SDM who did sit-ups in front lawyers was reprimanded removed just day after taking charge वकीलों के सामने उठक-बैठक लगाने वाले IAS पर गिरी गाज, 36 घंटे बाद ही एसडीएम का तबादला, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

वकीलों के सामने उठक-बैठक लगाने वाले IAS पर गिरी गाज, 36 घंटे बाद ही एसडीएम का तबादला

शाहजहांपुर जिले में वकीलों के विरोध के बाद उनके सामने उठक-बैठक लगाने वाले एसडीएम पर गाज गिर गई। एसडीएम रिंकू सिंह राही का उठक-बैठक लगाने वाला वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो बात उच्चाधिकारियों तक पहुंच गई।

Wed, 30 July 2025 08:03 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ। शाहजहांपुर
share
वकीलों के सामने उठक-बैठक लगाने वाले IAS पर गिरी गाज, 36 घंटे बाद ही एसडीएम का तबादला

यूपी के शाहजहांपुर जिले में वकीलों के विरोध के बाद उनके सामने उठक-बैठक लगाने वाले आईएएस पर 36 घंटे में ही गाज गिर गई। यूपी सरकार ने शाहजहांपुर के पुवायां तहसील में वकीलों के सामने उठक बैठक लगाने वाले आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही को हटा दिया है। उन्हें राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया गया है। यूपी सरकार ने आईएएस रिंकू सिंह राही को 24 जुलाई को शाहजहांपुर में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनाती थी। उन्होंने शाहजहांपुर के पुवायां तहसील में एसडीएम के पद पर तैनाती दी गई थी। आईएएस सेवा में आने के बाद यह उनकी किसी जिले में पहली तैनाती थी। रिंकू सिंह ने मंगलवार को अधिवक्ताओं के सामने पांच बार उठक-बैठक लगाई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उन्होंने तहसील परिसर के गंदे शौचालयों के लिए खुद को दोषी ठहराया और अपने को सजा भी दी। इससे पहले एक अधिवक्ता ने पीछे से उनका हाथ पकड़ कर रोकने की कोशिश की तो उसे झिड़क दिया। अधिवक्ता कहते रहे... रहने दीजिए, रहने दीजिए, मगर वह नहीं माने। तहसील परिसर में धरने पर बैठे अधिवक्ताओं के पास जब एसडीएम गए तो उन्होंने कहा कि नारेबाजी की आवाज उनके चैंबर में नहीं आनी चाहिए।

ये है पूरा मामला

एसडीएम राही मंगलवार को चार्ज लेने के बाद तहसील परिसर का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने चार लोगों को खुले में पेशाब करते देख लिया। मौके पर ही चारों को उठक-बैठक लगाने का निर्देश दे दिया। जब पता चला कि उनमें एक व्यक्ति अधिवक्ता का मुंशी है, तो वकील आगबबूला हो उठे। धरना स्थल पर बैठे वकीलों ने इसे अपमानजनक करार देते हुए विरोध तेज कर दिया। माहौल बिगड़ता देख एसडीएम खुद धरना स्थल पहुंचे और कहा कि खुले में पेशाब करना गलत है, चाहे कोई भी हो।

इस पर वकीलों ने तंज कसते हुए कहा कि एसडीएम साहब भी उठक-बैठक लगाएं। इस पर एसडीएम ने पूछा कि तहसील का सबसे बड़ा अधिकारी कौन है, जवाब मिला—आप। फिर क्या था, एसडीएम ने खुद कान पकड़कर उठक-बैठक शुरू कर दी। उन्हें रोकने की कोशिश एक मुंशी ने की तो एसडीएम ने सख्त लहजे में चेतावनी दी। इसके बाद उन्होंने दोबारा उठक-बैठक लगाई। यह देख बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने उन्हें रोका और माहौल शांत करने का प्रयास किया। विवाद बढ़ता देख एडीएम मौके पर पहुंचे और वकीलों से धरना समाप्त करने की अपील की।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एसडीएम का उठक-बैठक वाला वीडियो

पुवायां तहसील में नवागत एसडीएम रिंकू सिंह राही का वकीलों के सामने कान पकड़कर उठक-बैठक करने का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे। कई लोगों ने इसे प्रशासन की विनम्रता बताया तो कुछ ने अफसरों की बेबसी पर तंज कसा। खासकर वकीलों के विरोध के आगे प्रशासन के झुकने को लेकर मीम्स और कटाक्ष सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर देखने को मिल रहे हैं। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या अब प्रशासनिक अनुशासन इसी तरह चलेगा? वहीं कुछ ने एसडीएम की ईमानदारी और निष्पक्षता की सराहना भी की। कुल मिलाकर पुवायां तहसील का यह घटनाक्रम अब इंटरनेट पर भी चर्चा का विषय बन गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।