शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव से दरका शीशा, कोच में सवार थे आरएसएस प्रमुख भागवत
लखनऊ से दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार की रात पथराव किया गया। इससे उसी कोच का शीशा दरक गया जिसमें आरएसएस प्रमुख भागवत सवार थे। घटना टूंडला के पास मक्खनपुर और फिरोजाबाद के बीच शाम 7.20 पर हुई।

लखनऊ से नई दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार की देर शाम हुई पत्थरबाजी की घटना से रेलवे और पुलिस प्रशासन सकते में आ गया। पत्थर एक्जीक्यूटिव क्लास के उस कोच पर जाकर लगा, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे। पुलिस की कई टीमें अराजकतत्वों की तलाश में जुटी हैं।
कानपुर से नई दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के कोच ई-1 में सरसंघचालक मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे। देर शाम करीब 7.20 बजे फिरोजाबाद आउटर से गुजरते समय कोच ई-1 पर पत्थर जाकर लगा, जिससे उसका शीशा चटक गया। कोच में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बैठे होने से घटना की जानकारी तुरंत आला अधिकारियों तक पहुंचाई गई। टूंडला स्टेशन पर 7.34 बजे ट्रेन पहुंची। अधिकारियों ने पूरी जानकारी लेने के बाद 7.41 बजे रवाना भी कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, ये किसी अराजक तत्व द्वारा सामान्यत: पत्थर फेंके जाने की घटना है। फिर भी पुलिस प्रशासन और आरपीएफ इसकी अन्य बिंदुओं से भी जांच कर रहे हैं। पत्थर फेंकने वाले को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना के संबंध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई हैं। फिरोजाबाद के जीआरपी प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कोच में शीशा टूटने से किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
पहले भी होती रही हैं ऐसी घटनाएं
ट्रेनों पर इस तरह के पत्थर फेंके जाने की घटनाएं पहले भी होती रही हैं। अराजक तत्व के पकड़ में आने पर उसे दंडित करके छोड़ दिया जाता है। इस बार की घटना को भी संयोग ही माना जा रहा है। फिर भी दूसरे बिंदुओं से इसकी गहन पड़ताल करने में सुरक्षा एजेंसियां लगी हुई हैं।
कानपुर में आशीर्वाद समारोह में हुए शामिल
संघ प्रमुख मोहन भागवत इससे पहले गुरुवार को कानपुर में नवाबगंज स्थित एक सभागार में आयोजित आशीर्वाद समारोह में शिरकत की। यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व क्षेत्र संघचालक वीरेंद्रजीत सिंह की पौत्री और वरिष्ठ समाजसेविका व शिक्षाविद् नीतू सिंह और स्व. यतींद्र जीत सिंह की बड़ी बेटी वसुंधरा व यश मल्होत्रा को शुभाशीष दिया। वसुंधरा की शादी लैंडमार्क होटल व स्टेटस क्लब के एमडी विकास मल्होत्रा के बेटे यश से हो रही है। विवाह पूर्व आयोजित इस आशीर्वाद समारोह में शिरकत करने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और प्रदेश सरकार के कई दिग्गज भी पहुंचे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत गुरुवार सुबह साढ़े चार बजे ट्रेन से शहर पहुंचे। वे सीधे सिविल लाइंस स्थित वीरेंद्रजीत सिंह के आवास पहुंचे और आराम किया। दोपहर ढाई बजे संघ प्रमुख कार्यक्रम स्थल पहुंचे और वसुंधरा व यश को आशीर्वाद दिया। इस दौरान संघ प्रमुख से मिलने के लिए संघ के पदाधिकारियों, भाजपा के पदाधिकारियों, प्रतिनिधि के साथ सामान्य लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। हालांकि संघ प्रमुख ने आशीर्वाद कार्यक्रम के अलावा अन्य किसी बिंदु पर चर्चा नहीं की।
संघ प्रमुख ने वीरेंद्रजीत सिंह, नीतू सिंह, आरएसएस के कानपुर के प्रांत प्रचारक श्रीराम समेत गणमान्य लोगों से भेंट कर कुशलक्षेम जाना। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, वित्तमंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, मंत्री राकेश सचान, मंत्री कृष्णा पासवान ने भी आशीर्वाद दिया।




साइन इन