speeding Innova car rammed into a trailer from behind killing four of the seven friends on their way to Kainchi Dham तेज रफ्तार इनोवा पीछे से ट्रेलर में घुसी, वाराणसी से कैंची धाम जा रहे सात में से चार दोस्तों की मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

तेज रफ्तार इनोवा पीछे से ट्रेलर में घुसी, वाराणसी से कैंची धाम जा रहे सात में से चार दोस्तों की मौत

यूपी के बाराबंकी में बड़ा हादसा हुआ है। वाराणसी के आसपास के जिलों से कैंची धाम जा रहे सात दोस्तों की इनोवा पीछे से ट्रेलर में घुस गई। हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई और तीन की हालत गंभीर है।

Tue, 26 May 2026 09:25 AMYogesh Yadav हैदरगढ़ (बाराबंकी) संवाददाता
share
तेज रफ्तार इनोवा पीछे से ट्रेलर में घुसी, वाराणसी से कैंची धाम जा रहे सात में से चार दोस्तों की मौत

यूपी के बाराबंकी में लखनऊ-सुल्तानपुर हाइवे पर बड़ा हादसा हुआ है। हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में भिखरा गांव के पास सोमवार देर रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार इनोवा आगे जा रहे हैं ट्रेलर में पीछे से घुस गई। हादसे में इनोवा सवार सात में से चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा इतना भीषण था कि इनोवा के गले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी सात दोस्त अंदर ही फंसे रहे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ भेज दिया गया है। वाराणसी के आसपास के जिलों के रहने वाले सभी दोस्त उत्तराखंड स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम में दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ है।

रात दो बजे हुआ हादसा

हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर हाइवे पर भिखरा गांव के पास सोमवार की देर रात करीब दो बजे हादसा हुआ। सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे ट्रेलर के पीछे तेज रफ्तार इनोवा घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोगों को पहले लगा कोई विस्फोट हुआ है। लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद वहां की हालत देख कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही हैदरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से इनोवा में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

वाराणसी में जुटे थे सभी दोस्त

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग आपस में करीबी मित्र थे। सभी वाराणसी और आसपास के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। कैंची धाम यात्रा के लिए वाराणसी में एकत्र हुए थे। वहां से सभी लोग इनोवा से उत्तराखंड के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में हैदरगढ़ क्षेत्र के भिखरा गांव के पास यह हादसा हो गया।

चार की मौत, तीन गंभीर

हादसे में मुगलसराय चंदौली निवासी राहुल कुमार (43) पुत्र संजय कुमार, गाजीपुर के गैबीपुर निवासी राहुल सिंह (42) पुत्र अजय प्रताप सिंह, बलिया के रसड़ा रामपुर निवासी सत्यम सिंह (43) पुत्र स्वर्गीय तेज प्रताप सिंह और सूरज यादव (40) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।

वहीं, मिर्जापुर के चुनार निवासी पंकज सिंह (45) पुत्र रमेश सिंह, बलिया के बेला निवासी प्रशांत (44) पुत्र अवध बिहारी और मिर्जापुर के चुनार निवासी चंदन सिंह (40) पुत्र दशरथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इन लोगों को सीएचसी हैदरगढ़ लाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेज दिया।

परिवारों में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिवारों में कोहराम मच गया है। परिवारजन बाराबंकी और लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। गांवों में मातम का माहौल है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।