नीट का पेपर लीक होने के तनाव में छात्र ने लगाई फांसी, कमरे में लटका मिला शव
लखीमपुर खीरी में नीट का पेपर निरस्त होने के तनाव में छात्र ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। छात्र ने इस साल तीसरी बार नीट की परीक्षा दी थी। परीक्षा रद होने की वजह से वह काफी परेशान था।

Lakhimpur Kheri News: यूपी के लखीमपुर खीरी में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। नीट का पेपर निरस्त होने के तनाव में छात्र ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। छात्र ने इस साल तीसरी बार नीट की परीक्षा दी थी। परीक्षा रद होने की वजह से वह काफी परेशान था। बुधवार की शाम को अपने गांव से लखीमपुर स्थित घर आ गया। इसके बाद परिजनों से उसने कोई बात नहीं की। गुरुवार की दोपहर उसका शव घर के कमरे में लटका मिला।
ईसानगर थाना क्षेत्र के हसनपुर कटौली के रहने वाले अनूप मिश्रा का 20 वर्षीय बेटा ऋतिक कई सालों से नीट की तैयारी कर रहा था। इसी साल उसने तीसरी बार नीट की परीक्षा दी थी। अनूप ने बताया कि ऋतिक कहता था कि इस बार उसका पेपर अच्छा हुआ है। इस बीच नीट का पेपर लीक होने की सूचना मिली। जिससे वह परेशान था। पेपर लीक होने की बात उसे अंदर ही अंदर खाए जा रही थी। पिता ने बताया कि बुधवार को वह गांव से शहर वाले घर पर आ गया था। काफी देर तक जब ऋतिक ने दरवाजा नहीं खोला तो रिश्तेदारों ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने सूचना देकर पुलिस को बुला लिया।
दरवाजा तोड़कर पुलिस ने निकाला शव
पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ऋतिक को आवाज दी, अंदर से कोई आहट नहीं मिलने पर दरवाजा को तोड़ दिया गया। अंदर का नजारा देखकर परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई। घर के अंदर ऋतिक का शव लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।




साइन इन