पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह पर हमले की कोशिश, गाड़ी में तोड़फोड़ और गनर से राइफल छीनने का प्रयास
बिजनौर में कारोबारी तालिब बंधुओं और पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह के बीच बुधवार को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से हाथापाई होने लगी।

Bijnor News: बिजनौर के चांदपुर चुंगी स्थित आरा मशीन पर बुधवार शाम कारोबारी तालिब बंधुओं और पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह व उनके समर्थकों के बीच विवाद के बाद हंगामा हो गया। बताया जाता है कि सील आरा मशीन चलने की शिकायत पर पूर्व सांसद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वहां गए थे। आरोप है कि पूर्व सांसद के गनर की कार्बाइन छीनने का भी प्रयास किया गया, गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। एक भाई पूर्व सांसद की गाड़ी के आगे लेट गया। देररात पूर्व सांसद के समर्थक तुषार की ओर से जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। दूसरी ओर तालिब बंधुओं ने एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की चेतावनी दी है। अपने ऊपर पूर्व सांसद के समर्थकों द्वारा जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए तीनों भाई थाने पहुंच गए जहां पुलिस ने तीनों भइयों को गिरफ्तार कर लिया।
रोबिन प्रकरण के बाद चर्चाओं में आए कारोबारी तालिब बंधुओं की शहर कोतवाली के चांदपुर चुंगी पर नेशनल टिम्बर के नाम से आरा मशीन है। कुछ दिन पूर्व प्रशासन ने आरा मशीनों को सील कर दिया था। आरोप है कि आरा मशीन बीच-बीच में चलाई जा रही थी, जिसकी शिकायत प्रशासन से की गई। बुधवार को भी आरा मशीन चल रही थी, जिसकी शिकायत पर पूर्व सांसद भारतेन्द्र सिंह अपने समर्थकों व एडीएम न्यायिक शरद कुमार पाल व अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नितिन कुमार व वन विभाग के दरोगा हेमेन्द्र सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और आरा मशीन के कागजों की जांच की गई। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
आरोप है कि तालिब व उसके समर्थकों ने गाड़ी में बैठे पूर्व सांसद पर हमले का प्रयास किया। इतना ही नहीं आरोप है कि तालिब के भाई खालिद ने पूर्व सांसद के गनर की कार्बाइन छीनने का प्रयास किया और गाड़ी में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। घटना के दौरान तालिब का भाई आबिद विरोध जताते हुए पूर्व सांसद की गाड़ी के आगे लेट गया और प्रशासन पर एक तरफा कार्रवाई का आरोप लगाने लगा। मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई, किसी प्रकार पुलिस की मदद से आबिद को उठाकर अलग किया गया और पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
तालिब बंधुओं ने लगाए गंभीर आरोप
कारोबारी तालिब बंधुओं ने आरोप लगाया है कि पूर्व सांसद और उनके समर्थकों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया तथा उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की। वहीं, पूर्व सांसद समर्थकों का कहना है कि कारोबारी पक्ष ने ही पहले हमला किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। घटना के बाद कारोबारी बंधु तालिब, खालिद व आबिद अपने समर्थकों के साथ शहर कोतवाली पहुंचे और पूर्व सांसद पर गंभीर आरोप लगाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह व सीओ सिटी संग्राम सिंह ने मौके पर पहुंचकर कारोबारी तालिब बंधुओं से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पूरे घटनाक्रम की एक वीडियो भी वायरल हो रही है जिसमें व्यापारी बार-बार कह रहा है मुझे गोली मार दो। हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पूर्व सांसद के करीबी तुषार मलिक ने दी तहरीर
शहर कोतवाल के मोहल्ला भाटान निवासी तुषार मलिक ने शहर कोतवाल में तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि वह खालिद पुत्र ताहिर आदि के खिलाफ हत्या के प्रयास के मुकदमे में गवाह है। जिसमें खालिद व उसके भाई आबिद वगैरह अपने पक्ष में बयान हल्फी देने एवं फैसला करने के लिए दबाव बना रहे हैं। एक अप्रैल को वह खालिद के फैसले के लिए बुलाने पर सुधांशु व नरेन्द्र के साथ उनकी आरा मशीन चांदपुर रोड पर पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा। तीनों को वह लोग आरा मशीन में ले गए और फैसला का दबाव बनाने लगे। सील आरा मशीन चलने की बात कहने पर तालिब व आबिद कहने लगे तीनों को गोली मार दो। खालिद ने तमंचा निकालकर हम पर गोली चलाई, जिससे हम बाल-बाल बचे। हमने आरा मशीन से बाहर भाग कर जान बचाई। तभी अधिकारियों व पूर्व सांसद की गाड़ी आ गई।
अफसरों को देखकर गिड़गिड़ाने लगे तालिब बंधु
अधिकारियों को देखकर तालिब बंधु गिड़गिड़ाने लगे। कुछ देर बाद खालिद व तालिब बंधुओं ने उसे और पूर्व सांसद को गालियां दीं और गार्ड से कारबाईन छीनने लगे। आरोपियों ने भीड़ बुलाकर बलवा व हत्या कराने का प्रयास किया। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में डीएम बिजनौर ने जसजीत कौर ने बताया, आरा मशीन सील होने के बाद भी चल रही थी, शिकायत पर एडीएम न्यायिक जांच करने पहुंचे। वहां पूर्व सांसद भी समर्थकों के साथ पहुंच गए। इसी बीच दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद धक्का मुक्की होने की सूचना है। दोनों पक्षों से पूछताछ और एफआईआर व जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर बंद आरा मशीन चल रही थी तो वन विभाग के संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन