Red alert issued for cold day and dense fog in UP people shiver due to drizzle in this district no relief expected यूपी में कोल्ड डे और घने कोहरे का रेड अलर्ट, इस जिले में बूंदाबांदी से कांपे लोग, राहत के आसार नहीं, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में कोल्ड डे और घने कोहरे का रेड अलर्ट, इस जिले में बूंदाबांदी से कांपे लोग, राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश में कोल्ड डे और अत्यंत घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ 5.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं, पूर्वी यूपी में बूंदाबांदी हुई है।

Sun, 28 Dec 2025 01:26 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी में कोल्ड डे और घने कोहरे का रेड अलर्ट, इस जिले में बूंदाबांदी से कांपे लोग, राहत के आसार नहीं

पूरे यूपी में इस समय शीतलहर का प्रकोप चल रहा है। ठंड से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश में कोल्ड डे और अत्यंत घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच पूर्वी यूपी के बलिया में बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज एकदम से बदल दिया है। ठंड और गलन बढ़ गई है। शीतलहर से लोग कांपते दिखाई दिए। रात से ही आसमान में बादल छाए रहे। बेमौसम बरसात से तिलहनी और दलहनी की खेती किये किसानों की चिंताएं बढ़नी शुरू हो गयी है। सड़कों पर मौजूद लोग जगह-जगह अलाव का सहारा लेते नजर आये। घरों में भी रजाई और कंबल लोगों का सहारा बने।

वैसे तो पिछले कई दिनों से ठंड ने जोर पकड़ा हुआ है। शनिवार को पूरे दिन धूप नहीं निकली। थोड़ी-बहुत निकली भी तो वह असरदार नहीं रही। इसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सुबह कोहरा भी छाया रहा। धूप नहीं निकलने से ठंडी का असर अपेक्षाकृत अधिक रहा। इसी बीच, रात में बूंदाबांदी से तापमान में भी गिरावट हो गयी। रविवार को अधिकतम तापमान 17 व न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। एक दिन पहले शनिवार को तापमान अधिकतम 20 व न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहा। कृषि विज्ञान केंद्र सोहांव के वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में हो रहे मौसम से फसलों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। यदि बारिश थोड़ी अधिक भी होगी तो तिलहनी, दलहनी के साथ गेहूं की फसल को संजीवनी मिल जायेगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शिमला-कुल्लू से ज्यादा बनारस में गिरा दिन का तापमान, सर्द हवा से कांपा पूर्वांचल

अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश में कोल्ड डे और अत्यंत घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ 5.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में सूरज न निकलने के कारण दिन में गलन बरकरार है। शनिवार को घने कोहरे के कारण हुए हादसों में 4 की जान चली गई। बुलंदशहर, बागपत, बिजनौर और संभल में हुए हादसों में चार की मौत हो गई जबकि नौ घायल हैं।

बुलंदशहर में हाईवे पर तीन वाहन टकरा गए जिसमें एक की मौत हो गई और चार घायल हो गए। बागपत में गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से किसान की मौत हो गई। बिजनौर के हल्दौर क्षेत्र में शनिवार सुबह कोहरे में पटरी पार कर रहा युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। संभल में घने कोहरे के कारण ट्रक से भिड़ंत में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के बड़े हिस्से में घना कोहरा छाये रहने की चेतावनी जारी की है। इनमें देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोण्डा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में दृश्यता शून्य के करीब रह सकती है। इनके अलावा लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बाराबंकी, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, आगरा, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, औरैया, इटावा, मैनपुरी, कन्नौज और फर्रुखाबाद सहित आसपास के इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट है।

दिन में ठिठुरन से सुलतानपुर और बहराइच बेहाल

पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक नीचे गिर गया है, जिससे वहां अति शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है। सुल्तानपुर में दिन का अधिकतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.1 डिग्री कम है। बहराइच में 14.2 डिग्री सेल्सियस और गोरखपुर में 14.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा, जिससे दिन भर लोग ठिठुरते रहे। कानपुर और हरदोई में भी पारा 14.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास सिमटा रहा।

रात का पारा: मेरठ और इटावा में जमने वाली ठंड

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की है। प्रदेश के अधिसंख्य शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। शनिवार को मेरठ में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इटावा में 6.4, बाराबंकी में 6.8, प्रयागराज में 7.0, वाराणसी एयरपोर्ट में 7.2, सुलतानपुर में 7.2, आगरा और फुरसतगंज में 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सोनभद्र में भी तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। तेज पछुआ हवा के चलते बढ़ी गलन से पूरा पूर्वांचल कांप उठा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।