पूर्व MLC हाजी इकबाल के खिलाफ एक और केस, कुर्की की तैयारी में जुटी सहारनपुर पुलिस
पूर्व एमएलसी उनके भाई और अन्य परिजनों के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। यूनिवर्सिटी में काम करने वाले एक ठेकेदार ने हाजी इकबाल और उनके परिजनों पर बंधक बनाकर लूट करने का आरोप लगाया है।

पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। पूर्व एमएलसी उनके भाई और अन्य परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यूनिवर्सिटी में काम करने वाले एक ठेकेदार ने हाजी इकबाल और उनके परिजनों पर बंधक बनाकर लूट करने और रंगदारी मांगने के आरोप लगाए हैं। पुलिस टीम ने तुंरत ही मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, यमुनानगर के एक ठेकेदार बलराज ने थाना मिर्जापुर में तहरीर दी। उनका कहना है कि उसने पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल की यूनिवर्सिटी में काम किया था। उसी के पैसे मांगने के लिए वह एक बार पूर्व एमएलसी के पास गया था। आरोप है कि पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल, उनके भाई पूर्व एमएलसी महमूद और हाजी इकबाल के बेटों ने उसे बंधक बना लिया और लूटपाट की। यही नहीं उससे रंगदारी भी मांगी और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने ठेकेदार की तहरीर पर तुरंत ही एफआईआर दर्ज कर ली। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। एसपी देहात सूरज राय ने बताया कि हाजी इकबाल समेत उनके भाई और बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कुर्की की तैयारी में जुटी पुलिस
पुलिस ने पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के खिलाफ कुर्की की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस टीम दिनभर हाजी इकबाल की संपत्ति को चिन्हित करती रही। पुलिस अफसरों का कहना है कि बुधवार को कार्रवाई की जा सकती है।
सोमवार को पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के खिलाफ कुर्की के आदेश जारी किए गए थे। 32 लाख रुपये की ठगी के मामले उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके बाद पुलिस टीम ने कुर्की की तैयारी शुरू कर दी। मंगलवार को दिनभर मिर्जापुर पुलिस हाजी इकबाल की संपत्ति को चिन्हित करती रही। शाम तक यह कार्रवाई चली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने पूर्व आवास पर पहुंचकर मकान आदि को चिन्हित किया। इसके बाद सूची तैयार की जा रही है। बताया जा रहा है कि बुधवार को हाजी इकबाल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन