चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की भक्ति में सराबोर हुआ शहर,मंदिरो में गूंजे जयकारे
Rampur News - चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने मां चंद्रघंटा की पूजा की। भक्तों ने सुबह से ही मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की और सुख-शांति की कामना की। कई मंदिरों में भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं की भीड़ ने नवरात्र के उत्सव को भक्ति से भर दिया।

चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन मंदिरों में पूरे श्रद्धा भाव और उल्लास के साथ मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे और विधि-विधान के साथ माता की आराधना कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। कई मंदिरों में नवरात्र को लेकर जागरण और भजन संध्या का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें भक्तों की खासा भीड़ दिखाई दे रही है। मंदिरों में सुबह तड़के ही घंटे घड़ियालों के बजने की आवाज शुरू हो जाती है। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ दिखाई दे रही है। शनिवार को मां चंद्रघंटा को सबसे प्रिय केसर और साबुतदाने की खीर का भोग लगाया गया।
भक्तों ने विधि विधान से मां चंद्रघंटा की पूजा की और उसके बाद जाप किया। भक्त भोर में ही मंदिरों की तरफ जाते दिखे। मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतार देखने को मिली। दिनभर मंदिरों में भक्ति का माहौल बना रहा। विशेष रूप से महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मां के भजन-कीर्तन व गुणगान से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कई मंदिरों में भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालु देर तक भक्ति में लीन रहे। सभी जगह नवरात्र की धूम दिखाई दे रही है। शहर के पुराना गंज स्थित माई का थान मंदिर, मिस्टन गंज स्थित शक्ति दरबार, चाह सोतियान स्थित महा लक्ष्मी मंदिर, श्याम कॉलोनी स्थित श्री श्याम मंदिर, कृष्णा विहार स्थित श्री कृष्णा मंदिर , आवास विकास, सिविल लाइंस, राजद्वारा, ज्वाला नगर, आगापुर और कोसी मंदिर इलाके में स्थित मंदिरों में भक्तों की खासी भीड़ देखने को मिली। भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर माता के दर्शन किए और नारियल, फूल-माला अर्पित कर पूजा की। मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। मंदिर परिसरों में साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, ताकि दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नवरात्र के पावन अवसर पर पूरा शहर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ मां दुर्गा की उपासना में जुटे रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन