taunt from Azam Khan before Akhilesh yadav arrival in rampur chhoti see gali mein rahata hoon bade log aaenge toh छोटी सी गली में रहता हूं, बड़े लोग आएंगे तो..., अखिलेश के आने से पहले आजम खां का कैसा तंज, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

छोटी सी गली में रहता हूं, बड़े लोग आएंगे तो..., अखिलेश के आने से पहले आजम खां का कैसा तंज

समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां ने एक बार फिर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अखिलेश यादव के उनसे मुलाकात के लिए रामपुर आने को लेकर पूछे गए सवाल पर आजम खां ने तंज कसा। कहा कि अखबारों से पता चला। इसके साथ ही अखिलेश को बड़े लोग कहकर संबोधित भी किया।

Mon, 29 Sep 2025 07:15 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
छोटी सी गली में रहता हूं, बड़े लोग आएंगे तो..., अखिलेश के आने से पहले आजम खां का कैसा तंज

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां के जेल से बाहर आने से पहले से ही तरह तरह की चर्चाएं चल रही हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव से दूरी और बसपा से नजदीकियों को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। कई अटकलों और चर्चाओं को खारिज भी किया। लेकिन सोमवार को ऐसी बातें बोल दीं जिसने एक बार फिर नई अटकलों को जन्म दे दिया है। अखिलेश यादव आठ अक्तूबर को आजम खां से मिलने रामपुर आने का ऐलान कर चुके हैं। इसी सवाल पर आजम खां ने कहा कि इसकी जानकारी अखबरों से मिली है। हम तो एक छोटी सी गली में रहते हैं, जहां कई फीट पानी भर जाता है। बड़े लोग आएंगे तो अच्छा लगेगा, हर बड़े आदमी का स्वागत है। कहा कि बड़े आदमी मेरे घर तशरीफ लाएंगे तो मेरी इज्जत अफजाई होगी।

इसके साथ ही जेल में धीमा जहर देने के सपा नेता शाहिद सिद्दीकी के दावों को भी आजम खां ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि शाहिद सिद्दीकी एक अच्छे नेता हैं। मुलाकात के दौरान हुई बातों को समझने में उन्हें गलतफहमी हुई है। आजम खां ने कहा कि जेल में जब टीवी और अखबारों से मुख्तार अंसारी के इंतकाल की खबर पता चली और जेल में उन्हें धीमा जहर देने की खबरें भी सुनीं तो मैं बहुत मुख्ताद (सतर्क) हो गया था। उसके बाद खाने-पीने में बेहद एहतियात बरतने लगा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जेल से निकलते ही पुराने अंदाज में लौटे आजम खां, शेरो-शायरी शुरू, बसपा पर यह बोले

सिद्दीकी ने दावा किया था कि आजम खां उसके बाद खुद खाना बनाने लगे थे। इस पर आजम खां ने कहा कि वह खुद खाना बनी ही नहीं सकते थे। कहा कि दोपहर में एक पतली रोटी और शाम को उसी रोटी का आधा हिस्सा खाकर गुजारा करते थे। पेट भरने के लिए नींबू से आचार बना लेते थे।

उन्होंने कहा कि पांच साल एक छोटी कोठरी में रहने का सीधा असर उनकी सेहत पर पड़ा है, इसलिए फिलहाल उनकी प्राथमिकता स्वास्थ्य को बेहतर करना है। जेल से छूटने के बाद दो दिन ही रामपुर में रहे आजम खां इलाज के लिए दिल्ली चले गए थे। रविवार को वह दिल्ली से रामपुर पहुंचे। सोमवार को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी का भी दौरा किया। यहां उन्होंने छात्रों से बातचीत की और उन्हें सियासी, सामाजिक मुद्दों पर संवाद किया।

आजम खां मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे और वहां स्वास्थ्य सेवाओं व छात्रों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस बीच आजम खां से मुलाकात करने वालों का तांता भी लगा हुआ है। आजम ने लोगों से मुलाकात में यह भी कहा कि अब उनका पूरा ध्यान जनता और युवाओं के भविष्य की समस्याओं को समझने और हल करने पर रहेगा। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उनकी चर्चा में आगामी योजनाओं और सामाजिक गतिविधियों को लेकर रणनीति बनाई गई।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।