To avenge the insult friend was killed by hitting him with brick बेइज्जती का बदला लेने के लिए दोस्त को पिलाई शराब, फिर ईंट से कूचकर मौत के घाट उतारा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बेइज्जती का बदला लेने के लिए दोस्त को पिलाई शराब, फिर ईंट से कूचकर मौत के घाट उतारा

प्रयागराज में बेइज्जती का बदला लेने के लिए एक युवक ने अपने ही दोस्त की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। तीन दिन पहले नहर किनारे मिले दीपक यादव के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने हत्यारोपी सौरभ यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

Tue, 13 Jan 2026 07:38 AMPawan Kumar Sharma संवाददाता, प्रयागराज
share
बेइज्जती का बदला लेने के लिए दोस्त को पिलाई शराब, फिर ईंट से कूचकर मौत के घाट उतारा

यूपी के प्रयागराज में बेइज्जती का बदला लेने के लिए एक युवक ने अपने ही दोस्त की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। फूलपुर क्षेत्र में तीन दिन पहले नहर किनारे मिले दीपक यादव के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने हत्यारोपी सौरभ यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा भी बरामद किया गया है।

फूलपुर थानाक्षेत्र के ग्राम परासिनपुर स्थित नहर के पास दस जनवरी को 27 वर्षीय दीपक यादव उर्फ गुड्डू का शव पाया गया था। मृतक के पिता छोटेलाल यादव की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक की गांव के रहने वाले सौरभ यादव से दोस्ती थी। कुछ दिन पहले फूलपुर कस्बे में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इस दौरान दीपक ने सौरभ के साथ मारपीट की थी और सबके सामने गाली-गलौज कर उसे अपमानित किया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए सौरभ ने दीपक की हत्या की साजिश रची।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:झाड़-फूंक और जिन्न के डर से ओझा की हत्या, कुएं में मिला कटा सिर

शराब पीने के बहाने बुलाया, फिर ईंट से कूचकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी सौरभ ने कबूल किया कि 9 जनवरी को उसने दीपक को शराब पीने के बहाने बुलाया। शराब के नशे में धुत होने के बाद सौरभ ने पास पड़ी ईंट उठाकर दीपक के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने से दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सौरभ फरार हो गया था। फूलपुर थाना, एसओजी व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सोमवार को ग्राम बौड़ई स्थित बाबा नहर के पास से सौरभ यादव को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार गौतम ने बताया कि उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।