शंकराचार्य के वकील श्रीनाथ त्रिपाठी को जान से मारने की धमकी, कहा- कचहरी के साथ तुम्हें भी उड़ा देंगे
वाराणसी में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी को जान से मारने की धमकी दी गई है। बनारस कचहरी के साथ अधिवक्ता को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कॉल करने वाले की तलाश शुरू कर दी है।

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के मामले की पैरवी करने वाले उनके अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी को जान से मारने की सनसनीखेज धमकी मिली है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने मैसेज भेज कर लिखा कि वाराणसी कचहरी के साथ तुम्हें भी बम से उड़ा देंगे। इस खबर के बाद से कचहरी परिसर और अधिवक्ताओं के बीच हड़कंप मच गया है। पिछले हफ्ते में तीन बार वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। अब वकील को कचहरी के साथ उड़ाने की धमकी मिली है। श्रीनाथ त्रिपाठी बार कौंसिल आफ इंडिया के को-चेयरमैन भी रहे हैं।
अधिवक्ता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया टैक्स मैसेज से उन्हें धमकी दी गई है। पुलिस को मैसेज करने वाले के नंबर भी दिया गया है। मैसेज में लिखा गया है कि बनारस कचहरी के साथ तुम्हें भी उड़ा देंगे।
अधिवक्ताओं में भारी रोष और सुरक्षा की मांग
जैसे ही इस धमकी की जानकारी वाराणसी बार एसोसिएशन और अन्य अधिवक्ता संगठनों को हुई, उनमें भारी आक्रोश फैल गया। वकीलों का कहना है कि न्याय के मंदिर में अपनी ड्यूटी निभाने वाले अधिवक्ताओं को इस तरह की धमकियां देना न्यायपालिका पर हमला है। अधिवक्ताओं ने धमकी देने वाले की तत्काल गिरफ्तारी के साथ-साथ वकील को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच, सर्विलांस पर नंबर
मामले की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जिस नंबर से कॉल आई थी, उसे सर्विलांस पर लगा दिया गया है। साइबर सेल की मदद से कॉल की लोकेशन और आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या इस धमकी का संबंध शंकराचार्य से जुड़े किसी विशेष विवादित मुकदमे से है या यह शहर की शांति भंग करने की कोई बड़ी साजिश का हिस्सा है।
शंकराचार्य और प्रशासन के बीच बढ़ता तनाव
हाल के दिनों में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और पुलिस-प्रशासन के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर तनातनी बनी हुई है। प्रयागराज में शंकराचार्य के खिलाफ पॉक्सो में केस दर्ज होने के बाद से शंकराचार्य सुर्खियां बने हुए हैं। आशुतोष महाराज ने शंकराचार्य पर दो नाबालिगों का यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। माघ मेले में प्रशासन से शंकराचार्य के विवाद के बाद यह मामला होने की बात कही जा रही है। इसी को लेकर शंकराचार्य पुलिस प्रशासन और यूपी की योगी सरकार पर हमलावर भी हैं। शंकराचार्य के समर्थकों का कहना है कि यह कानूनी रूप से कमजोर करने और उनके सहयोगियों को डराने का एक सुनियोजित प्रयास है।




साइन इन