सातवीं क्लास के छात्र ने लगाई फांसी, ढाई साल पहले पिता ने भी की थी आत्महत्या
लखनऊ में मंगलवार को कक्षा सात के एक छात्र ने फांसी लगा ली। घर के अंदर कमरे में कुंडे के सहारे साड़ी से उसका शव फंदे पर लटका मिला। घटना के समय मां काम पर गई थी। वहीं, बच्चे के पिता ने भी ढाई साल पहले फांसी लगाई थी।

यूपी के लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां निगोहां के मस्तीपुर गांव में मंगलवार को कक्षा सात के छात्र अंश (12) ने फांसी लगा ली। घर के अंदर कमरे में कुंडे के सहारे साड़ी से उसका शव फंदे पर लटका मिला। घटना के समय मां काम पर गई थी। अंश के पिता ने भी ढाई साल पहले फांसी लगाई थी।
थाना प्रभारी निगोहां अनुज कुमार तिवारी के मुताबिक मस्तीपुर गांव में रहने वाली पूनम घरों में काम करती हैं। मंगलवार को भी वह रोजाना की तरह वृंदावन कालोनी में काम पर गई थी। शाम को लौटी तो छोटा बेटा आदर्श घर के बाहर खेल रहा था। पूनम घर पहुंची। कमरे का बंद दरवाजा काफी देर तक खटखटाती रहीं। कोई उत्तर न मिलने पर उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों की मदद से कुल्हाड़ी से दरवाजा काटा। कमरे में कुंडे से साड़ी के सहारे जिगर के टुकड़े अंश को फंदे पर लटका देख पूनम की चीख निकल पड़ी।
मोहल्ले वालों ने पुलिस को सूचना दी और अंश को फंदे से उतार कर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने अंश को मृत घोषित कर दिया। पूनम ने बताया कि बेटा मदाखेड़ा स्थित मालती नारायण इंटर कॉलेज से कक्षा सात का छात्र था। पुलिस आत्महत्या के कारणों की तफ्तीश कर रही है। थानाप्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों में चर्चा है कि सुबह अंश अपनी मां से रुपये मांग रहा था। इसको लेकर उसकी मां ने डांटा था। इसके बाद पूनम काम पर चली गई थी। लौटी तो घर में बेटा का शव फंदे पर लटका मिला। घटना के पूरे गांव में मातम छाया है।
मां ने खाने के लिए डांटा तो छात्रा ने लगा ली फांसी
उधर, कानपुर के काकादेव में खाना बनाने के लेकर मां ने बेटी को डांट दिया। जिस बात से क्षुब्ध होकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
अंबेडकरपुरम निवासी आशा देवी पति रामसेवक की मौत के बाद परिवार का पालन पोषण कर रही हैं। परिवार में दो शादीशुदा बेटी रागिनी, ज्योति और अविवाहित बेटी 24 वर्षीय शिवानी व बेटा सूरज हैं। परिजनों ने बताया कि रामसेवक फल का ठेला लगाते थे। करीब एक साल पहले उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई। बेटी शिवानी बीसीए की पढ़ाई के बाद वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। सोमवार को खाना बनाने के लेकर मां ने शिवानी को डांट दिया। जिसके बाद गुस्से में आकर उसने फांसी लागा ली। थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि छात्रा की मां ने उसे खाना बनाने को लेकर डांट दिया था। जिस बात से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या की है।




साइन इन