पूर्वांचल का कुख्यात बदमाश भानु प्रताप सिंह एनकाउंटर में ढेर, एके-47 भी बरामद
अयोध्या में एसटीएफ ने पूर्वांचल के शातिर बदमाश भानु प्रताप सिंह को एनकाउंटर में मार गिराया है। भानु पर दो लाख रुपए का इनाम घोषित था। एनकाउंटर में एसटीएफ के प्रभारी और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए हैं।

पूर्वांचल के कुख्यात बदमाश भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू को एनकाउंटर में मार गिराया गया है। अयोध्या में प्रयागराज एसटीएफ की यूनिट के साथ मुठभेड़ में हुई। भानु प्रताप पर अलग-अलग जिलों में दो लाख का इनाम घोषित था। उसके ऊपर 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। एनकाउंटर में एसटीएफ प्रयागराज यूनिट के प्रभारी जेपी राय और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया है। अहमदपुर घाट तिराहे के पास महाराजगंज थाना क्षेत्र के पास मुठभेड़ हुई। शातिर के पास से पिस्टल के साथ ही एसटीएफ ने एके-47 राइफल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार भानु प्रताप सिंह गोरखपुर के बेलाघाट थाना क्षेत्र के बिखनीपुर का रहने वाला था। प्रयागराज एसटीएफ को भानू के बारे में सूचना मिली तो उसकी घेरेबंदी की गई। घेरेबंदी देख शातिर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। एसटीएफ की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से इनामी बदमाश घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भानु पर आजमगढ़ पुलिस ने 1 लाख, अंबेडकरनगर पुलिस ने 50 हजार, गोरखपुर पुलिस ने 25 हजार और बस्ती पुलिस ने 15 हजार का इनाम घोषित किया था।
मुरादाबाद का वांटेड 50 हजार का इनामी गोतस्कर दिल्ली से गिरफ्तार
उधर, मुरादाबाद के मैनाठेर थाने में दर्ज गोकशी के मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी अशफाक उर्फ भूरा उर्फ नाजिम को बरेली एसटीएफ की टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जनवरी 2026 में गोकशी करके कार में गोमांस लादकर दिल्ली की ओर जा रहा था। बाद में पुलिस को देख कर कार छोड़कर भाग गया था। उसकी गिरफ्तारी पर डीआईजी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शनिवार रात एसटीएफ बरेली की टीम ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी एसटीएफ बरेली अब्दुल कादिर ने बताया कि सूचना के आधार पर एसटीएफ बरेली के एसआई धूम सिंह के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मुरादाबाद के मैनाठेर थाने से वांछित चल रहा गोकशी इनामी आरोपी दिल्ली में मौजूद है। सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने शनिवार रात दिल्ली में दबिश देकर रात करीब साढ़े नौ बजे आउटर दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के चंद्र विहार से आरोपी अशफाक उर्फ भूरा उर्फ नाजिम को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी अशफक उर्फ भूरा पूर्वोत्तर दिल्ली के न्यू उस्मान नगर ब्रह्मपुरी गली नंबर 22 का रहने वाला है। एएसपी एसटीएफ के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके द्वारा ही ब्रेजा कार में गोवंशीय पशु का मांस भेजा जा रहा था, जिसे 14 जनवरी 2026 की रात मैनाठेर पुलिस ने पकड़ लिया था। जिसमें वह वांछित चल रहा था।
डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज जी की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि फरवरी 2026 में भी उसकी गोमांस से लदी एक गाड़ी पकाबड़ा थाना क्षेत्र में पकड़ी गई थी। उस मुकदमे में भी वह वांछित चल रहा था। एएसपी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर मैनाठेर थाने में दाखिल करा दिया गया है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मैनाठेर पुलिस ने रविवार को आरोपी आशफाक उर्फ भूरा उर्फ नाजिम को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
दिल्ली, गाजियाबाद से मुरादाबाद तक फैला था आरोपी का जाल
एसटीएफ बरेली यूनिट द्वारा गिरफ्तार मैनाठेर थाने का वांटेड गोकशी का आरोपी अशफाक उर्फ भूरा उर्फ नाजिम शातिर गोतस्कर है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि आरोपी अशफाक और भूरा के खिलाफ दिल्ली के सलीमपुर, दक्षिण प्रश्चिमी दिल्ली, गाजियाबाद के साहिबाबाद, दिल्ली के आउटर दिल्ली थाना, मुरादाबाद के मैनाठेर और पाकबड़ा थाने में गोकशी, जालसाजी, आर्म्स एक्ट आदि के 8 मुकदमें दर्ज है। आरोपी अलग-अलग क्षेत्र में गोकशी कराने के बाद चोरी की कारों से गोमांस की तस्करी करता है। उसने दिल्ली, गाजियाबाद से लेकर मुरादाबाद तक जाल फैला रखा था।




साइन इन