लोकसभा के प्रश्न काल में सांसद ने केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना का उठाया मुद्दा
Sitapur News - सीतापुर में सांसद राकेश राठौर ने लोकसभा में केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कृषि शिक्षा और अनुसंधान की कमी है, जो किसानों और युवाओं के लिए आवश्यक है। कृषि मंत्री ने कहा कि वर्तमान में कोई प्रस्ताव नहीं है, जिस पर सांसद ने निराशा व्यक्त की।

सीतापुर, संवाददाता। सांसद राकेश राठौर ने गुरुवार को लोकसभा के प्रश्नकाल में जिले में केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना का महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सीतापुर संसदीय क्षेत्र मूलतः ग्रामीण और कृषि प्रधान क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में किसान अपनी आजीविका के लिए खेती पर निर्भर हैं, लेकिन यहां उच्च स्तरीय कृषि शिक्षा और अनुसंधान की सुविधाओं का गंभीर अभाव है। इस दौरान उन्होंने पूछा कि क्या सरकार सीतापुर के लिए केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय स्थापित करने पर विचार कर रही है, जिससे किसानों और स्थानीय युवाओं को आधुनिक कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण की सुविधाएं मिल सकें। सांसद ने कहा कि यहां पर मुख्य रूप से गेहूं, धान, गन्ना, सरसों जैसी फसलों की बड़े पैमाने पर खेती की जाती है, लेकिन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जल संरक्षण, उन्नत बीज, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन जैसी सुविधाओं तक पर्याप्त पहुंच नहीं मिल पाती।
यदि यहां एक केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय स्थापित किया जाए तो इससे न केवल किसानों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए उच्च शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इस पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि वर्तमान में सीतापुर में किसी केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना का कोई प्रस्ताव नहीं है। सरकार ने यह भी कहा कि राज्य में पहले से कुछ कृषि विश्वविद्यालय व आईसीएआर संस्थान मौजूद हैं। कृषि शिक्षा राज्य सरकार का विषय है। इस पर सांसद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जवाब निराशाजनक और क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं से दूर है। उन्होंने कहा कि केवल यह कह देना कि राज्य में अन्य स्थानों पर विश्वविद्यालय मौजूद हैं, सीतापुर जैसे बड़े कृषि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और सीतापुर में केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए ठोस पहल करे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन