स्कूल टीचर का शर्मनाक कारनामा, छात्रा से अफेयर के शक में महिलाओं ने खंभे से बांधकर पीटा
रायबरेली में एक शिक्षक की करतूत ने शिक्षा जगत को शर्मसार कर दिया है। छात्रा से कथित प्रेम प्रसंग के आरोप में महिलाओं ने शिक्षक को पकड़कर बांधा और सड़क पर उसकी पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

यूपी के रायबरेली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक शिक्षक का अपनी ही स्कूल की छात्रा से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात से नाराज होकर कुछ महिलाओं ने शिक्षक को पकड़ लिया और उसे बांधकर जमकर पिटाई कर दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मामला सलोन क्षेत्र के घूरनपुर करहिया बाजार स्थित सीके एजूकेशन स्कूल का बताया जा रहा है। आरोप है कि स्कूल में तैनात एक अध्यापक का संबंध उसी स्कूल की एक छात्रा से था। जब यह बात स्थानीय लोगों और महिलाओं को पता चली तो उन्होंने शिक्षक को पकड़ लिया और सार्वजनिक रूप से उसकी जमकर धुनाई की। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि शिक्षक बंधा हुआ है और कई महिलाएं उसकी पिटाई कर रही हैं।
घटना के बाद से ही यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इस तरह के चरित्रहीन शिक्षक को शिक्षा के पवित्र पेशे में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। इसके बावजूद, बताया जा रहा है कि संबंधित शिक्षक को अब तक स्कूल प्रशासन ने न तो निलंबित किया है और न ही हटाया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस घटना ने शिक्षा जगत की साख पर सवाल खड़ा कर दिया है।
हमीरपुर में गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या
उधर, हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र मे बुधवार देर शाम प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक अपनी प्रेमिका की शादी से पहले उसे अंतिम बार उससे मिलने पहुंचना भारी पड़ गया। लड़की के गुस्साये परिजनों ने उसे पीट पीटकर हत्या कर दी। यही नहीं प्रेमिका ने अपना गला धारदार हथियार से काट लिया। उसे गंभीर हालत में डाक्टरो ने कानपुर रिफर कर दिया है।




साइन इन