सीएम योगी के गोद लिए वनटांगियों का धमाल, अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में मचाई धूम
यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ के गोद लिए वनटांगियों ने धमाल मचाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। प्राण प्रतिष्ठा के बाद खुशी में आदिवासी महिलाओं ने रामपथ पर भी झूमकर नृत्य किया।

सीएम योगी आदित्यनाथ के गोद लिए वनटांगियों के ग्रुप ने अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मचाई। यह टीम जी 20 समारोह में अपनी प्रस्तुति दे चुकी है। भोजपुरी में बात करते हुए बाल कलाकारों ने कहा की जब साड़ी पहन कर मेकअप किया तो खुद को ही नहीं पहचान पाए। तिकोनिया नंबर तीन के वनटांगियों की टीम के सदस्य ज्योति और रितिमा ने कहा कि जीवन में नहीं सोचा था कि यहां तक आएंगे। हमें अपार खुशी है कि भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हिस्सा बन मंच पर अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं।
शुद्ध भोजपुरी भाषा में बात करते हुए इन बाल कलाकारों ने कहा कि हर चीज से महरूम थे। अब जीवन रंगीन हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रोटी, कपड़ा, मकान देने के बाद शिक्षा और संस्कृति से भी जोड़ने का काम कर रहे हैं। यह हम सभी के जीवन में अद्भुत बदलाव की घड़ी है। वनटांगियां जनजाति डांस ग्रुप की संचालिका सुगम सिंह शेखावत ने बताया कि इनके गांव को मुख्यमंत्री ने गोद ले रखा है। जिनमे कोई बकरी चराता था तो कोई गोबर का उपला बनाता था। अब ये सभी पढ़ रही हैं। गीत व नृत्य में पारंगत हो रही हैं। जी 20 में प्रस्तुति देने के साथ गंगा महोत्सव, मथुरा, गोरखपुर महोत्सव में प्रस्तुति देने के बाद अयोध्या में अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं।
काशी के लोगों ने बजाया डमरू तो भोपाल के घंटा ढोल
प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न होते ही लता मंगेश्कर चौक के आसपास खड़े रामभक्त झूम उठे। जो जहां जैसे था नाचने झूमने गाने लगा। इस दौरान जहां काशी से आए श्री काशी विश्वनाथ महाकाल डमरू सेवा समिति के 51 सदस्यों द्वारा विभिन्न सुरों में एक साथ डमरू का वादन किया गया। वहीं भोपाल से आए बाबा बटेश्वर कीर्तन समिति के भक्तों ने ढोल नगाड़ा घंटा शंख बजाकर भगवान राम के नाम का जयकारा लगाते हुए झूमने लगे। इस उत्सव में काशी के डमरू वादन ग्रुप का संचालन कर रहे राजेश उपाध्याय के निर्देशन में लगभग 51 मिनट तक अलग-अलग सुरों में डमरू बजाकर भगवान के उत्सव की खुशियां मनाई गई।




साइन इन