भाजपा को वोट देने वालों को रिटर्न गिफ्ट में मिला बुलडोजर, मेरठ में ध्वस्तीकरण पर अखिलेश का तंज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा को वोट देने वालों को रिटर्न गिफ्ट में बुलडोजर मिला है। हमारी सरकार में भी आया था दुकान तोड़ने का आदेश, लेकिन हमने रुकवा दिया था।

सेंट्रल मार्केट प्रकरण में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसा है। लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान सेंट्रल मार्केट के कॉम्पलेक्स ध्वस्तीकरण और व्यापारी की रोजी रोटी पर संकट को लेकर अखिलेश यादव से सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि भाजपा को वोट देने वालों को रिटर्न गिफ्ट में बुलडोजर मिला है। हमारी सरकार में भी आया था दुकान तोड़ने का आदेश, लेकिन हमने रुकवा दिया था।
सेंट्रल मार्केट मेरठ समेत वेस्ट यूपी में राजनीति की धुरी बना हुआ है। अवैध कॉम्प्लेक्स के ध्वस्त होने के बाद 22 व्यापारी और उनके कर्मचारियों के परिवार सड़क पर आ गए हैं। रोजगार खत्म हो गया है और रोजी रोटी पर लात लग गई है। व्यापारियों ने कॉम्पलेक्स के मलबे पर शुक्रवार से दोबारा अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। भाजपा नेताओं का विरोध भी शुरू कर दिया गया है। सपा विधायक अतुल प्रधान व्यापारियों से मिलने शुक्रवार दोपहर सेंट्रल मार्केट पहुंचे। इसी प्रकरण में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में बयान दिया।
प्रेसवार्ता में अखिलेश यादव से पूछा गया कि मेरठ में एक बड़ी बिल्डिंग को ध्वस्त किया गया है और वहां व्यापारी बहुत परेशान हैं। कारोबार पर संकट आ गया है। अखिलेश यादव ने जवाब में कहा कि वो बीजेपी की दुकानें जा रही हैं ना। मुझे एक साथी बता रहे थे कि फैसला पहले भी आया था सपा सरकार में। उस समय हम लोगों ने दुकानें नहीं टूटने दी थी। उन सभी लोगों ने बीजेपी को वोट दिया है तो रिटर्न गिफ्ट मिल रहा है बुलडोजर का।
भाजपा सरदार पटेल के विचारों के साथ खिलवाड़ कर रही
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरदार पटेल का जो रास्ता था, वही ‘पीडीए’ का भी है। ‘पीडीए’ पीड़ा के एक सूत्र में बंधा हुआ है। भाजपा सरकार पटेल के विचारों के साथ खिलवाड़ कर रही है। भाजपा की मूल पार्टी आरएसएस है। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था। आरएसएस पर सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने नफरत फैलाने का आरोप था। भाजपा अपनी कमियों को छिपाने के लिए सरदार पटेल की बात करती है। भाजपा सरकार में देश की सीमाएं सिकुड़ रही हैं। समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय समेत सभी जिला कार्यालयों में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इनके साथ समाजवादी आंदोलन के जनक आचार्य नरेंद्र देव की जयंती भी मनाई गई।




साइन इन