दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी बस बोलेरो से टकराई, एक की मौत
Rampur News - दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर बस एक बोलेरो से टकरा गई। हादसे में बोलेरो चालक की मौत हो गई और 19 लोग घायल हुए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 14 को छुट्टी मिल गई। हादसा रामपुर में हुआ, जहां बस तीर्थ यात्रा पर जा रही थी।

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार रात श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर बस हाईवे पर खड़ी बोलेरो से जा टकराई। बस कानपुर से चारधाम यात्रा के लिए जा रही थी। हादसे में बोलेरो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस सवार यात्रियों समेत 19 लोग घायल हो गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें से 14 बस यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि चार बस यात्री समेत पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। कानपुर के करीब 17 श्रद्धालु ट्रैवलर बस में सवार होकर तीर्थ यात्रा पर निकले थे। इनका पहला पड़ाव हरिद्वार था। रामपुर में सिविल लाइंस थाना से गुजरते समय बस अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे पर खड़ी एक बोलेरो से पीछे से जा भिड़ी। हादसे में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और चालक छोटे (निवासी गंगापुर सराय माजरा, मिलक) की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो में मौजूद उस्मान भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने साहस दिखाते हुए बस और बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायलों में कानपुर के बसंतनगर निवासी अशोक कुमार गुप्ता, कन्नौज के अनूप शाह, उनकी पत्नी नीतू शाह और बस चालक सौरभ शामिल हैं। सिविल लाइंस थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।
14 श्रद्धालुओं को आईं मामूली चोटें
बस में सवार अन्य श्रद्धालु कमल गुप्ता, राधारमण, आरती, पलक, महेश चंद्र, संदीप, उत्कर्ष, प्रीति सहित कुल 14 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल उस्मान को उसके परिजन निजी अस्पताल लेकर चले गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन