गोरखपुर-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक उठा धुआं, यात्रियों में मची अफरातफरी
यूपी के बाराबंकी में गोरखपुर-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक धुआं उठा। धुआं उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन बुढ़वल स्टेशन से पहले पुल के पास रोकी गई। यात्री घबराकर ट्रेन से नीचे उतर आए।

गोरखपुर से लखनऊ जा रही इंटर सिटी एक्सप्रेस ट्रेन में गुरुवार को अचानक धुआं उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन बुढ़वल स्टेशन से पहले पुल के पास रोकी गई और खराबी दूर करने के बाद आगे रवाना हुई। घटना सुबह करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है।
ट्रेन जैसे ही बुढ़वल रेलवे स्टेशन के पास रामनगर–फतेहपुर मार्ग पर बने ओवरब्रिज के समीप पहुंची, यात्रियों ने एक बोगी में धुआं निकलते देखा। स्थिति को गंभीर समझते हुए यात्रियों ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। ट्रेन रुकते ही प्रभावित बोगी के यात्री घबराकर नीचे उतर आए। सूचना मिलने पर चालक और गार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति की जांच की। जांच के दौरान पता चला कि ब्रेक शू पहियों में चिपक गए थे, जिसके कारण रगड़ से धुआं उठ रहा था। मौके पर बुढ़वल स्टेशन के तकनीकी कर्मचारियों को बुलाया गया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए खराबी को ठीक किया। इसके बाद ट्रेन को पुनः सुरक्षित रूप से रवाना किया गया।
स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया
गनीमत यह रही कि यात्रियों की सजगता और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। यदि ट्रेन समय पर नहीं रोकी जाती तो आग लगने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता था। इस दौरान कुछ देर के लिए ट्रेन में अफरातफरी का माहौल बना रहा, लेकिन रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।
किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं
जीआरपी प्रभारी जयंत दुबे ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि “कोई ट्रेन निलंबित नहीं की गई। तकनीकी खराबी को ठीक कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।”इस घटना के बाद रेलवे ने यात्रियों को आश्वस्त किया कि सभी तकनीकी जांचें पूरी कर ली गई हैं और यात्रा पूरी तरह सुरक्षित है।




साइन इन