यूपी बोर्ड: परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में साइबर कैफे बंद रहेंगे
Saharanpur News - जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में साइबर कैफे और फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा कराना है।

जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में स्थित साइबर कैफे और फोटोस्टेट की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। आदेश का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा इस वर्ष जिले में कुल 88 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 66 हजार छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाओं के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या अव्यवस्था रोकने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और उड़न दस्तों की तैनाती की जाएगी, जो लगातार निगरानी करेंगे।
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने दी जाए। किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति या संचालक आदेश के बावजूद साइबर कैफे या फोटोस्टेट मशीन संचालित करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्जन- बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सभी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में साइबर कैफे व फोटोस्टेट दुकानें बंद रहेंगी और उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। -डॉ एके पाठक, डीआईओएएस
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन