बाद डीएम मंगला प्रसाद सिंह और एसपी ओमवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली।
सीएम योगी ने दिए राहत बचाव के निर्देश
बलिया हादसे की सूचना मिलने पर सीएम योगी ने घटना का संज्ञान लिया। सीएम योगी ने तत्काल अफसरों को मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य के निर्देश दिए। सीएम योगी के निर्देश के बाद अफसर घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।




साइन इन