Scooty riders abducted girl at knifepoint then ran away after running out petrol police arrest स्कूटी सवारों ने चाकू लगाकर किया लड़की का अपहरण, रास्ते में पेट्रोल खत्म हुआ तो छोड़कर भागे, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

स्कूटी सवारों ने चाकू लगाकर किया लड़की का अपहरण, रास्ते में पेट्रोल खत्म हुआ तो छोड़कर भागे

लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में शनिवार सुबह स्कूटी सवार दो बदमाशों ने 14 वर्षीय किशोरी को बीच में बैठा लिया। मुंह दबा दिया। चाकू लगाकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।

Mon, 27 Oct 2025 05:47 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
स्कूटी सवारों ने चाकू लगाकर किया लड़की का अपहरण, रास्ते में पेट्रोल खत्म हुआ तो छोड़कर भागे

राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में शनिवार सुबह स्कूटी सवार दो बदमाशों ने 14 वर्षीय किशोरी को बीच में बैठा लिया। मुंह दबा दिया। चाकू लगाकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। अपहरण कर फैजाबाद ले गए। वहां स्कूटी का पेट्रोल खत्म होने पर किशोरी को नीचे उतारा तो उसने चिल्ला दिया। इसके बाद दोनों छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ कर रही है।

इंस्पेक्टर गोमतीनगर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक किशोरी की बुआ ने बताया कि वह क्षेत्र में रहती हैं। उनकी 14 वर्षीय भतीजी गोमतीनगर विस्तार स्थित एक मार्केट की दुकान में काम करती है। शनिवार सुबह भतीजी काम पर जाने के लिए निकली थी। रास्ते में उसे गांव के भूरिया और पटरा मिले। दोनों ने उसे रोका और मुंह दबाकर खींच लिया। स्कूटी पर बीच में बैठा लिया। चाकू लगा दी, शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। भतीजी को लेकर फैजाबाद चले गए। वहां एक ढाबे के पास स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया। दोनों ने उसे नीचे उतारा। मौका पाते ही भतीजी ने शोर मचा दिया।

दोनों आरोपी भाग निकले। वह डरी हुई थी भागकर ढाबे पर पहुंची। वहां एक अजबनी की मदद से परिवारीजनों को फोन कर सूचना दी। इसके बाद परिवारीजनों ने गोमतीनगर पुलिस को बताया। पुलिस ने भतीजी को बरामद कर लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। दोनों किशोरी के परिवार के भली भांति परिचित हैं। आरोपियों के खिलाफ तहरीर के आधार पर अपहरण, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।