जिले के कई पेट्रोल पंप रहे ड्राई पसरा रहा सन्नाटा
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में पेट्रोल पंपों पर डीजल पेट्रोल का संकट
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में पेट्रोल पंपों पर डीजल पेट्रोल का संकट दूर होने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिदिन पंपों के ड्राई रहने से लोगों को दुश्वारियां उठानी पड़ रही हैं। जिले में दर्जन भर से अधिक पंप ड्राई रहे। लोगों को अपने वाहनों में ईंधन भराने के लिए कई पंपों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। तेल भराने के लिए लोग ग्रामीण क्षेत्र से चलकर शहर का चक्कर लगा रहे हैं।
बघौली क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल संकट
बघौली क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। तिघरा, जंगल कला, बनकटिया व बड़गो स्थित पेट्रोल पम्पों पर ईंधन खत्म होने से पम्प पूरी तरह ड्राई रहे। पेट्रोल और डीजल नहीं मिलने से वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही पम्पों पर वाहन चालकों की भीड़ लगी रही, लेकिन ईंधन उपलब्ध न होने के कारण लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी शादी-विवाह, खेती-किसानी और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को हो रही है। कई बाइक सवार पेट्रोल की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत बनी हुई है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ईंधन संकट के चलते बाजार और परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ने लगा है।
मेंहदावल क्षेत्र में तेल आपूर्ति ठप
तेल आपूर्ति ठप, मेंहदावल में भारत पेट्रोलियम का पंप दो दिन से ड्राई
मेंहदावल क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति व्यवस्था लगातार प्रभावित होने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ती जा रही है। बाईपास मार्ग स्थित भारत पेट्रोलियम का पेट्रोल पंप लगातार दूसरे दिन भी ड्राई रहा। डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति न होने से ग्राहक तेल भराने पहुंचे, लेकिन निराश होकर दूसरे पंपों का रुख करना पड़ा। वहीं रोडवेज स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर दोपहर बाद तेल पहुंचा तब स्थिति कुछ संभल सकी। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से इस पंप पर पेट्रोल और डीजल की किल्लत बनी हुई है। इससे पंप संचालक से लेकर कर्मचारी तक परेशान हैं। क्षेत्र में भारत पेट्रोलियम के पंपों पर पिछले दो माह से समय-समय पर तेल आपूर्ति बाधित होने की समस्या सामने आती रही है। कई बार समय पर सप्लाई न मिलने से पंप पूरी तरह ड्राई हो चुके हैं। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि कंपनी को एडवांस भुगतान और डिमांड भेजने के बावजूद समय से डीजल और पेट्रोल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इसका असर सीधे ग्राहकों और पंप कारोबार पर पड़ रहा है। बार-बार पंप ड्राई होने से वाहन चालकों में नाराजगी बढ़ रही है।
नाथनगर ब्लाक में किल्लत बरकरार
पेट्रोल और डीजल की किल्लत बरकरार
नाथनगर ब्लाक क्षेत्र में इन दिनों डीजल और पेट्रोल की किल्लत बनी हुई है। हरिहरपुर और महुली के पेट्रोल पंप तो ड्राई हो चुके हैं। पंप पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जबकि नाथनगर में केवल पेट्रोल की बिक्री हो रही है और वहां वाहनों की लंबी लाइन लगी हुई है। डीजल न होने से अधिकांश सवारी वाहन भी खड़े हो गए हैं। लोग वाहनों का कम इस्तेमाल कर रहे हैं। इस समय लोग पेट्रोल और डीजल की किल्लत से काफी दिक्कत झेलने को मजबूर है। शादी विवाह के इस मौसम में पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कुछ लोग तो एडवांस तैयारी में जुट गए हैं।
पौली क्षेत्र में समस्या जारी
पौली क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल की समस्या लगातार बनी हुई है। क्षेत्र के दोनों पेट्रोल पम्पों पर ईंधन खत्म होने से पेट्रोल पम्प पर तेल लेने के लिए दिन भर लोगों का आना-जाना लगा रहा। पेट्रोल की तलाश में लोग भटकते रहे। पेट्रोल पम्प कर्मचारियों ने बताया कि डिपो से सप्लाई समय पर न होने से संकट गहरा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी मालवाहक वाहन चालकों को हो रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। जिससे लोगों को राहत मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन