राहुल गांधी की कुंडली में शादी का योग नहीं...लालू की सलाह पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ली चुटकी
बलिया में पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव द्वारा दी गई शादी की सलाह पर चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी की कुंडली में शादी योग ही नहीं है।

यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के लिए लड़ रहे हैं, जबकि विपक्ष कुर्सी के लिए एकजुट हो रहे हैं। ‘नॉन सीरियस’ लोगों की बैठक में देश नहीं बल्कि शादी की बातें हो रही हैं। पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव द्वारा दी गई शादी की सलाह पर ब्रजेश पाठक ने चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी की कुंडली में शादी योग ही नहीं है। बिल्थरारोड के हल्दीरामपुर में शनिवार को महाजनसम्पर्क अभियान के तहत जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने पटना में एकजुट हुए विपक्ष को आड़ेहाथ लिया। कहा कि ये पूरी तरह से ‘नान सीरियस’ लोग हैं।
हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है लेकिन विपक्ष कुर्सी के लिए लड़ रहा है। नेता भी तय नहीं है। वहां गंभीरता की बातें नहीं बल्कि शादी की बातें हो रही हैं। उन्हें देश या चुनाव की चिंता नहीं है। क्या राहुल गांधी की शादी के बाद राजयोग है? इस सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि उनकी कुंडली में कुछ लिखा नहीं है। विरासत में आपको सम्पत्ति मिल सकती है लेकिन लोकतंत्र में जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है। बलिया के जिला अस्पताल में पिछले दिनों हुई मौतों को दुखद बताते हुए कहा हम पूरी तरह सतर्क हैं। चिकित्सा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है।
सभी चिकित्सकों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। दवाओं की कोई कमी नहीं होगी। मौतों की जांच के लिए आयी टीम की रिपोर्ट के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि कई जगह कुछ मिला-जुला रिजल्ट था। हमने अलग से दोबारा केजीएमसी में भेजा है। अभी रिपोर्ट आया नहीं है। समय लग रहा है। रिपोर्ट आते ही सार्वजनिक कर देंगे। हम हर स्थिति में सतर्क हैं। वीर सावरकर को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल करने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सावरकर का भारत के इतिहास में अहम योगदान है। राजपाट चलाने वालों ने ऐसे लोगों को हटा दिया। अकबर, हुमायूं, शाहजहां आदि को पढ़ाते रहे। जिन लोगों ने हम पर अटैक किया उनके इतिहास को पढ़ाते रहे। वास्तविक इतिहास अब हम लोग देश के सामने रख रहे हैं।




साइन इन