शंकराचार्य को बताया 'रावण', राहुल गांधी को 'कांग्रेसाचार्य'; होर्डिंग लगाने वाले हिंदूवादी नेता पर FIR
रायबरेली में सियासी पारा उस वक्त गरमा गया जब शहर के सांसद राहुल गांधी और शंकराचार्य के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों वाली होर्डिंग्स नजर आईं। इस मामले में कांग्रेस की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिंदूवादी नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक विवादित होर्डिंग ने राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ-साथ पूज्य शंकराचार्य के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल सिंह के खिलाफ बछरावां थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कांग्रेस के जिलाध्यक्ष की तहरीर पर आपसी सौहार्द्र बिगाड़ने और धार्मिक-राजनीतिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में की गई है।
क्या था होर्डिंग का विवादित मजमून?
जानकारी के अनुसार, विश्व हिंदू रक्षा परिषद के पदाधिकारी राहुल सिंह ने होर्डिंग्स में राहुल गांधी को 'कांग्रेसाचार्य' और हिंदू धर्म के सर्वोच्च धर्मगुरुओं में से एक शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को 'रावण' की संज्ञा दी गई थी। जैसे ही ये होर्डिंग्स नजर आईं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई।
कांग्रेस ने लगाया आपसी सौहार्द्र बिगाड़ने का आरोप
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बछरावां थाने में लिखित तहरीर दी। पंकज तिवारी ने आरोप लगाया कि राहुल सिंह ने जानबूझकर समाज में शांति और भाईचारे को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसी भाषा का प्रयोग किया है। तहरीर में कहा गया कि राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और पूज्य शंकराचार्य की तुलना रावण से करना न केवल राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन है, बल्कि यह हिंदू समाज की आस्था पर भी चोट है। इस कृत्य से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनमानस की भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
बछरावां थाने की पुलिस ने तहरीर मिलते ही आरोपी राहुल सिंह के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से उन विवादित होर्डिंग्स को हटवाना शुरू कर दिया है ताकि स्थिति और न बिगड़े। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में गहराया तनाव
इस घटना के बाद रायबरेली में तनावपूर्ण फैल गया है। राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से ही सांसद हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे गांधी परिवार और हिंदू धर्म के प्रतीकों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। वहीं, दूसरी ओर हिंदूवादी संगठनों के कुछ लोग इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी है ताकि इस विवाद को लेकर कोई भ्रामक जानकारी न फैले और शांति व्यवस्था कायम रहे।




साइन इन