यूपी में चाइनीज मांझे ने रेत दिया दरोगा का गला, 18 टांके लगने के बाद भी हालत गंभीर
जाकिर कॉलोनी पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा ऋषभ चौकी से थाना जा रहे थे। जैसे ही वह संतोष अस्पताल के पास पहुंचे तो हवा में लटका चाइनीज मांझा अचानक उनकी गर्दन और चेहरे में उलझ गया। तेज धार वाले मांझे ने उनकी ठोड़ी और गाल गहराई से काट दिए। लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

यूपी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा लगातार मौत और गंभीर हादसों का सबब बनता जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई और चेकिंग अभियान बेअसर साबित हो रहे हैं। शनिवार को मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर एक दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने उनके घावों पर करीब 18 टांके लगाए हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जाकिर कॉलोनी पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा ऋषभ शनिवार सुबह चौकी से थाना जा रहे थे। जैसे ही वह संतोष अस्पताल के पास पहुंचे तो हवा में लटका चाइनीज मांझा अचानक उनकी गर्दन और चेहरे में उलझ गया। तेज धार वाले मांझे ने उनकी ठोड़ी और गाल गहराई से काट दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, शनिवार दोपहर सरधना फ्लाईओवर की ओर से बाइक से जा रहा एक डिलीवरी ब्वॉय चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। मांझे से डिलीवरी बॉय सोनू की नाक गंभीर रूप से कट गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी नाक पर कई टांके आए। सोनू ने बताया कि वह ऑर्डर देने जा रहा था, तभी कंकरखेड़ा थाने के सामने यह हादसा हुआ।
एक महीने से अभियान जारी, लेकिन सब बेअसर
प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान और चेकिंग की जा रही है, लेकिन इसका असर नजर नहीं आ रहा। एक महीने से दुकानों पर चेतावनी और चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन यह कार्रवाई औपचारिकता बनकर रह गई। मांझे की खुलेआम बिक्री जारी है, जिसके चलते हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा। इस साल जनवरी माह में ही चाइनीज मांझे से करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
चाइनीज मांझे के साथ तीन गिरफ्तार
थाना टीपीनगर और लिसाड़ी गेट पुलिस ने शनिवार को अवैध चाइनीज मांझा बेचने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें टीपीनगर पुलिस ने होली चौक मलियाना से विपुल को चार चरखी अवैध चाइनीज मांझा के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, चंद्रलोक साबुन गोदाम क्षेत्र से लोकेश को चार चरखी चाइनीज मांझा के साथ पकड़ा है। लिसाड़ी गेट पुलिस ने आजाद रोड गोलाकुआं क्षेत्र से खिज्र असलम को पांच चरखी अवैध चाइनीज मांझा बेचते हुए गिरफ्तार किया।




साइन इन