Teacher molested a girl student who went to collect her result school sealed रिजल्ट लेने गई छात्रा से शिक्षक ने की छेड़खानी, हंगामे के बाद स्कूल सील, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

रिजल्ट लेने गई छात्रा से शिक्षक ने की छेड़खानी, हंगामे के बाद स्कूल सील

मुजफ्फरनगर स्थित जमन पब्लिक स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा के साथ शिक्षक ने छेड़छाड़ की शर्मनाक हरकत से सनसनी फैल गई। छात्रा स्कूल में अपना रिजल्ट कार्ड लेने पहुंची थी। सूचना पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर घंटों हंगामा किया।

Wed, 28 May 2025 09:41 PMPawan Kumar Sharma संवाददाता, मुजफ्फरनगर
share
रिजल्ट लेने गई छात्रा से शिक्षक ने की छेड़खानी, हंगामे के बाद स्कूल सील

यूपी के मुजफ्फरनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां स्थानीय पारसी बस स्टैंड के पास संचालित जमन पब्लिक स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा के साथ शिक्षक ने छेड़छाड़ की शर्मनाक हरकत से सनसनी फैल गई। छात्रा स्कूल में अपना रिजल्ट कार्ड लेने पहुंची थी। सूचना पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर घंटों हंगामा किया तो पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम के निर्देश पर सीएचसी प्रभारी बुढ़ाना ने स्कूल संचालक द्वारा संचालित झोलाछाप चिकित्सीय क्लीनिक को सील कर दिया, वहीं दोपहर बाद मौके पर पहुंचे बीएसए ने भी स्कूल की तालाबंदी कराकर सील लगाई। छात्रा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी शिक्षक फरार है।

कस्बे में पारसी बस स्टैंड के निकट दो सगे भाइयों द्वारा जमन पब्लिक स्कूल का संचालन किया जा रहा है। बुधवार को छात्रा हाईस्कूल का रिजल्ट लेने गई थी। छात्रा ने घर आकर परिजनों को बताया कि स्कूल के शिक्षक शहजाद ने उसके साथ छेड़खानी की। जिस पर परिजनों में आक्रोश व्याप्त हो गया। छात्रा के परिजनों ने हिन्दू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ स्कूल पर हंगामा शुरू कर दिया। कोतवाली प्रभारी आंनद देव मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाते का प्रयास किया।

छात्रा की तहरीर पर पुलिस से मुकदमा दर्ज कर स्कूल प्रधानाचार्य नौशाद को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि आरोपी शिक्षक शहजाद फरार हो गया। उधर एसडीएम राजकुमार भारती के निर्देश पर सीएचसी प्रभारी डा. अर्जुन सिंह ने लोगों की शिकायत पर स्कूल संचालक द्वारा संचालित झोलाछाप चिकित्सक क्लीनिक को सील कर दिया। बीएसए संदीप कुमार दोपहर बाद घटना की जानकारी मिलने पर स्कूल पहुंचे और स्कूल की जांच पड़ताल करने पर कमियां नजर आई। इसके आधार पर उन्होंने बीआरसी के स्टाफ के साथ मिलकर स्कूल की तालाबंदी कराते हुए सील लगाने की कार्रवाई की है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी के बुलडोजर का डर? मस्जिद को खुद ढहाने लगे मुस्लिम समुदाय के लोग
ये भी पढ़ें:हाथरस दोहरे हत्याकांड में दो दोषियों को मौत की सजा, SC/ST कोर्ट का बड़ा फैसला

उधर, घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के पूर्व विधायक उमेश मलिक भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रा सहित परिवार के सदस्यों से बातचीत कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। उधर सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर बुढ़ाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।