फायरिंग मामले में सपा नेता सुरेंद्र सागर के बेटे व भतीजे की जमानत मंजूर
Rampur News - रामपुर में सपा नेता सुरेंद्र सागर के बेटे और भतीजे को इंडियन ऑयल कंपनी की कार पर फायरिंग के मामले में सेशन कोर्ट से जमानत मिल गई है। 15 जनवरी को एक कार में गोलियों के निशान मिले थे। आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई थी और उन्हें गिरफ्तार किया गया था।

रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में इंडियन ऑयल कंपनी के आरएम सेल्स की कार पर फायरिंग के आरोपी सपा नेता एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री सुरेंद्र सागर के बेटे और भतीजे की जमानत अर्जी सेशन कोर्ट से मंजूर हो गई है। अदालत से दोनों की रिहाई के परवाने जारी हो गए हैं। मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले इंडियन ऑयल के आरएम सेल्स अनिल कुमार रामपुर में तैनात हैं। वे यहां गंगापुर आवास विकास कॉलोनी में जगवीर सिंह के मकान में किराये पर रहते हैं। 15 जनवरी की सुबह उन्होंने अपनी कार में गोलियों के तीन निशान देखे। एक गोली शीशे में, एक बोनट में और एक साइड में लगी थी।
कार के पास खाली कारतूस भी मिले थे। घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। उनकी तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन की। रविवार को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने आदर्श कॉलोनी निवासी सपा नेता सुरेंद्र सागर के बेटे हिमांशु सागर और उसके चचेरे भाई नितिन सागर निवासी दीप सिंह नगर को गिरफ्तार किया था। इनसे घटना का खुलासा कर जेल भेज दिया था। इस मामले में उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से सेशन कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की थी, जिस पर सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों की जमानत मंजूर कर ली है। जमानती दाखिल करने के बाद रिहाई परवाने जारी कर दिए गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन