आई लव मोहम्मद का बैनर गिराने पर अब बाराबंकी में तनाव, भारी पुलिस फोर्स तैनात
आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर-बैनर को लेकर यूपी के अलग अलग जिलों में विवाद बढ़ता जा रहा है। वाराणसी-सीतापुर में जुलूस निकालने पर केस के बाद बरेली में शुक्रवार को बवाल हो गया। इस बीच बाराबंकी में तनाव हो गया है। भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

यूपी के कई जिलों में आई लव मोहम्मद के पोस्टर-बैनर को लेकर माहौल गरमा रहा है। बिना इजाजत जुलूस को लेकर सीतापुर और वाराणसी में केस दर्ज हुए हैं। बरेली में तो बड़ा बवाल हो गया और मौलाना तौकीर रजा समेत तमाम लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस बीच बाराबंकी में भी आई लव मोहम्मद लिखे बैनर और पोस्टर विवाद का कारण बन गए हैं। बाराबंकी के फैजुल्लागंज गांव में 'आई लव मोहम्मद' लिखे बैनर गिराने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। बैनर गिराने की घटना मस्जिद पर लगे सीसीटीवी में कैद भी हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल रात जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज गांव में लगाया गया 'आई लव मोहम्मद' लिखा बैनर अचानक चर्चा का कारण बन गया। स्थानीय चौकीदार धन्नी ने डंडे से रस्सी तोड़कर बैनर नीचे गिरा दिया। इसे देख मुस्लिम समुदाय के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और नाराजगी जताई। दूसरे पक्ष के लोग भी जमा होने लगे। इससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान धन्नी के घर पर कुछ युवकों ने तोड़फोड़ कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और कई थानों की फोर्स गांव में पहुंच गई। हालात पर काबू पाने के लिए दोनों पक्षों से आरोपी सहित कुछ लोगों को हिरासत लिया गया। देर रात पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय भी गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने गांव में पीएसी की तैनाती करवा दी। फिलहाल गांव छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम पास की मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में धन्नी डंडे से बैनर गिरा रहा है और मौके पर भीड़ जमा हो रही है। पुलिस ने यह वीडियो कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।




साइन इन