तांत्रिक ने नकली नोटों को असली बनाने का दिया झांसा, फिर तंत्र-मंत्र के बहाने युवती से किया रेप
रामपुर में एक तांत्रिक ने युवती को बैग में सात करोड़ के नकली नोट देकर असली करने का झांसा दिया। फिर तंत्र-मंत्र के बहाने युवती से दुष्कर्म किया। अब पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यूपी के रामपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां तांत्रिक ने युवती को बैग में सात करोड़ के मनोरंजन बैंक के नकली नोट देकर असली करने का झांसा दिया। आरोपी युवती को अपने पास बुलाकर तंत्र-मंत्र क्रिया करता था। इस दौरान उसके साथ रेप भी किया। शनिवार को पीड़िता थाने पहुंची और पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर स्वार पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
टांडा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने पुलिस को शिकायत कर बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इस बीच वह अपनी सहेली के माध्यम से स्वार थाना क्षेत्र के नरपत नगर निवासी तांत्रिक नासिर से मिली। नासिर ने तंत्र-मंत्र क्रिया से उसकी परेशानी दूर करने का झांसा दिया। आरोप लगाया कि एक दिन तांत्रिक ने उसे एक बैग दिया, जिसमें मनोरंजन बैंक के नकली नोट थे। तांत्रिक ने कहा कि तंत्र-मंत्र क्रिया से यह नोट असली हो जाएंगे। इस पर युवती ने भरोसा कर लिया और उसके पास तंत्र-मंत्र क्रिया के लिए आने लगी। आरोप है कि तांत्रिक चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर उससे दुष्कर्म करता था। काफी समय तक रुपये असली नहीं होने पर उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने एक दिन उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना ली।
पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। मामले की शिकायत पर आरोपी, उसके गुरु, बेटी, दामाद, पुत्र समेत अन्य लोगों ने पास पहुंची। इस पर वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट की। शोर मचाने पर युवती का मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये छीन लिए। पीड़िता थाने पहुंची और शिकायत की। पुलिस ने शिकायत पत्र के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी नासिर को गिरफ्तार कर लिया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो साल से कर रहा था तंत्र क्रिया
रामपुर। पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की तो सामने आया कि आरोपी उसे दो साल से परेशान करता आ रहा है। आरोपी ने साल 2024 और साल 2025 तक तंत्र क्रिया से नोटों को असली करने का झांसा दिया। वह भरोसा कर उसके पास जाती रही।
इस मामले में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मलिक ने बताया कि युवती ने तांत्रिक पर तंत्र-मंत्र क्रिया के माध्यम से झांसे में लेकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। उसकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साक्ष्य एकत्र कर मामले की विवेचना की जा रही है।




साइन इन